Home - क्रैक हो रही iPhone Duo की स्क्रीन! अब Apple ने स्टोर्स और...

क्रैक हो रही iPhone Duo की स्क्रीन! अब Apple ने स्टोर्स और सर्विस टीम को दिया यह निर्देश

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

जैसे ही iPhone Duo की बिक्री शुरू हुई और यह ग्राहकों तक पहुंचा, उसके कुछ ही समय बाद कुछ यूजर्स ने इसकी स्क्रीन क्रैक होने की शिकायत कर दी। अब खुद ऐप्पल ने अपने रिटेल स्टोर्स और ऑथराइज्ड सर्विस सेंटर्स को हिदायत दी है कि इन मामलों से कैसे निपटना है।

लॉन्च से समय iPhone Duo अपनी कीमत को लेकर सुर्खियों में था। सेल शुरू होने के बाद कुछ यूजर्स ने इसकी स्क्रीन क्रैक होने की शिकायत की, जिससे यह एक बार फिर चर्चा में आ गया है। अब ऐप्पल ने अपने रिटेल स्टोर्स और ऑथराइज्ड सर्विस सेंटर्स की टीम को यह हिदायत दी है कि उन्हें iPhone Duo की स्क्रीन क्रैक होने की शिकायतों को कैसे संभालना है। कंपनी ने टेक्निशियन्स से कहा है कि वे प्रभावित डिवाइस की जांच करें और उसे अपनी रेगुलर सर्विस प्रोसेस के अनुसार ही रिपेयर करें या बदलें। यह कदम इसलिए उठाया गया है क्योंकि आईफोन डुओ के कुछ शुरुआती खरीदारों में स्क्रीन डैमेज होने की शिकायत की है।

कुछ ही यूनिट्स में सामने आई समस्या

मैकरूमर्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, इस हफ्ते एक इंटरनल मेमो के जरिए कंपनी ने ऐप्पल स्टोर्स और ऑथराइज्ड सर्विस प्रोवाइडर्स को इस बारे में निर्देश दिए गए हैं। ऐप्पल का कहना है कि यह समस्या आईफोन डुओ के बहुत कम यूनिट्स में ही देखने को मिल रही है। इससे पहले कंपनी ने डिस्प्ले से जुड़ी समस्याओं का सामना कर रहे ग्राहकों को सलाह दी थी कि वे रिप्लेसमेंट के लिए ऐप्पलकेयर से संपर्क करें। कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया है कि ज्यादातर यूनिट्स में यह समस्या नहीं है और यह खराबी इस्तेमाल शुरू करने के कुछ समय बाद ही सामने आ जाती है।

iPhone Duo की स्क्रीन क्यों क्रैक हो रही है?

आईफोन डुओ की बिक्री शुरू होने के बाद, यह फोन जब ग्राहकों तक पहुंचा, तो उसके कुछ ही समय बाद स्क्रीन क्रैक होने की खबरें सामने आने लगीं। कुछ यूजर्स ने इनर डिस्प्ले पर, खासकर बीच के हिंज के आसपास, क्रैक और चमकदार लाइनें दिखने की सोशल मीडिया पर तस्वीरें शेयर कीं। ‘मैकरूमर्स’की एक रिपोर्ट के अनुसार, ऑस्ट्रेलिया के एक आईफोन डुओ के मालिक ने बताया कि उन्होंने फोन को 20 बार भी नहीं खोला होगा और उससे पहले ही स्क्रीन में दरार आ गई, जबकि पहले फोन में कोई भी डैमेज नहीं दिख रहा था।

हालांकि ऐप्पल ने यह नहीं बताया है कि स्क्रीन क्रैक होने की समस्या किस वजह से हो रही है, लेकिन रिपेयर वेबसाइट iFixit द्वारा किए गए शुरुआती विश्लेषण से पता चलता है कि दिक्कत शायद हिंज मैकेनिज्म में हो सकती है। टीम ने हिंज का 3D मॉडल बनाने के लिए इसके अलग-अलग हिस्सों की फुटेज, पेटेंट और CT स्कैन का इस्तेमाल किया, और फिर इसकी तुलना सामने आई खराबी से की।

iFixit के अनुसार, फोन को मोड़ने पर हिंज के अंदर मौजूद एक सेंट्रल सपोर्ट बार शायद ठीक से पीछे नहीं हट रहा है। इससे इनर डिस्प्ले के एक छोटे हिस्से पर अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है और उसमें दरार आ सकती है। हालांकि, यह केवल एक संभावित कारण है, और ऐप्पल ने अभी तक इसकी पुष्टि नहीं की है।

वारंटी के बाद इतना आएगा स्क्रीन रिपेयरिंग का खर्च

रिपेयर वेबसाइट ने यह भी पाया कि iPhone Duo की इनर डिस्प्ले ठीक करना कोई आसान काम नहीं है, भले ही उन्होंने इस डिवाइस को अब तक खोले गए फोल्डेबल फोन्स में सबसे आसानी से रिपेयर होने वाला डिवाइस बताया है। iFixit ने इसे 10 में से 5 का रिपेयरेबिलिटी स्कोर दिया है। उन्होंने यह भी बताया कि वारंटी खत्म होने के बाद स्क्रीन रिपेयर कराने का खर्च अमेरिका में 999 डॉलर (लगभग 94,817 रुपये) तक आ सकता है।

फिलहाल, ऐप्पल ने इस समस्या के लिए किसी ‘रीकॉल’ या किसी पब्लिक रिपेयर प्रोग्राम की घोषणा नहीं की है। इसके बजाय, कंपनी के नए निर्देशों में टेक्निशियन्स से कहा गया है कि वे डिवाइस की जांच करने में और रिपेयर करने में कंपनी की रेगुलर सर्विस प्रोसेस का ही पालन करें। इसका मतलब यह है कि स्क्रीन क्रैक होने की समस्या से परेशान ग्राहकों को अपने डिवाइस की जांच कराने के लिए ऐप्पलकेयर से संपर्क करना चाहिए या किसी ऐप्पल सर्विस प्रोवाइडर के पास जाना चाहिए।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN