Source :- KHABAR INDIA TV
जियो प्लेटफॉर्म्स के शेयरों ने गुरुवार को लगातार दूसरे ट्रेडिंग सेशन में तेजी के साथ कारोबार बंद किया। बीएसई पर जियो का शेयर 0.40 प्रतिशत चढ़कर 1423.05 रुपये के लेवल पर बंद हुआ। आज ट्रेडिंग के दौरान ये 5.12 प्रतिशत बढ़कर 1490 रुपये के उच्च स्तर तक पहुंच गया था। जबकि, एनएसई पर जियो प्लेटफॉर्म्स का शेयर 0.14 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1419.50 रुपये प्रति शेयर पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान ये 5.09 प्रतिशत चढ़कर 1489.70 रुपये के उच्च स्तर पर पहुंच गया था।
गुरुवार को 5249.15 करोड़ रुपये की बढ़त के साथ 13,10,491.13 करोड़ रुपये हुआ जियो का मार्केट कैप
आज की इस तेजी से बीएसई पर कंपनी का मार्केट कैप 5249.15 करोड़ रुपये बढ़कर 13,10,491.13 करोड़ रुपये हो गया। रिलायंस इंडस्ट्रीज की डिजिटल सर्विस कंपनी का शेयर लिस्ट होने के बाद 2 दिनों में अपने इश्यू प्राइस 1119 रुपये से 27 प्रतिशत से ज्यादा ऊपर बंद हुआ। जियो प्लेटफॉर्म्स ने बुधवार को शेयर बाजार में शानदार शुरुआत की थी और पहले दिन कारोबार के अंत में इसके शेयर इश्यू प्राइस से करीब 27 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ था। इसके साथ ही कंपनी मार्केट कैप के लिहाज से देश की दूसरी सबसे वैल्यूएबल कंपनी बन गई।
बुधवार को कारोबार बंद होने के बाद 13 लाख करोड़ रुपये था जियो प्लेटफॉर्म्स का मार्केट कैप
बुधवार को कारोबार खत्म होने पर जियो प्लेटफॉर्म्स का मार्केट कैप 13 लाख करोड़ रुपये था। रिलायंस इंडस्ट्रीज 15.92 लाख करोड़ रुपये के मार्केट कैप के साथ देश की सबसे वैल्यूएबल कंपनी है। मार्केट कैप के लिहाज से टॉप 5 कंपनियों में जियो प्लेटफॉर्म्स, भारती एयरटेल, एचडीएफसी बैंक और आईसीआईसीआई बैंक से आगे है।
जियो प्लेटफॉर्म्स के 30,213 करोड़ रुपये के आईपीओ को कुल ऑफरिंग के मुकाबले मिला था 22.19 गुना सब्सक्रिप्शन
जियो प्लेटफॉर्म्स के 30,213 करोड़ रुपये के आईपीओ को कुल ऑफरिंग के मुकाबले 22.19 गुना सब्सक्रिप्शन मिला था। पब्लिक इश्यू और एंकर इंवेस्टर्स के अलॉटमेंट में कुल डिमांड 7.4 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा रही, जबकि आवेदनों की संख्या 1.39 करोड़ तक पहुंच गई। आईपीओ पूरी तरह 27 करोड़ नए शेयरों का इश्यू था। इसके लिए प्रति शेयर 1065 रुपये से 1119 रुपये का प्राइस बैंड फिक्स किया गया था।
Disclaimer: ये न्यूज सिर्फ जानकारी के लिए है। निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से सलाह जरूर लें।
ये भी पढ़ें
11 नवंबर को ट्रेंट के चेयरमैन पद से रिटायर होंगे नोएल टाटा, बहराम वकील संभालेंगे जिम्मेदारी
SOURCE : KHABAR INDIA TV




