Source :- LIVE HINDUSTAN
WhatsApp iPhone यूजर्स के लिए Scheduled Messages फीचर की टेस्टिंग कर रहा है। इसकी मदद से यूजर्स पहले से मैसेज लिखकर उसके भेजे जाने का समय तय कर सकेंगे।
WhatsApp यूजर्स के लिए एक काम का फीचर आने वाला है। कंपनी iPhone यूजर्स के लिए Scheduled Messages फीचर की टेस्टिंग कर रही है। इसकी मदद से यूजर्स किसी मैसेज को पहले से लिखकर उसके भेजे जाने की डेट और समय तय कर सकेंगे। इसके बाद मैसेज अपने आप तय समय पर भेज दिया जाएगा। इससे यूजर्स को किसी को जन्मदिन की बधाई देने, जरूरी रिमाइंडर भेजने या काम से जुड़ा मैसेज करने के लिए तय समय पर WhatsApp ओपेन करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
रिपोर्ट के मुताबिक, यह फीचर WhatsApp के iOS बीटा वर्जन 26.42.10.19 में देखा गया है, जिसे TestFlight के जरिए टेस्ट किया जा रहा है। फिलहाल यह सुविधा चुनिंदा बीटा यूजर्स के लिए उपलब्ध है। कंपनी इसे धीरे-धीरे ज्यादा टेस्टर्स तक पहुंचा सकती है। हालांकि, सभी iPhone यूजर्स के लिए इस फीचर की उपलब्धता और इसकी आधिकारिक लॉन्च डेट को लेकर अभी कोई जानकारी नहीं है।
कैसे काम करेगा Scheduled Messages फीचर?
नए फीचर के जरिए यूजर्स किसी पर्सनल या ग्रुप चैट में मैसेज लिखकर उसके भेजे जाने का समय तय कर सकेंगे। इसके लिए मैसेज टाइप करने के बाद सेंड बटन को दबाकर रखने पर शेड्यूल करने का विकल्प मिल सकता है। इसके बाद यूजर अपनी जरूरत के हिसाब से डेट और टाइम चुन सकेंगे। फिर तय समय आने पर मैसेज अपने आप भेज दिया जाएगा।
यह फीचर उन लोगों के लिए काम का हो सकता है, जिन्हें काम के सिलसिले में तय समय पर मैसेज भेजने होते हैं। इसके अलावा, जन्मदिन की बधाई, किसी मीटिंग के रिमाइंडर या परिवार के सदस्यों को जरूरी जानकारी देने के लिए भी इसका इस्तेमाल किया जा सकेगा।
टेक्स्ट के अलावा मीडिया भी कर सकेंगे शेड्यूल
Scheduled Messages फीचर में सिर्फ टेक्स्ट ही नहीं, बल्कि फोटो, वीडियो और लिंक जैसे कंटेंट को भी शेड्यूल करने का विकल्प मिलने की उम्मीद है। इससे यूजर्स जरूरी जानकारी पहले से तैयार करके बाद में भेज सकेंगे। हालांकि, फीचर के फाइनल वर्जन में मिलने वाले विकल्पों में बदलाव हो सकता है।
शेड्यूल मैसेज को डिलीट करने का विकल्प
बता दें, यूजर्स को शेड्यूल किए गए मैसेज देखने और उन्हें भेजे जाने से पहले डिलीट करने का विकल्प भी मिल सकता है। इससे अगर किसी मैसेज में गलती हो जाए या उसे भेजने की जरूरत ना रहे, तो उसे समय से पहले हटाया जा सकेगा।
फिलहाल WhatsApp ने इस फीचर को सभी यूजर्स के लिए जारी करने की डेट की पुष्टि नहीं की है। iOS पर इसकी टेस्टिंग बढ़ने के बाद उम्मीद है कि आने वाले समय में सभी यूजर्स को इसका फायदा मिल सकेगा।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN


