Home rss sports hindi सरफराज खान के भाई ने रचा इतिहास, 77 साल बाद दोहराया गया...

सरफराज खान के भाई ने रचा इतिहास, 77 साल बाद दोहराया गया ऐतिहासिक कारनामा, रवि शास्त्री के क्लब में शामिल हुए

6
0

Source :- KHABAR INDIATV

भारतीय क्रिकेटर सरफराज खान के भाई और मुंबई के युवा ऑलराउंडर मुशीर खान ने रणजी ट्रॉफी में अपने शानदार प्रदर्शन से इतिहास के पन्नों में नाम दर्ज करा लिया है। हरियाणा के खिलाफ मुकाबले में पहले उन्होंने बल्ले से शतक जड़ा और फिर गेंद से कहर बरपाते हुए 6 विकेट अपने नाम कर लिए। उनके इस ऑलराउंड प्रदर्शन ने मुंबई को जीत की दहलीज पर पहुंचा दिया है। इसके साथ ही मुशीर ने 77 साल पुराने एक खास रिकॉर्ड की बराबरी करते हुए भारतीय दिग्गज रवि शास्त्री की उपलब्धि को भी दोहराया है। बता दें, 21 साल के मुशीर भारतीय क्रिकेटर सरफराज खान के छोटे भाई हैं। 

मुंबई और हरियाणा के बीच रणजी ट्रॉफी 2026-27 का मुकाबला 26 से 30 अक्टूबर तक मुंबई के बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स स्थित शरद पवार अकादमी में खेला जा रहा है। मुंबई की पहली पारी में मुशीर ने तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 185 गेंदों पर 109 रन बनाए। यह उनके फर्स्ट क्लास करियर का चौथा शतक है। उनकी पारी की बदौलत मुंबई ने पहली पारी में 430 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।

इसके बाद जब हरियाणा की टीम बल्लेबाजी के लिए उतरी, तो मुशीर ने अपनी स्पिन गेंदबाजी से विपक्षी बल्लेबाजों को टिकने नहीं दिया। बाएं हाथ के इस स्पिनर ने 85 रन देकर 6 विकेट झटके। उनके शुरुआती पांच शिकार हरियाणा के शीर्ष 6 बल्लेबाजों में से रहे। हरियाणा की पूरी टीम 270 रन पर सिमट गई और मुंबई को पहली पारी में 160 रन की बड़ी बढ़त मिली। इसके बाद मुंबई को फॉलोऑन देने का मौका भी मिल गया।

77 साल बाद मुंबई के लिए दोहराया गया कारनामा

मुशीर खान मुंबई की ओर से एक ही मैच में शतक लगाने और 6 विकेट लेने वाले दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं। इससे पहले यह उपलब्धि 1949 में दत्तू फडकर ने हासिल की थी। उन्होंने 1948-49 रणजी ट्रॉफी सीजन के क्वार्टर फाइनल में मद्रास के खिलाफ बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन किया था। इस तरह करीब 77 साल बाद मुंबई के किसी खिलाड़ी ने एक ही रणजी मुकाबले में शतक और 6 विकेट लेने का दुर्लभ कारनामा किया है। मुशीर की इस उपलब्धि ने उन्हें मुंबई क्रिकेट के चुनिंदा दिग्गजों की सूची में शामिल कर दिया है।

रवि शास्त्री के खास क्लब में हुए शामिल

एक ही मैच में शतक लगाने और कम से कम पांच विकेट लेने का कारनामा फर्स्ट क्लास क्रिकेट में बेहद खास माना जाता है। मुंबई के लिए मुशीर इस उपलब्धि को हासिल करने वाले छठे खिलाड़ी बन गए हैं। उनसे पहले मदन रायजी, दत्तू फडकर, वीनू मांकड़, पॉली उमरीगर और रवि शास्त्री ऐसा कर चुके हैं। रवि शास्त्री ने 1991 में मध्य प्रदेश के खिलाफ इंदौर में 158 रन बनाने के साथ पांच विकेट भी हासिल किए थे। अब 35 साल बाद मुशीर ने इस खास सूची में अपनी जगह बनाई है।

यह भी पढ़ें:

IND vs NZ T20I सीरीज के बीच आई बुरी खबर, लॉकी फर्ग्यूसन हुए बाहर, 26 साल के धाकड़ गेंदबाज को मिला मौका

वैभव-अभिषेक की मजेदार बातचीत का सामने आया वीडियो, सूर्यवंशी ने बताया स्कोरकार्ड देख उनके गांव में लोग क्या कहते?

Latest Cricket News

SOURCE : KHABAR INDIAN TV