Source :- LIVE HINDUSTAN
Typhoon Champi: प्रशांत महासागर में उठा यह तूफान इस साल के सबसे शक्तिशाली तूफानों में से एक है। ‘चाम्पी’ की वजह से ताइवान, जापान और फिलीपींस सहित तीन प्रमुख क्षेत्रों में जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है।
Typhoon Champi: पूर्वी एशिया में प्रशांत महासागर में उठा शक्तिशाली तूफान ‘चाम्पी’ (Typhoon Champi) तेजी से ताइवान की ओर आगे बढ़ रहा है। इसके असर से ताइवान में सैकड़ों उड़ानें रद्द कर दी गईं हैं। तूफान की गंभीरता को देखते हुए वहां स्कूल, कॉलेज और दफ्तर भी बंद कर दिए गए हैं। हालांकि यह अभी तक पक्का नहीं हो सका है कि ये तूफान जमीन से टकराएगा या नहीं, लेकिन अनुमान है कि शनिवार तक इसके कारण उत्तर-पूर्वी इलाके में 90 सेमी (35 इंच) बारिश होगी और तेज हवाएं चलेंगी। अधिकारियों के मुताबिक लहरों में बह जाने से अब तक एक व्यक्ति की मौत हो गई है जबकि तूफान में 171 लोग घायल हुए हैं और 1,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए मजबूर होना पड़ा है।
प्रशांत महासागर में उठा यह तूफान इस साल के सबसे शक्तिशाली तूफानों में से एक है। ‘चाम्पी’ की वजह से ताइवान, जापान और फिलीपींस सहित तीन प्रमुख क्षेत्रों में जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। ताइवान के मौसम विभाग के मुताबिक, 191 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से चल रही हवाओं और मूसलाधार बारिश के कारण 262 घरेलू और 715 अंतरराष्ट्रीय (तथा क्रॉस-स्ट्रेट) उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। इसके अलावा वहां स्कूल-कॉलेज बंद हैं और शेयर बाजार का कारोबार रोक दिया गया है।
चीन के 14 हवाई अड्डों पर असर
फ्लाइट-ट्रैकिंग प्लेटफॉर्म ‘DAST’ के अनुसार, शुक्रवार को ताइवान के प्रमुख हवाई अड्डों – ताइवान ताओयुआन, ताइपे सोंगशान, काओशुंग और ताइचुंग – पर बड़े पैमाने पर उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। इस बीच, आने वाले दिनों में पूर्वी चीन के 14 हवाई अड्डों पर असर पड़ने की आशंका है। इनमें झेजियांग प्रांत (जो एक प्रमुख विनिर्माण और तकनीकी केंद्र है) के 9 हवाई अड्डे और फ़ुज़ियान प्रांत का 1 हवाई अड्डा शामिल है। इनमें शंघाई पुडोंग, शंघाई होंगकियाओ, हांग्जो शियाओशान, निंगबो लिशे और वेनझोउ लोंगवान शामिल हैं। पड़ोसी देश जापान में भी चार प्रमुख एयरलाइनों ने 160 से अधिक उड़ानें रद्द कर दी हैं। कुल मिलाकर पूरे ईस्ट एशिया क्षेत्र में सैकड़ों उड़ानों के पहिए थम गए हैं।
तीन देशों में कोहराम: मौत, बिजली गुल और तटीय तबाही
समुद्र में उठी ऊंची लहरों की चपेट में आने से ताइवान में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 171 लोग घायल हुए हैं और 1,000 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। ताइवान के उत्तर-पूर्वी इलाकों में 90 सेमी (35 इंच) तक बारिश का अनुमान लगाया गया है। वहीं जापान के ओकिनावा द्वीप समूह के पास से गुजरते समय चली तेज हवाओं के कारण 8,400 से अधिक घरों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। ताइवान के दक्षिण में स्थित फिलीपींस के बटानेस द्वीप समूह में भी तूफान की वजह से तबाही मची है। वहां समुद्र की विशाल लहरें तटीय बस्तियों से टकराईं, जिससे कई सड़कें जलमग्न हो गईं और यातायात ठप हो गया।
मौसम विभाग की चेतावनी
सेंट्रल वेदर एडमिनिस्ट्रेशन (CWA) के अनुसार, कभी ‘कैटेगरी 5’ के समकक्ष रहा ‘चाम्पी’ फिलहाल ताइवान के दक्षिणी छोर से लगभग 330 किमी पूर्व में मौजूद है। इसके केंद्र के पास हवाओं की गति 191 किमी/घंटा (119 mph) दर्ज की गई है। पूर्वानुमान के मुताबिक, यह तूफान ताइवान के उत्तर-पूर्वी तट के पास से गुजरते हुए चीन के पूर्वी तट और फिर जापान की ओर बढ़ेगा। हालांकि, इसके सीधे ताइवान के तट से टकराने की संभावना कम है, लेकिन मौसम वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि अगर तूफान अपनी दिशा बदलता है या समुद्र में ठहरता है तो खतरा और अधिक गंभीर हो सकता है।
तूफान की तीव्रता अभी भी बनी हुई
चीन के राष्ट्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, इस तूफान की तीव्रता वहां अभी भी बनी हुई है और इसके केंद्र के पास हवा की गति 162 किमी/घंटा (101 मील प्रति घंटा) तक पहुंच रही है। केंद्र के मुताबिक, शुक्रवार रात और शनिवार सुबह के बीच, ताइवान के उत्तर-पूर्वी तट के करीब पहुंचने पर ‘चाम्पी’ के कमजोर होने की उम्मीद है; यह संभवतः द्वीप के पास से होकर गुजरेगा। इसके बाद, रविवार को इस टाइफून के झेजियांग के पूर्वी तट के साथ उत्तर की ओर बढ़ने का अनुमान है। यह मुख्य भूमि के इस प्रांत के करीब से गुजरते हुए उत्तर-पूर्व की ओर जापान की तरफ मुड़ सकता है।
‘सुपर अल नीनो’ से भी कनेक्शन
दरअसल, ‘सुपर अल नीनो’ के कारण प्रशांत महासागर का तापमान तेजी से बढ़ रहा है, जिससे कई शक्तिशाली तूफान आ रहे हैं। ‘चाम्पी’ इसी कड़ी का सबसे नया तूफान है। इस हफ्ते की शुरुआत में, जब यह अपने सबसे भीषण रूप में था, तब यह इस साल का दुनिया का सबसे ताकतवर तूफान बन गया था। शुक्रवार दोपहर को ‘चाम्पी’ के साथ 191 किमी/घंटा (119 मील प्रति घंटा) की रफ्तार से हवाएं चल रही थीं। ताइवान, हांगकांग और जापान की मौसम एजेंसियों का अनुमान है कि तूफान का केंद्र (आई) ताइवान की जमीन से टकराए बिना ही आगे निकल जाएगा।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




