Home LIFESTYLE NEWS HINDI करवा चौथ पर ऑनलाइन गिफ्ट खरीदते समय रहें सावधान, एक गलती से...

करवा चौथ पर ऑनलाइन गिफ्ट खरीदते समय रहें सावधान, एक गलती से खाली हो सकता है अकाउंट

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

करवा चौथ के पर्व पर पति अपनी पत्नियों को गिफ्ट देते हैं और आजकल सोशल मीडिया या अन्य शॉपिंग साइट्स पर कई सस्ते ऑफर्स दिखते हैं। सस्ते ऑफर्स के चक्कर में कई बार लोग साइबर ठगी का शिकार हो जाते हैं, चलिए बताते हैं इनसे कैसे बचें?

करवा चौथ का त्योहार अब ज्यादा दूर नहीं है और ऐसे में सिर्फ महिलाएं ही नहीं बल्कि पुरुष भी तैयारियां शुरू कर देते हैं। करवा चौथ के खास दिन पर ज्यादातर पति अपनी पत्नियों को गिफ्ट देते हैं और कुछ लोग तो व्रत भी करते हैं। आजकल किसी खास गिफ्ट को लेने के लिए बाजार नहीं भागना पड़ता है, घर बैठे सामान ऑर्डर करो और वह आ जाता है लेकिन इस आसान रास्ते पर कई मुश्किलें भी हैं, जिसमें लोग फंस जाते हैं। ऑनलाइन चीजों को खरीदना जितना आसान है, उतना ही आसान हो गया है किसी को ठग लेना। अक्सर हम सस्ते गिफ्ट ऑफर्स और सामान को देखकर खुश हो जाते हैं और उसे ऑर्डर कर लेते हैं लेकिन घर पर खाली डिब्बा पहुंचता है। साइबर ठग त्योहारों के दौरान फर्जी वेबसाइट, नकली डिस्काउंट और आकर्षक ऑफर्स के जरिए लोगों को निशाना बना सकते हैं। ऐसे में करवा चौथ पर ऑनलाइन गिफ्ट खरीदने से पहले कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है।

वेबसाइट की जांच करें

अगर ऑनलाइन या किसी साइट के जरिए आप किसी प्रोडक्ट को देखकर उसके लिंक पर क्लिक करते हैं, तो पहले उस वेबसाइट के बारे में जान लीजिए। कही वह नकली या फर्जी तो नहीं है। कई वेबसाइट ऐसी हैं, जो देखने में अच्छी लगती है और उनपर हम आसानी से भरोसा कर लेते हैं लेकिन वह ठग लेती हैं। किसी भी वेबसाइट पर खरीदारी करने से पहले उसका URL ध्यान से चेक करें। अनजान लिंक पर क्लिक करके खरीदारी करने या पेमेंट करने से बचें। वेबसाइट पर कंपनी की जानकारी, संपर्क विवरण, रिटर्न पॉलिसी और शिकायत दर्ज कराने का तरीका भी जरूर चेक करें।

सस्ते ऑफर के लालच में न करें जल्दबाजी

त्योहारों के दौरान कई वेबसाइट और सोशल मीडिया पेज गिफ्ट पर छूट वाले ऑफर्स दिखाते हैं। ऐसे में अक्सर लोग लालच में आकर फटाफट ऑर्डर करने लगते हैं लेकिन जल्दबाजी में की गई ये गलती आपके ऊपर भारी पड़ सकती हैं। सस्ते ऑफर्स के चक्कर में आप पेमेंट पहले कर देते हैं और फिर बाद में वह सामान डिलीवर नहीं होता या फिर गलत प्रोडक्ट आता है। खरीदारी से पहले उसी प्रोडक्ट की कीमत दूसरी भरोसेमंद वेबसाइट पर भी चेक करें। इसके अलावा, ग्राहक रिव्यू और रेटिंग पढ़ना न भूलें।

ऑनलाइन ज्वेलरी खरीदते समय ध्यान दें

अगर आप किसी साइट से ऑनलाइन ज्वेलरी खरीद रहे हैं, तो भी सावधान रहें। वैसे तो सोना-चांदी ऑनलाइन खरीदना सही नहीं होता लेकिन फिर भी आप अगर खरीदते हैं, तो पहले प्रोडक्ट की शुद्धता, वजन, मेकिंग चार्ज और अन्य लागू चार्ज की जानकारी चेक करें। इसके बाद ही ऑर्डर करें।

पेमेंट करते समय बरतें सावधानी

कोशिश करें कि सामान खरीदते समय आप कैश ऑन डिलीवरी वाला ऑप्शन चुनें। अगर आप ऑनलाइन पेमेंट करते हैं, तो बैंक खाते और यूपीआई से जुड़ी जरूरी जानकारी जैसे कार्ड का PIN, OTP या UPI PIN किसी के साथ शेयर ना करें। किसी के साथ भी अपना पिन और क्यूआर कोड शेयर ना करें।

ठगी होने पर तुरंत क्या करें?

अगर आप ऑनलाइन शॉपिंग करते समय किसी ठगी का शिकार हो जाते हैं, तो अपने बैंक या पेमेंट सर्विस प्रोवाइडर से संपर्क करें। इसके अलावा भारत के साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। आप राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर भी शिकायत कर सकते हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN