Home LIFESTYLE NEWS HINDI Agra Trip: सिर्फ 2 दिन में घूमें आगरा, ताजमहल के अलावा ये...

Agra Trip: सिर्फ 2 दिन में घूमें आगरा, ताजमहल के अलावा ये जगहें देखना बिल्कुल ना भूलें!

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

ताजमहल के अलावा भी आगरा में देखने के लिए बहुत कुछ है। अगर आप वीकेंड पर दो दिनों की ट्रिप प्लान कर रहे हैं, तो इन जगहों को देखना बिल्कुल ना भूलें। इस तरह से आप बजट में भी पूरी तरह एंजॉय कर सकते हैं।

आगरा का नाम सुनते ही सबसे पहले ताजमहल की तस्वीर दिमाग में आती है। ज्यादातर लोग आगरा घूमने आते हैं, तो सिर्फ ताजमहल देखकर वापस लौट जाते हैं। कहीं आप भी तो यही नहीं सोच रहे कि आगरा में घूमने के लिए सिर्फ ताजमहल ही है? अगर ऐसा है, तो आपको अपनी सोच थोड़ी बदलने की जरूरत है। आगरा में ताजमहल के अलावा भी कई ऐसी जगहें हैं, जिन्हें आप अपनी ट्रिप में शामिल कर सकते हैं। अच्छी बात यह है कि इन सभी जगहों को आप सिर्फ दो दिनों में और 3000 से 4000 रुपये के बजट में घूमने का प्लान बना सकते हैं। तो चलिए जानते हैं आगरा में कौन-कौन सी जगहें हैं, जिन्हें आप अपनी ट्रिप में शामिल कर सकते हैं।

पहला दिन- आगरा पहुंचकर घूमें किला, बेबी ताज और मेहताब बाग

अपनी ट्रिप की शुरुआत आगरा कैंट रेलवे स्टेशन से करें। यहां पहुंचने के बाद ऑटो से ताजगंज जा सकते हैं, जिसका किराया करीब 30 से 40 रुपये हो सकता है। ताजगंज में रहने के लिए डॉरमेट्री में एक बेड करीब 300 से 400 रुपये में मिल सकता है, जबकि बजट रूम के लिए लगभग 1000 रुपये खर्च करने पड़ सकते हैं। कमरे में सामान रखकर थोड़ा आराम करें और फिर घूमने निकल जाएं।

सबसे पहले 30 से 40 रुपये में ई-रिक्शा या बैटरी रिक्शा से आगरा किला पहुंचें। यहां घूमने के बाद बेबी ताज भी देख सकते हैं, जो अपनी खूबसूरत नक्काशी के लिए मशहूर है। शाम के समय यमुना नदी के पास स्थित मेहताब बाग जाएं। यहां से ताजमहल का खूबसूरत नजारा देखने को मिलता है। दिनभर घूमने के बाद रात में सदर बाजार जा सकते हैं, जहां खाने-पीने और बाजार में घूमने का मजा ले सकते हैं।

दूसरा दिन: सुबह ताजमहल देखें और चखें आगरा का लोकल नाश्ता

दूसरे दिन सुबह जल्दी उठें और ताजमहल देखने पहुंचें। सूर्योदय के आसपास यहां का नजारा काफी खूबसूरत लगता है। सुबह जल्दी पहुंचने पर यहां काफी कम भीड़ मिलती है। यहां आराम से घूमने और तस्वीरें लेने के बाद बाहर निकलकर आगरा का मशहूर लोकल नाश्ता खाएं।

बस से जाएं फतेहपुर सीकरी, देखें बुलंद दरवाजा

नाश्ते के बाद आगरा के बस स्टैंड से फतेहपुर सीकरी जाने वाली लोकल बस ले सकते हैं। बस का किराया करीब 50 से 60 रुपये हो सकता है। आगरा से फतेहपुर सीकरी की दूरी लगभग 40 किलोमीटर है। फतेहपुर सीकरी पहुंचने के बाद यहां का प्रसिद्ध बुलंद दरवाजा देखने जाएं। यहां का बुलंद दरवाजा अपनी विशाल बनावट के लिए खास तौर पर जाना जाता है। इसके अलावा आसपास की ऐतिहासिक इमारतों को भी देख सकते हैं।

आगरा लौटकर खरीदें पंछी पेठा

फतेहपुर सीकरी घूमने के बाद आगरा वापस आएं। आगरा लौट के बाद यहां का प्रसिद्ध पंछी पेठा जरूर खरीदें। इसे अपने दोस्तों और परिवार के लिए भी ले जा सकते हैं। इस तरह से कम बजट में आप आगरा और फतेहपुर सिकरी के ट्रिप का भरपूर आनंद ले सकते हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN