Source :- KHABAR INDIATV
टीवी इंडस्ट्री के मशहूर अभिनेता और होस्ट अर्जुन बिजलानी इन दिनों अपनी नई प्रॉपर्टी को लेकर चर्चा में हैं, जिसकी पहली झलक उन्होंने जून के महीने में दिखाते हुए अपना ड्रीम होम बताया था। अभिनेता ने मुंबई की भागदौड़ से दूर करजत में एक आलीशान फार्महाउस खरीदा है, जिसकी खूबसूरत तस्वीरें उन्होंने सोशल मीडिया पर शेयर की हैं। अर्जुन ने पत्नी नेहा स्वामी के साथ अपने इस नए आशियाने के आउटडोर एरिया की झलक दिखाई है। सफेद रंग की शानदार इमारत, हरे-भरे बगीचे, स्विमिंग पूल और खुले आसमान के नीचे बैठने की खूबसूरत जगह इस फार्महाउस को बेहद खास बनाती है। इस प्रॉपर्टी का नाम ‘तारा विला’ रखा गया है। तस्वीरों में अर्जुन और नेहा का लग्जरी लाइफस्टाइल के साथ सुकून भरी जिंदगी के प्रति लगाव साफ नजर आता है।
सफेद रंग की थीम और लग्जरी डिजाइन ने खींचा ध्यान
अर्जुन बिजलानी के फार्महाउस की सबसे खास बात इसका ऑल-व्हाइट डिजाइन है। घर की बाहरी और अंदरूनी सजावट में सफेद और हल्के रंगों का इस्तेमाल किया गया है, जो इसे क्लासिक और एलिगेंट लुक देता है। विशाल लिविंग एरिया, स्टाइलिश फर्नीचर और खुली जगह इस घर की खूबसूरती को बढ़ाते हैं। लिविंग रूम में सफेद और बेज रंग की थीम के बीच नीले रंग के सोफा और कुर्सियां खास नजर आती हैं। न्यूट्रल रंगों के साथ ब्लू फर्नीचर का कॉम्बिनेशन घर को मॉडर्न और आकर्षक लुक देता है। घर के बड़े-बड़े ग्लास विंडो से प्राकृतिक रोशनी अंदर आती है। फार्महाउस के आसपास फैली हरियाली इसे शहर के शोर-शराबे से दूर एक शांत ठिकाने जैसा एहसास देती है। घर की साज-सज्जा में आराम और खूबसूरती दोनों का ध्यान रखा गया है।
बेडरूम से दिखता है प्रकृति का खूबसूरत नजारा
अर्जुन और नेहा के नए घर का बेडरूम भी मिनिमल और क्लासी डिजाइन में तैयार किया गया है। सफेद दीवारें, आरामदायक सफेद बेड और फर्श से छत तक बने कांच के स्लाइडिंग दरवाजे कमरे को खुला और रोशनी से भरा हुआ बनाते हैं। दरवाजों पर सफेद पर्दे लगाए गए हैं, जबकि कमरे के एक कोने में गहरे नीले रंग की आर्मचेयर रखी गई है। सफेद रग और सादगी भरी सजावट कमरे की खूबसूरती को और बढ़ाती है। बेडरूम से जुड़ी बालकनी से आसपास की हरियाली का नजारा दिखाई देता है। यह जगह सुबह की शुरुआत करने या कुछ समय शांति से बिताने के लिए उपयुक्त नजर आती है। घर की सीढ़ियां भी अपने अनोखे डिजाइन के कारण ध्यान खींचती हैं। सीढ़ियों के किनारों पर रंगीन पैटर्न वाली टाइलें लगाई गई हैं, जो मेडिटेरेनियन और पुर्तगाली वास्तुकला से प्रेरित लुक देती हैं।
स्विमिंग पूल में परिवार संग मस्ती, दिल के आकार की ट्रे ने खींचा ध्यान
फार्महाउस के आउटडोर एरिया में स्विमिंग पूल और उसके आसपास की खूबसूरत सजावट भी देखने लायक है। अर्जुन ने अपने बेटे अयान बिजलानी के साथ पूल के पास बोर्ड गेम खेलते हुए तस्वीरें साझा की हैं। वहीं पत्नी नेहा के साथ पूल के किनारे आराम करते हुए भी वह नजर आए। पूल में तैरती दिल के आकार की ट्रे ने भी लोगों का ध्यान खींचा। घर का यह हिस्सा परिवार के साथ क्वालिटी टाइम बिताने के लिए खास तौर पर तैयार किया गया लगता है। फार्महाउस में बड़ा बैकयार्ड और खूबसूरत गार्डन भी है। चारों ओर मौजूद हरियाली और खुली जगह इसे सुकून भरा माहौल देती है। शहर से दूर प्रकृति के बीच बना यह घर अर्जुन और उनके परिवार को निजी समय बिताने का मौका देता है।
गोल्डन अक्षरों में लिखे हैं अर्जुन के नाम के शुरुआती अक्षर
अर्जुन के फार्महाउस का मुख्य गेट भी इसकी खासियतों में शामिल है। बड़े सफेद गेट पर मेटैलिक गोल्ड रंग में अंग्रेजी अक्षर ‘A B’ लिखे गए हैं, जो अभिनेता के नाम के शुरुआती अक्षर हैं। गेट का डिजाइन सफेद लोहे से तैयार किया गया है और इसका ऊपरी हिस्सा मेहराब के आकार का है। गोल्डन फिनियल और काले रंग की ग्रीक-की पैटर्न वाली बॉर्डर इसे शाही अंदाज देती है। घर की आउटडोर टेरेस पर काले और सफेद पैटर्न वाली टाइलें बिछाई गई हैं। यहां सफेद रंग का स्टाइलिश झूला है, जिस पर गहरे नीले रंग के कुशन लगे हैं। अर्जुन ने नेहा के साथ इस झूले पर आराम करते हुए तस्वीरें भी साझा की हैं। इसके अलावा टेरेस पर परिवार के साथ डिनर करने के लिए टेबल भी सजाई गई है। रात के समय रोशनी में नहाया टेरेस और आसपास का नजारा दिन के मुकाबले और भी खूबसूरत दिखाई देता है।
अर्जुन ने बताया, साथ बिताए पल बनाते हैं जगह को खास
अपने फार्महाउस की तस्वीरें शेयर करते हुए अर्जुन ने लिखा कि कुछ जगहें सिर्फ खूबसूरत नहीं होतीं, बल्कि लोगों को एक-दूसरे के करीब भी लाती हैं। उन्होंने तारा विला का जिक्र करते हुए कहा कि यहां सूर्योदय, बातचीत और हर जश्न अपनों के साथ साझा करने पर और खास हो जाता है। उन्होंने आउटडोर फर्नीचर के डिजाइन और आरामदायक व्यवस्था की भी तारीफ की।
SOURCE : KHABAR INDIATV




