Home rss business hindi दिल्ली में 1 लीटर पेट्रोल की कीमत ₹102.12 तो पोर्ट ब्लेयर में...

दिल्ली में 1 लीटर पेट्रोल की कीमत ₹102.12 तो पोर्ट ब्लेयर में 88.66 रुपये क्यों है?

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • Petrol Diesel Rates Today: दिल्ली और पोर्ट ब्लेयर में पेट्रोल रेट में अंतर 13.46 रुपये का है
  • दिल्ली की तुलना में मुंबई में पेट्रोल ₹9.09 प्रति लीटर और कोलकाता में ₹11.39 प्रति लीटर महंगा है
  • आंध्र प्रदेश के चित्तूर में  पेट्रोल 118.34 और डीजल 106.06 रुपये लीटर है
  • आइए समझें क्यों है दाम में अंतर?

Petrol Diesel Rates Today: कच्चे तेल की कीमतें लगातार उबल रही हैं। ब्रेंट क्रूड आज सुबह 6.20 बजे के करीब 108.82 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड कर रहा था। इस बीच भारत की सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने पेट्रोल-डीजल के रेट जारी कर दी हैं। आज पेट्रोल-डीजल न तो सस्ता हुआ है और न ही महंगा। हालांकि, देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतें शहर-दर-शहर अलग हैं।

दिल्ली में एक लीटर पेट्रोल की कीमत 102.12 रुपये लीटर है तो पोर्ट ब्लेयर में 88.66 रुपये। दोनों शहरों में पेट्रोल रेट में अंतर 13.46 रुपये का है। इसी तरह डीजल भी दिल्ली में 95.20 रुपये लीटर है, जबकि पोर्ट ब्लेयर में 1 लीटर डीजल की कीमत 84.56 रुपये है। दूसरी ओर सबसे महंगा पेट्रोल आंध्र प्रदेश के चित्तूर में 118.34 रुपये लीटर है। चित्तूर में डीजल भी 106.06 रुपये लीटर है।

मुंबई में पेट्रोल ₹111.21 और कोलकाता में ₹113.51 प्रति लीटर है। यानी दिल्ली की तुलना में मुंबई में पेट्रोल ₹9.09 प्रति लीटर और कोलकाता में ₹11.39 प्रति लीटर महंगा है। डीजल के मामले में भी दिल्ली और कोलकाता के बीच ₹4.62 प्रति लीटर का अंतर है।

कीमतों में अंतर की सबसे बड़ी वजह राज्य सरकारों का टैक्स

पेट्रोल और डीजल अभी वस्तु एवं सेवा कर (GST) के दायरे से बाहर हैं। इन पर केंद्र सरकार उत्पाद शुल्क लगाती है, जबकि राज्य सरकारें वैट (VAT) और अन्य शुल्क वसूलती हैं। राज्यों के टैक्स ढांचे में अंतर होने से पेट्रोल पंप पर ग्राहकों को अलग-अलग कीमत चुकानी पड़ती है।

अंडमान-निकोबार में सबसे कम टैक्स: पेट्रोलियम प्लानिंग एंड एनालिसिस सेल (PPAC) के लेटेस्ट आंकड़ों के मुताबिक, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में पेट्रोल और डीजल दोनों पर केवल 1% बिक्री कर लागू है। इसके मुकाबले दिल्ली में पेट्रोल पर 19.40% वैट और डीजल पर 16.75% वैट के साथ ₹250 प्रति किलोलीटर एयर एम्बिएंस शुल्क लगाया जाता है।

वहीं, आंध्र प्रदेश में पेट्रोल पर 31% वैट के अलावा ₹4 प्रति लीटर अतिरिक्त वैट और ₹1 प्रति लीटर रोड डेवलपमेंट सेस लागू है। डीजल पर राज्य में 22.25% वैट के साथ ₹4 प्रति लीटर अतिरिक्त वैट और ₹1 प्रति लीटर रोड डेवलपमेंट सेस भी वसूला जाता है।

दूसरी उत्तर प्रदेश में पेट्रोल पर वैट की दर 19.36 प्रतिशत या ₹14.85 प्रति लीटर, जो अधिक हो, है। वहीं, महाराष्ट्र में पेट्रोल पर 25 प्रतिशत वैट के साथ ₹5.12 प्रति लीटर अतिरिक्त टैक्स लागू है। दिल्ली में पेट्रोल पर वैट की दर 19.40 प्रतिशत है।

डीजल पर भी राज्यों की टैक्स दरें अलग हैं। उत्तर प्रदेश में डीजल पर वैट 17.08 प्रतिशत या ₹10.41 प्रति लीटर, जो अधिक हो, है, जबकि दिल्ली में 16.75 प्रतिशत वैट के साथ एयर एम्बिएंस शुल्क भी लागू है।

इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के टैक्स सिस्टम में बड़ा अंतर है, जो पेट्रोल-डीजल की रिटेल रेट को प्रभावित करता है।

कच्चे तेल और रुपये की कीमत का भी असर: भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा आयातित कच्चे तेल से पूरा करता है। इसलिए अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत और डॉलर के मुकाबले रुपये के एक्सचेंज रेट फ्यूल की लागत को प्रभावित करती है। इसके अलावा रिफाइनिंग, ट्रांसपोर्ट, मार्केटिंग और पेट्रोल पंप डीलर का कमीशन भी अंतिम कीमत में शामिल होता है।

हालांकि, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत बदलने का मतलब यह नहीं है कि हर शहर में पेट्रोल-डीजल के दाम तुरंत और समान अनुपात में बदलेंगे। तेल कंपनियों के रेट तय करने संबंधी फैसले और स्थानीय टैक्स भी अंतिम कीमत तय करने में अहम भूमिका निभाते हैं।

क्या एक ही राज्य के शहरों में भी भाव अलग हो सकते हैं?

हां। एक ही राज्य के दो शहरों में परिवहन खर्च, तेल डिपो से दूरी और स्थानीय परिस्थितियों के कारण कीमतों में अंतर हो सकता है। यहां तक कि एक ही शहर के अलग-अलग पेट्रोल पंपों पर भी मामूली अंतर संभव है।

इंडियन ऑयल के मुताबिक, पेट्रोल और डीजल के डेली रेट में संशोधन सामान्यतः सुबह 6 बजे से प्रभावी होता है। हालांकि, रोजाना समीक्षा होने का मतलब यह नहीं कि कीमत हर दिन बदलेगी।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN