Home rss entertainment hindi मनोरंजन समाचार कहां हैं अली असगर? 9 साल पहले छोड़ा था ‘द कपिल शर्मा...

कहां हैं अली असगर? 9 साल पहले छोड़ा था ‘द कपिल शर्मा शो’, इंटरव्यू में कहा…

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

https://www.livehindustan.com/lh-img/smart/img/2026/10/21/1200x900/Comedic_TV_Duo_in_Vibrant_Costumes_1792563629631_L0Vf_1792563634938_RjHd_5cdf046f-27c0-4743-a364-c642e73928b0_B5c5.png

अली असगर ने बताया कि उन्होंने ‘द कपिल शर्मा शो’ क्यों छोड़ा था। उन्होंने कहा कि आज भी उन्हें दादी के किरदार की वजह से ही शोज मिलते हैं।

कॉमेडियन अली असगर को तो आप जानते ही होंगे। ‘द कपिल शर्मा शो’ में दादी का किरदार निभाकर उन्होंने घर-घर में पहचान बनाई थी। उनकी कॉमेडी और अंदाज को दर्शकों ने खूब पसंद किया। हालांकि, साल 2019 में उन्होंने शो छोड़ दिया और इसके बाद कभी वापसी नहीं की। ऐसे में फैंस के मन में आज भी सवाल है कि आखिर अली असगर ने इतना लोकप्रिय शो क्यों छोड़ा और इन दिनों वह क्या कर रहे हैं? अब अली ने खुद इस सवाल का जवाब दिया है।

क्यों छोड़ा था ‘द कपिल शर्मा शो’?

अली असगर ने हाल ही में मनीष पॉल को दिए इंटरव्यू में फैंस के सवालों के जवाब दिए। अली ने कहा, “जो लोग यह देख रहे हैं, वे शायद सोचें कि क्या यह पागल है? इसने शो क्यों छोड़ दिया? लेकिन उस समय ‘कॉमेडी सर्कस’ शनिवार और रविवार को आता था। दोनों ही दिन मुझे महिला का किरदार निभाना पड़ता था। इस वजह से मेरी एक ऐसी छवि बन गई थी। लेखकों के लिए भी यह आसान हो गया था। वे बार-बार मेरे लिए महिला किरदार ही लिखने लगे थे।”

हर बार महिला का किरदार निभाकर होने लगी थी परेशानी

अली असगर ने बताया कि ‘कॉमेडी सर्कस’ में उन्हें लगातार एक जैसे किरदार दिए जाते थे। अली ने बताया, “शनिवार को भी वही और रविवार को भी वही। कभी अस्पताल की नर्स, कभी सासू मां, कभी सब्जी वाली। राइटर्स के लिए भी बहुत आसान हो गया था कि दो पुरुष कॉमेडियन हैं, तो एक को महिला बना दो। मैं पूछता भी था कि भाई, क्या करवा रहे हो? जवाब मिलता था कि वही, जो आप करते हो।”

उन्होंने आगे कहा, “एक समय के बाद तकलीफ होने लगती है। आप अटक जाते हो। लगता है कि मुझे सिर्फ यही नहीं करना है, कुछ और भी करना है। मैं रोज दाल-चावल नहीं खाऊंगा। मुझे आज पूड़ी-भाजी भी चाहिए, भिंडी भी खानी है। कुछ और भी करना है। एक बार करके तो देखूं। करने तो दो। नहीं हुआ, तो फिर कहना।”

काम छोड़ने से डरते थे अली असगर

अली असगर ने यह भी स्वीकार किया कि उनके लिए काम छोड़ना आसान नहीं था। उन्होंने कहा, “मैं इसलिए भी यह काम करता रहा, क्योंकि मुझे काम की जरूरत थी। इसी से मेरी रोजी-रोटी चलती है। आपको इन सब बातों के बारे में सोचना पड़ता है। मैं हीरो तो हूं नहीं कि कह दूं कि मैं यही करूंगा। करवाना है तो करवाओ, वरना जाओ। यहां तो कह देंगे कि तू नहीं, तो कोई और सही। उस वक्त काम करते-करते उसी बहाव में आगे बढ़ते गए। पता ही नहीं चला।”

कपिल शर्मा के साथ किए थे कई खास एक्ट

अली असगर ने कपिल शर्मा के साथ अपने काम के दिनों को भी याद किया। उन्होंने बताया कि दोनों ने कई अवॉर्ड नाइट्स और बड़े आयोजनों में साथ परफॉर्म किया था। इनमें ‘मिस इंडिया’ और ‘मिस यूनिवर्स’ जैसे कार्यक्रम भी शामिल थे। उन्होंने ‘मिस घाटकोपर’ जैसे किरदार भी निभाए थे। अली ने कहा कि उन्होंने जो भी काम किया, पूरी ईमानदारी से किया। उन्हें अपने पुराने किरदारों से कोई शिकायत नहीं है। हालांकि, वह चाहते थे कि उन्हें दूसरे तरह के किरदार निभाने का मौका भी मिले।

आज भी उसी किरदार की वजह से मिल रहा है काम

अली असगर भले ही अब टेलीविजन पर दादी के किरदार में नजर नहीं आते, लेकिन इस किरदार ने उन्हें जो पहचान और दर्शकों का प्यार दिया, उसका फायदा उन्हें आज भी मिल रहा है। अली ने कहा, “मुझे उस काम से कोई शिकायत नहीं है। आज मैं टेलीविजन पर उस किरदार में नहीं दिखता, फिर भी कॉरपोरेट और लाइव शोज कर रहा हूं, तो उसी किरदार की वजह से। लोगों का इतना प्यार मिला है, इतनी स्वीकार्यता मिली है।”

SOURCE : LIVE HINDUSTAN