Home rss world hindi किसी का झगड़ा था और मारा गया भारतीय, सऊदी अरब में एयरपोर्ट...

किसी का झगड़ा था और मारा गया भारतीय, सऊदी अरब में एयरपोर्ट अटैक में मौत

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

सऊदी अरब स्थित किंग फहाद एयरपोर्ट पर बड़ा अटैक हुआ है, जिसमें एक भारतीय की मौत हो गई है। वहीं, 8 लोग घायल हुए हैं, जिसमें भी कुछ भारतीय, बांग्लादेशी और स्थानीय लोग शामिल हैं। फिलहाल, भारतीय दूतावास जानकारी जुटा रहा है।

दो पक्षों की जंग का खामियाजा एक बार फिर भारतीय ने चुकाया है। सऊदी अरब के किंग फहाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए एक हमले में 2 लोगों की मौत हो गई है, जिनमें एक भारतीय भी शामिल है। वहीं, घायलों में भी भारत के नागरिक हैं। फिलहाल, यह साफ नहीं हो सका है कि हमला किसने किया था। बीते दिनों ईरान समर्थित हूती समूहों ने सऊदी अरब को कई बार निशाना बनाया है।

गुरुवार को अधिकारियों ने जानकारी दी है कि सऊदी अरब के पूर्वी शहर दम्माम स्थित अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर हमला हुआ था। इसमें एक भारतीय समेत 2 लोगों की मौत हो गई है। जबकि, जान गंवाने वाला दूसरा सऊदी अरब का ही नागरिक था। वहीं, घायल होने वाले 8 लोगों में भारत, यमन और बांग्लादेशी नागरिक शामिल रहे हैं। फिलहाल, सभी का इलाज जारी है।

भारतीय दूतावास ने जताई चिंता

इस घटना के बाद रियाद में भारतीय दूतावास ने कहा है कि घटना के बारे में ज्यादा जानकारियां जुटाई जा रही हैं। साथ ही पीड़ित परिवारों से मुलाकात की कोशिशें जारी हैं। दूतावास की तरफ से बयान जारी किया गया है, ‘मृतक के परिवार के प्रति हमारी संवेदनाएं हैं और हम घायलों के जल्दी स्वस्थ होने की कामना करते हैं।’ फिलहाल, यह साफ नहीं हुआ है कि हमला किसने किया था।

शायबा तेल क्षेत्र पर हमला

शायबा तेल क्षेत्र पर ड्रोन हमले में एक भारतीय नागरिक घायल हो गया। यह घटना ऐसे समय हुई है, जब ईरान समर्थित यमन के हूती विद्रोहियों ने इस खाड़ी देश के अहम बुनियादी ढांचे पर हमले तेज कर दिए हैं। दूतावास ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘दूतावास को पता चला है कि शायबा तेल क्षेत्र पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक घायल हुआ है।’ दूतावास ने कहा कि वह घायल भारतीय नागरिक को हर जरूरी सहायता मुहैया कराएगा।

तेल क्षेत्र को निशाना बनाने की थी तैयारी

सऊदी अरब के ऊर्जा मंत्रालय के अनुसार, बुधवार सुबह हवाई रक्षा प्रणालियों ने एक ड्रोन को उस समय रोक दिया, जब वह सऊदी अरामको के शायबा तेल क्षेत्र की एक इकाई को निशाना बनाने की कोशिश कर रहा था। मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘शायबा तेल क्षेत्र को निशाना बनाने की कोशिश नाकाम कर दी गई। ड्रोन को रोके जाने के बाद उसके छर्रे गिरने से दो स्थानीय निवासियों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए।’

2 की हुई है मौत

मंत्रालय ने बताया कि घटना में दो स्थानीय निवासियों की मौत हुई, जिनमें एक फिलीपीन और एक नेपाली नागरिक था। वहीं, पाकिस्तान और भारत के एक-एक नागरिक घायल हुए। शायबा सऊदी अरब के दक्षिण-पूर्व में स्थित रुब-अल-खाली रेगिस्तान में एक प्रमुख तेल क्षेत्र है। यह संयुक्त अरब अमीरात की सीमा के पास स्थित है और सरकारी कंपनी सऊदी अरामको इसका संचालन करती है। यह तेल क्षेत्र सऊदी अरब के तेल उत्पादन से जुड़े अहम बुनियादी ढांचे का हिस्सा है।

तेज हुए हूती हमले

हालांकि, यह घटना हूती विद्रोहियों की ओर से ड्रोन और मिसाइल हमलों का नया दौर शुरू किए जाने के बीच हुई है। विद्रोहियों ने सऊदी अरब के खिलाफ अपनी शत्रुतापूर्ण गतिविधियां तेज कर दी हैं और हवाई अड्डों, ऊर्जा प्रतिष्ठानों तथा अन्य महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचों को निशाना बनाया है।

हूती विद्रोही यमन के उत्तरी हिस्से के बड़े क्षेत्र पर नियंत्रण रखते हैं। वे यमन की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार के साथ लंबे समय से संघर्ष में हैं। इस सरकार को सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन का समर्थन प्राप्त है।

(भाषा इनपुट के साथ)

SOURCE : LIVE HINDUSTAN