Home rss business hindi 92% उछला जोमैटो की पैरेंट कंपनी का मुनाफा, ब्लिंकिट के लिए भी...

92% उछला जोमैटो की पैरेंट कंपनी का मुनाफा, ब्लिंकिट के लिए भी बड़ा प्लान

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • जोमैटो और ब्लिंकिट की पैरेंट कंपनी इटर्नल ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही (Q2FY27) के नतीजे जारी कर दिए हैं
  • कंपनी का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 92 फीसदी बढ़कर 125 करोड़ रुपये हो गया

जोमैटो और ब्लिंकिट की पैरेंट कंपनी इटर्नल के मुनाफे में 92 पर्सेंट का बड़ा उछाल आया है। चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में कंपनी का मुनाफा लगभग दोगुना होकर 125 करोड़ रुपये रहा है। वित्त वर्ष 2025-26 की दूसरी (जुलाई-सितंबर) तिमाही में कंपनी का मुनाफा 65 करोड़ रुपये था। चालू वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में कंपनी का परिचालन राजस्व बढ़कर 24,138 करोड़ रुपये हो गया, जो एक साल पहले इसी अवधि में 13,590 करोड़ रुपये था। इस दौरान कंपनी का कुल खर्च भी बढ़कर 24,166 करोड़ रुपये हो गया, जबकि एक साल पहले यह 13,813 करोड़ रुपये था।

ब्लिंकिट का प्लान

इटर्नल ने क्विक कॉमर्स कारोबार ब्लिंकिट के विस्तार को लेकर बड़ी योजना बनाई है। कंपनी का लक्ष्य मार्च 2028 तक स्टोर नेटवर्क बढ़ाकर 5,000 आउटलेट करना है। कंपनी ने बताया कि सितंबर तिमाही के दौरान ब्लिंकिट ने 308 नए स्टोर जोड़े, जिससे उसके स्टोर की कुल संख्या बढ़कर 2,751 हो गई।

कंपनी को मार्च 2027 तक 3500 स्टोर का आंकड़ा पार करने की उम्मीद है। इटर्नल ने बताया कि जोमैटो के खाद्य वितरण कारोबार में नेट ऑर्डर वैल्यू(एनओवी) सालाना आधार पर 21.5 प्रतिशत बढ़कर 11,445 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी के मुताबिक, ब्लिंकिट का एडजस्टेड EBITDA मार्जिन लगातार छठी तिमाही में सुधरा और NOV के 0.9 फीसदी पर पहुंच गया। इस सेगमेंट ने 184 करोड़ रुपये का एडजस्टेड EBITDA प्रॉफिट दर्ज किया जबकि पिछले साल की समान तिमाही में 156 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था।

जोमैटो के फूड डिलीवरी कारोबार में भी ग्रोथ

इटर्नल के फूड डिलीवरी कारोबार जोमैटो का प्रदर्शन भी मजबूत रहा। इस सेगमेंट का नेट ऑर्डर वैल्यू सालाना आधार पर 21.5 फीसदी बढ़कर 11,445 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी ने बताया कि ग्रोथ में लगातार पांचवीं तिमाही में तेजी जारी रही।

इटर्नल के संस्थापक दीपिंदर गोयल ने कहा, ”हम इस समय कारोबार के प्रदर्शन से खुश हैं। हालांकि, हम किसी एक तिमाही के नतीजों को बहुत अधिक महत्व नहीं देने की कोशिश करते हैं। फूड डिलीवरी कारोबार में सालाना 20 प्रतिशत से अधिक वृद्धि की हमारी लॉन्ग टर्म अपेक्षा हमेशा से रही है और पिछली दो तिमाहियों में वृद्धि फिर इसी दायरे में आ गई है। पिछले साल जब वृद्धि धीमी हुई थी, तब भी हमारा यह नजरिया नहीं बदला था और अब वृद्धि तेज होने पर भी इसमें कोई बदलाव नहीं आया है।”

इटर्नल के शेयर की बात करें तो बुधवार को 2.71% टूटकर 311.75 रुपये पर बंद हुआ। अब शानदार तिमाही नतीजे के बाद गुरुवार को शेयर पर निवेशकों की नजर रहेगी।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN