Source :- LIVE HINDUSTAN
मुख्य बातें
- LPG Price: पाकिस्तान में 12 किलो का एलपीजी सिलेंडर लाहौर में करीब 7,500 रुपये, स्कर्दू में 8,200 रुपये पर पहुंच गया है
- वहीं, भारत में 14.2 किलो का सिलेंडर दिल्ली में आज भी भारतीय रुपये में 942 का है
- यह आज की डेट में 2743 पाकिस्तानी रुपये के बराबर है
ईरान से होने वाली गैस सप्लाई में रुकावट पाकिस्तान के लोगों के लिए आफत बनकर आई है। LPG सिलेंडर की कीमतें आसमान पर पहुंच गई हैं। वहां, 12 किलो के एक सिलेंडर के दाम कुछ ही दिनों में 4,500 पाकिस्तानी रुपये से बढ़कर लाहौर में करीब 7,500 रुपये, जबकि स्कर्दू में 8,200 रुपये पर पहुंच गया है। वहीं, भारत में राहत है। 14.2 किलो वाला एलपीजी सिलेंडर दिल्ली में आज 26 अक्टूबर को भी भारतीय रुपये में 942 का है। यह आज की डेट में 2743 पाकिस्तानी रुपये के बराबर है। भारत का 1 रुपया पाकिस्तान के 2.91 रुपये के बराबर है।
ईरान से सप्लाई रुकी, पाकिस्तान में बढ़ा गैस संकट
रॉयटर्स के मुताबिक पाकिस्तान में LPG की कीमतें बढ़ने की बड़ी वजह ईरान से होने वाली गैस सप्लाई में रुकावट बताई जा रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान और ईरान के बीच दो अहम सीमा चौकियां 17 अक्टूबर से बंद हैं।
दोनों देशों ने सीमा बंद करने की अलग-अलग वजहें बताई हैं। पाकिस्तान का कहना है कि सुरक्षा चिंताओं और तस्करी पर रोक लगाने के लिए यह कदम उठाया गया है। वहीं, ईरान ने इसके पीछे तकनीकी कारण बताए हैं।
सरकारी कीमत 3,296 रुपये, बाजार में दोगुने से ज्यादा दाम
पाकिस्तान के तेल और गैस नियामक प्राधिकरण (OGRA) ने 11.8 किलो के घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत 3,296 पाकिस्तानी रुपये तय की है। इसके बावजूद बाजार में सिलेंडर इससे कहीं ज्यादा कीमत पर बेचे जा रहे हैं।
भारत में आज एलपीजी सिलेंडर के क्या हैं रेट
आज 26 अक्टूबर को दिल्ली में इंडेन का 19 किलो वाला कमर्शियल 2810 रुपये और 14.2 किलो वाला घरेलू रसोई गैस 942 रुपये पर टिका हुआ है। चेन्नई में कमर्शियल सिलेंडर आज 2983 और घरेलू सिलेंडर का दाम 957.5 रुपये है। मुंबई में कमर्शियल 2764 और घरेलू अभी 941.5 रुपये है। अहमदाबाद में कमर्शियल सिलेंडर अब 2831.50 रुपये जबकि, घरेलू सिलेंडर 949 रुपये पर स्थिर है।
आखिरी बार बदलाव 1 अक्टूबर को हुआ था
इंडियन ऑयल के मुताबिक एलपीजी सिलेंडर के दाम में आखिरी बार बदलाव 1 अक्टूबर को हुआ था, वह भी कमर्शियल सिलेंडर के रेट में। तब दिल्ली में 19 किलो वाला सिलेंडर 62.50 रुपये महंगा हुआ था। बता दें घरेलू सिलेंडर के 7 जून से ही रेट स्थिर हैं।
LPG डिस्ट्रीब्यूटर्स के कमीशन में बढ़ोतरी की तैयारी?
एलपीजी गैस डिस्ट्रीब्यूटर्स के लिए राहत की उम्मीद जगी है। इंडियन ऑयल (IOCL), भारत पेट्रोलियम (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) ने गैस डिस्ट्रीब्यूटर्स के कमीशन में अंतरिम बढ़ोतरी की संयुक्त सिफारिश करने पर सहमति जताई है। यह फैसला 21 अक्टूबर को मुंबई में हुई बैठक में लिया गया। हालांकि, कमीशन में नियमित बढ़ोतरी के प्रस्ताव पहले ही पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय को भेजे जा चुके हैं, लेकिन अभी तक मंजूरी नहीं मिली है।
ऑल इंडिया एचपी गैस डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन (AIHPGDA) के मुताबिक, बैठक में तीनों तेल कंपनियों के मार्केटिंग डायरेक्टर, एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर और वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। इनके साथ एलपीजी वितरक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी अपनी समस्याएं रखीं।
एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र बी ने 22 अक्टूबर को जारी एक बयान में बताया कि तेल कंपनियों के प्रबंधन ने कमीशन बढ़ाने के प्रस्तावों की जानकारी दी। साथ ही, एक तय समयसीमा के भीतर अंतरिम बढ़ोतरी की संयुक्त सिफारिश करने पर भी सहमति जताई।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




