Home rss business hindi DA Hike: कर्मचारियों की सैलरी बढ़ी, अब हर महीने ₹18,000 के साथ...

DA Hike: कर्मचारियों की सैलरी बढ़ी, अब हर महीने ₹18,000 के साथ मिलेगा महंगाई भत्ता

2
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • DA Hike, Wage Revision:  इस फैसले से दिल्ली नगर निगम के करीब 4,000 कर्मचारियों को फायदा होगा
  • इन कर्मचारियों की सैलरी अब पे मैट्रिक्स के लेवल-1 के न्यूनतम वेतन यानी 18,000 रुपये के आधार पर तय की जाएगी
  • इसके अलावा उन्हें नियमानुसार महंगाई भत्ता (DA) भी दिया जाएगा

DA Hike, Wage Revision: दिल्ली में करीब 4,000 पब्लिक हेल्थ वर्कर्स के लिए दिवाली से पहले ही गिफ्ट मिला है। दिल्ली नगर निगम (MCD) में काम करने वाले इन कर्मचारियों की मिनिमम मंथली सैलरी बढ़ाकर 18,000 रुपये कर दी गई है। इसके साथ ही उन्हें महंगाई भत्ता (DA) भी मिलेगा। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को इस फैसले की घोषणा की। इस पर सरकारी खजाने से करीब 52 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

4,000 कर्मचारियों को मिलेगा बढ़ी हुई सैलरी का फायदा

इस फैसले से दिल्ली नगर निगम के करीब 4,000 कर्मचारियों को फायदा होगा। इन कर्मचारियों की सैलरी अब पे मैट्रिक्स के लेवल-1 के न्यूनतम वेतन यानी 18,000 रुपये के आधार पर तय की जाएगी। इसके अलावा उन्हें नियमानुसार महंगाई भत्ता (DA) भी दिया जाएगा। इस फैसले का उद्देश्य समान काम के लिए समान वेतन के सिद्धांत को लागू करना और लंबे समय से सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं में योगदान दे रहे कर्मचारियों को राहत देना है।

पहले डेंगू रोकने के लिए हुई थी भर्ती

इन कर्मचारियों की भर्ती शुरुआत में डोमेस्टिक ब्रीडिंग चेकर (DBC) के रूप में की गई थी। इन्हें दिल्ली में डेंगू फैलाने वाले मच्छरों की रोकथाम और उनकी निगरानी के लिए नियुक्त किया गया था।

बाद में इन कर्मचारियों का पदनाम बदलकर मल्टी-टास्किंग स्टाफ (पब्लिक हेल्थ) कर दिया गया। हालांकि, पदनाम बदलने के बाद भी ये कर्मचारी लगातार सार्वजनिक स्वास्थ्य से जुड़े काम करते रहे हैं। इनमें घर-घर जाकर जांच करना और लोगों को बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक करना जैसे काम शामिल हैं। MCD कमिश्नर संजीव खिरवार के मुताबिक, ये कर्मचारी वर्षों से दिल्ली में सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

कर्मचारियों के खातों में भेजी गई बढ़ी हुई रकम

दिल्ली के मेयर प्रवेश वाही ने बताया कि कर्मचारियों की सैलरी बढ़ाने और महंगाई भत्ता देने का प्रस्ताव पिछले बजट में घोषित किया गया था। इसके बाद इसे मंजूरी के लिए मुख्यमंत्री के सामने रखा गया।

मेयर के अनुसार, बढ़ी हुई सैलरी कर्मचारियों के बैंक खातों में सीधे ट्रांसफर कर दी गई है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह फैसला उन कर्मचारियों के योगदान को मान्यता देता है, जिन्होंने दशकों तक दिल्ली में सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं के लिए काम किया है। सरकार की जिम्मेदारी है कि वह ऐसे कर्मचारियों के हितों और कल्याण का ध्यान रखे।

दिवाली से पहले 2,500 सफाई कर्मचारियों की भर्ती

MCD ने कर्मचारियों से जुड़ी समस्याओं को दूर करने और शहर की सफाई व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए एक और अहम कदम उठाया है। मेयर ने दिवाली से पहले 2,500 सफाई कर्मचारियों की भर्ती करने की घोषणा की है। इसका उद्देश्य दिल्ली की सड़कों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाना है।

दरअसल, त्योहारों के दौरान बाजारों और सार्वजनिक जगहों पर लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में कचरा जमा होने और समय पर सफाई नहीं होने की शिकायतें भी बढ़ती हैं। इसी को देखते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने MCD को प्रमुख बाजारों और रिहायशी इलाकों में रात के समय सफाई अभियान चलाने का निर्देश दिया है। उन्होंने अधिकारियों को साफ कहा है कि सफाई व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सुधार जमीन पर दिखाई देना चाहिए।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN