Source :- LIVE HINDUSTAN
मुख्य बातें
- Dhanteras 2026: धनतेरस पर सोना, चांदी और हीरे की ज्वेलरी खरीदने की तैयारी कर रहे हैं, तो एक जरूरी बात जान लीजिए
- गहनों पर लगा बीआईएस हॉलमार्क सोने की शुद्धता की जानकारी देता है
Dhanteras 2026 Jewellery Buying Tips: धनतेरस पर सोना, चांदी और हीरे की ज्वेलरी खरीदने की तैयारी कर रहे हैं, तो एक जरूरी बात जान लीजिए। गहनों पर लगा बीआईएस हॉलमार्क सोने की शुद्धता की जानकारी देता है, लेकिन यह इस बात की गारंटी नहीं है कि उसमें लगा हीरा या दूसरा स्टोन भी असली और अच्छी क्वालिटी का है। खासकर डायमंड, पोल्की और जड़ाऊ ज्वेलरी खरीदते समय सिर्फ हॉलमार्क देखकर फैसला करना भारी पड़ सकता है। ऐसे में खरीदारी से पहले कुछ जरूरी चीजों को चेक कर लेना आपके पैसे को सुरक्षित रखने में मदद कर सकता है।
सोने पर लगा हॉलमार्क क्या बताता है?
भारत में सोने की शुद्धता की पहचान के लिए भारतीय मानक ब्यूरो यानी बीआईएस हॉलमार्किंग की व्यवस्था करता है। हॉलमार्क वाले सोने के गहनों पर आमतौर पर तीन चीजें देखनी चाहिए। इनमें बीआईएस का लोगो, सोने की शुद्धता का निशान और छह अंकों का HUID नंबर शामिल है।
उदाहरण के लिए 22 कैरेट सोने पर 916 लिखा होता है। इसका मतलब है कि सोने के 1,000 हिस्सों में 916 हिस्से शुद्ध सोने के हैं। वहीं, 18 कैरेट सोने पर 750 का निशान होता है।
खरीदार बीआईएस केयर ऐप में वैरिफाई HUID सुविधा के जरिए HUID नंबर को चेक कर सकते हैं। इससे हॉलमार्क वाले गहने से जुड़ी जानकारी को वैरिफाई करने में मदद मिलती है।
क्या हॉलमार्क से हीरे की क्वालिटी भी पता चलती है?
इसका जवाब है नहीं। सोने का हॉलमार्क और हीरे की ग्रेडिंग रिपोर्ट दोनों अलग-अलग चीजें हैं। हॉलमार्क सोने की शुद्धता बताता है, जबकि हीरे की ग्रेडिंग रिपोर्ट उसकी क्वालिटी से जुड़ी जानकारी देती है।
हीरे की क्वालिटी जांचने के लिए आमतौर पर चार चीजें देखी जाती हैं। इन्हें 4C कहा जाता है। इनमें कट, रंग, स्पष्टता और कैरेट वजन शामिल हैं।
हीरे की खरीदारी करते समय ज्वेलर से उसकी ग्रेडिंग रिपोर्ट मांगें। इंटरनेशनल जेमोलॉजिकल इंस्टीट्यूट (IGI) और जेमोलॉजिकल इंस्टीट्यूट ऑफ अमेरिका (GIA) जैसी संस्थाएं हीरों की ग्रेडिंग रिपोर्ट जारी करती हैं। रिपोर्ट में दी गई जानकारी और खरीदे जा रहे हीरे का मिलान जरूर करें।
पोल्की और जड़ाऊ ज्वेलरी खरीदते समय रहें सावधान
पोल्की और जड़ाऊ ज्वेलरी में सोने के साथ बिना तराशे हीरे, रंगीन स्टोन और बारीक कारीगरी का इस्तेमाल हो सकता है। ऐसे गहनों की कीमत केवल सोने के वजन पर निर्भर नहीं करती।
इसलिए खरीदारी करते समय पूछें कि गहनों में किस तरह के स्टोन लगे हैं, उनकी क्वालिटी कैसी है और क्या उन्हें किसी तरह ट्रीट किया गया है। स्टोन कहां से आया और क्वालिटी के बारे में उपलब्ध जानकारी भी मांगें। इस बात का ध्यान रखें कि सोने का हॉलमार्क इन सभी बातों को वैरिफाई नहीं करता।
धनतेरस पर गहने खरीदने से पहले जरूर करें ये 5 काम
हॉलमार्क चेक करें: बीआईएस लोगो, कैरेट और ग्रेडिंग रिपोर्ट को चेक करें।
स्टोन की जानकारी लें: स्टोन की क्वालिटी और ट्रीटमेंट के बारे में पूछें।
वजन और बिल चेक करें: सोने का शुद्ध वजन, स्टोन की कीमत और मेकिंग चार्ज स्पष्ट समझें।
डॉक्यूमेंट संभालकर रखें: खरीदारी का बिल और सभी सर्टिफिकेट सेफ रखें।
अगर आपको सोने की शुद्धता पर संदेह है, तो बीआईएस से मान्यता प्राप्त हॉलमार्किंग सेंटर में गहने को चेक भी कराई जा सकती है। इसके लिए लागू चार्ज देना होगा। धनतेरस पर समझदारी से खरीदारी करें।हॉलमार्क सोने की शुद्धता को चेक करने का जरूरी तरीका है, लेकिन हीरे और दूसरे स्टोन की क्वालिटी के लिए अलग प्रमाण और सही जानकारी लेना भी उतना ही जरूरी है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




