Home LIFESTYLE NEWS HINDI मैदा नहीं! गेहूं के आटे से बनाएं हलवाई जैसी खस्ता-कुरकुरी मीठी मठरी,...

मैदा नहीं! गेहूं के आटे से बनाएं हलवाई जैसी खस्ता-कुरकुरी मीठी मठरी, नोट करें रेसिपी

6
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

त्योहारों पर मीठी मठरी बनाने की सोच रहे हैं, तो ये रेसिपी आपके लिए है। बिल्कुल सही माप के साथ आटा लगाकर मठरी बनाएंगे तो बिल्कुल हलवाई जैसा खस्ता और कुरकुरा स्वाद आएगा। आइए जानते हैं पूरी रेसिपी।

त्योहारों पर मेहमानों को सर्व करने के लिए कोई स्नैक बनाने की सोच रहे हैं, तो मीठी मठरी एक अच्छा ऑप्शन हो सकता है। इनका खस्ता और कुरकुरा स्वाद चाय के साथ बहुत बढ़िया लगता है। आमतौर पर मठरी मैदा से बनती है, लेकिन अगर आप इन्हें हेल्दी ट्विस्ट देना चाहते हैं तो गेहूं के आटे से भी मठरी बनाकर तैयार कर सकते हैं। ये इतनी खस्ता और स्वादिष्ट बनती हैं कि खा कर मजा आ जाता है। इन्हें बनाने के लिए ज्यादा चीजों की भी जरूरत नहीं होती। बस सही तरीके से आटा लगाया जाए तो हलवाई जैसी खस्ता-कुरकुरी मठरी बनकर तैयार होती हैं। बच्चे अक्सर बाहर का खाने की जिद करते हैं, तो ये मीठी मठरी आप डिब्बे में बनाकर रख सकते हैं। तो चलिए फटाफट से इनकी रेसिपी जान लेते हैं।

खस्ता मीठी मठरी बनाने के लिए सामग्री

गेहूं के आटे की खस्ता और कुरकुरी मीठी मठरी बनाने के लिए आपको जिन सामग्रियों की जरूरत होगी वो हैं- गेहूं का आटा (2 कप), सूजी (आधा कप), सफेद तिल (1 चम्मच), सौंफ (1 चम्मच), इलायची पाउडर (आधा चम्मच), देसी घी (4-5 चम्मच), चीनी (1 कप), पानी (आधा कप), तलने के लिए तेल।

गेहूं के आटे से मीठी मठरी बनाने की विधि

स्टेप 1- मठरी का आटा लगाकर तैयार करें

सबसे पहले एक परात में गेहूं का आटा लें। इसमें थोड़ी सी सूजी एड करें। सूजी मिलाने से मठरी खस्ता और कुरकुरी बनती हैं। इन्हें और स्वादिष्ट बनाने के लिए थोड़े से सफेद तिल, सौंफ और इलायची पाउडर मिला सकते हैं।

स्टेप 2- मोयन कितना लगाना है?

खस्ता मठरी के लिए मोयन सही मात्रा में लगाना जरूरी है। इतने आटे के लिए 4-5 चम्मच देसी घी काफी रहेगा। इसे आटे में मिलाने से पहले मेल्ट कर लें, फिर आटे में डालकर अच्छे से मिक्स करें। आटे को मुट्ठी में बांध कर देखें, अगर इनका लड्डू बंध रहा है तो मोयन सही मात्रा में लगा है। वरना थोड़ा सा देसी घी और मिलाया जा सकता है।

स्टेप 3- चीनी वाले पानी से लगाएं मठरी का आटा

मीठी मठरी का आटा चीनी वाले पानी से लगाया जाता है। इसके लिए पानी में चीनी को अच्छे से घोलकर एक चाशनी तैयार कर लें। इसे गैस पर पकाने की जरूरत नहीं है। अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर मठरी का आटा गूंथ लें। ये आटा सख्त होना चाहिए।

स्टेप 4- मठरी को गोल शेप दें

अब आटे से छोटी-छोटी बनाकर तैयार करें। एक लोई को हाथों से हल्का सा दबाएं और बेलकर मठरी की शेप दें। इन्हें बहुत ज्यादा मोटा ना रखें और ना ही बहुत ज्यादा पतला बेलें।

स्टेप 5- गरमा-गरम तेल में तलें

एक कड़ाही में तेल गर्म करें। जैसे ही तेल मीडियम गर्म हो जाए, गैस की फ्लेम धीमी कर दें। अब धीमी आंच पर मठरी को गोल्डन और क्रिस्पी होने तक फ्राई कर लें। धीमी आंच पर फ्राई करने से ये महीनों तक क्रिस्पी बनी रहती हैं।

स्टोरेज टिप्स- फ्राई करने के बाद मठरी को ठंडा होने दें। फिर इन्हें एक एयर टाइट कंटेनर में स्टोर कर के रख दें।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN