Home rss business hindi तीन बेटियां हैं तो टेंशन छोड़िए! सुकन्या समृद्धि में खुल सकते हैं...

तीन बेटियां हैं तो टेंशन छोड़िए! सुकन्या समृद्धि में खुल सकते हैं 3 खाते, जानें कैसे बनेगा 2.15 करोड़ रुपये का फंड?

2
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • Sukanya Samriddhi Yojana: घर में तीन बेटियां हैं और आप सोच रहे हैं कि तीनों के नाम पर सुकन्या समृद्धि योजना का खाता कैसे खुलेगा? तो आपके लिए अच्छी खबर है
  • आमतौर पर इस सरकारी योजना में एक परिवार की दो बेटियों के नाम पर ही खाते खुल सकते हैं

Sukanya Samriddhi Yojana: घर में तीन बेटियां हैं और आप सोच रहे हैं कि तीनों के नाम पर सुकन्या समृद्धि योजना का खाता कैसे खुलेगा? तो आपके लिए अच्छी खबर है। आमतौर पर इस सरकारी योजना में एक परिवार की दो बेटियों के नाम पर ही खाते खुल सकते हैं। लेकिन कुछ खास परिस्थितियों में तीनों बेटियों के नाम पर खाते खुलवाने की भी छूट मिलती है। इस योजना में सही तरीके से लंबे समय तक पैसा जमा करके बेटियों के भविष्य के लिए बड़ा फंड भी बनाया जा सकता है।

किन परिवारों की तीन बेटियों के नाम पर खुलेंगे खाते?

सुकन्या समृद्धि योजना यानी SSY में बेटी की पढ़ाई और शादी के लिए पैसे जोड़ सकते हैं। आम तौर पर एक परिवार में दो बेटियों के नाम पर खाते खुलवाने की अनुमति है। लेकिन अगर पहली डिलीवरी में जुड़वां या तीन बेटियों का जन्म होता है, तो तीनों के नाम पर खाते खुल सकते हैं।

इसके अलावा अगर पहले एक बेटी पैदा हुई और अगली डिलीवरी में जुड़वां या तीन बेटियों का जन्म हुआ, तो भी नियमों के तहत तीसरा खाता खुलवाया जा सकता है। लेकिन अगर पहले जुड़वां या तीन बेटियां पैदा हुईं और उसके बाद एक और बेटी का जन्म हुआ, तो तीसरा खाता खोलने की अनुमति नहीं मिलती।

तीसरा खाता खुलवाने के लिए माता-पिता या कानूनी अभिभावक को अधिकृत मेडिकल संस्थान से जारी प्रमाणपत्र देना होगा। यानी खाते खुलवाने से पहले जन्म से जुड़े नियमों और जरूरी दस्तावेजों की जानकारी जरूर ले लें।

तीन खातों से कैसे बन सकता है 2.15 करोड़ रुपये का फंड?

इस योजना में एक खाते में हर साल अधिकतम 1.5 लाख रुपये जमा किए जा सकते हैं। ऐसे में तीन पात्र खातों में कुल मिलाकर सालाना 4.5 लाख रुपये तक जमा करना संभव है।

SBI सिक्योरिटीज के कैलकुलेटर पर आधारित उदाहरण के मुताबिक 8.2 फीसदी सालाना ब्याज दर मानकर एक खाते में करीब 71.82 लाख रुपये की मैच्योरिटी रकम बन सकती है। इसमें 22.5 लाख रुपये जमा किए गए पैसे और करीब 49.32 लाख रुपये ब्याज शामिल हैं। इसी हिसाब से तीन खातों की कुल रकम लगभग 2.15 करोड़ रुपये हो सकती है।

ध्यान रखें कि यह एक अनुमान है, गारंटीड रकम नहीं। असल में कितना पैसा मिलेगा, यह ब्याज दर और निवेश की शर्तों पर निर्भर करेगा।

कितने रुपये से खुलता है खाता?

सुकन्या समृद्धि योजना में बेटी के जन्म से लेकर 10 साल की उम्र पूरी होने से पहले तक खाता खुलवाया जा सकता है। खाता पोस्ट ऑफिस या अधिकृत बैंक में खुलता है। शुरुआत में कम से कम 250 रुपये जमा करने होते हैं। इसके बाद हर फाइनेंशियल ईयर वर्ष में कम से कम 250 रुपये जमा करना जरूरी है। एक साल में अधिकतम 1.5 लाख रुपये जमा किए जा सकते हैं।

खाता खुलने की तारीख से 21 साल बाद मैच्योर होता है। इस योजना में जमा रकम, उस पर मिलने वाले ब्याज और मैच्योरिटी की रकम पर लागू नियमों के अनुसार टैक्स छूट भी मिलती है। निवेश करने से पहले मौजूदा ब्याज दर और नियमों को वैरिफाई जरूर करें।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN