Home - 185Hz डिस्प्ले, 200MP कैमरा और 10000mAh बैटरी वाला OnePlus फोन जल्द हो...

185Hz डिस्प्ले, 200MP कैमरा और 10000mAh बैटरी वाला OnePlus फोन जल्द हो सकता है लॉन्च

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

वनप्लस के नए फोन में 185Hz डिस्प्ले, 200MP कैमरा और 10000mAh तक की बैटरी मिल सकती है। लीक के मुताबिक, फोन में नया क्वालकॉम प्रोसेसर और एक्सटर्नल कूलिंग फैन भी दिया जा सकता है।

टेक कंपनी वनप्लस एक नया परफॉर्मेंस-सेंट्रिक स्मार्टफोन OnePlus Turbo Pro नाम से लॉन्च कर सकती है। लीक के मुताबिक, इस फोन में 185Hz रिफ्रेश रेट वाली डिस्प्ले, 200 मेगापिक्सल का कैमरा और 10000mAh तक की बैटरी मिल सकती है। फोन में नया क्वालकॉम प्रोसेसर और गेमिंग के दौरान हीटिंग कम करने के लिए एक्सटर्नल कूलिंग फैन का सपोर्ट भी मिलने की उम्मीद है। हालांकि, कंपनी ने अभी इन फीचर्स की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

नए लीक के अनुसार, OnePlus Turbo Pro में 6.78 इंच की फ्लैट डिस्प्ले दी जा सकती है, जो 1.5K रेजोल्यूशन के साथ आएगी। इसका रिफ्रेश रेट 185Hz तक हो सकता है। इससे स्क्रॉलिंग और एनिमेशन स्मूद होने के साथ हाई-फ्रेम-रेट गेमिंग में बेहतर एक्सपीरियंस मिल सकता है। हालांकि, इसका पूरा फायदा उन गेम्स को खेलते वक्त ही मिलेगा, जो इस रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करते हैं।

नए क्वालकॉम प्रोसेसर से मिलेगी पावर

लेटेस्ट फोन में क्वालकॉम का SM8845 Pro चिपसेट दिया जा सकता है, जिसे संभावित Snapdragon 8 Gen 5 Pro के साथ ऐड किया जा रहा है। यह 3nm प्रोसेस पर बेस्ड बताया गया है। हालांकि, चिपसेट का आधिकारिक नाम और इसकी परफॉर्मेंस अभी स्पष्ट नहीं है। अगर यह जानकारी सही होती है, तो फोन हैवी गेमिंग और मल्टीटास्किंग के लिए दमदार ऑप्शन बन सकता है।

200MP कैमरा और बड़ी बैटरी क्षमता

कैमरा सेगमेंट की बात करें तो फोन में 200 मेगापिक्सल का प्राइमरी रियर कैमरा मिलने की चर्चा है। हालांकि, कैमरा सेंसर, OIS और दूसरे कैमरों की जानकारी अभी सामने नहीं आई है। सिर्फ ज्यादा मेगापिक्सल होने से बेहतर फोटो क्वालिटी की गारंटी नहीं मिलती।

बैटरी के मामले में फोन खास हो सकता है। लीक के मुताबिक, इसके इंजीनियरिंग सैंपल में 9000mAh से कम से कम 10000mAh तक की बैटरी क्षमता टेस्ट की जा रही है। हालांकि, फाइनल मॉडल में कितनी क्षमता की बैटरी मिलेगी, यह अभी साफ नहीं है। फोन के साथ एक्सटर्नल कूलिंग फैन एक्सेसरी भी दी जा सकती है, जो लंबे वक्त तक लगातार गेमिंग के दौरान तापमान कंट्रोल रखने में मदद करेगी।

कब लॉन्च होगा OnePlus Turbo Pro?

लीक में फोन को 2026 के आखिर तक लॉन्च किए जाने की संभावना जताई गई है। फिलहाल इसकी कीमत, रैम, स्टोरेज और भारत में उपलब्धता को लेकर जानकारी नहीं है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि फोन OnePlus Turbo Pro या किसी दूसरे नाम से लॉन्च होगा। इसलिए फिलहाल इन फीचर्स को संभावित लीक्स के तौर पर ही देखा जाना चाहिए और इंतजार करना होगा।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN