Home rss sports hindi पाकिस्तान क्रिकेट के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में बड़े बदलाव की तैयारी, रिजवान और...

पाकिस्तान क्रिकेट के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में बड़े बदलाव की तैयारी, रिजवान और इमाम उल हक का कट सकता है पत्ता

5
0

Source :- KHABAR INDIATV

पाकिस्तान क्रिकेट में बड़े बदलाव की आहट है। पाकिस्तान क्रिकेट टीम के हेड कोच माइक हेसन ने आगामी सीजन के लिए कुछ युवा खिलाड़ियों के नाम सुझाए हैं, जिन्हें पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड यानी PCB के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में जगह मिल सकती है। वहीं, टीम के अनुभवी खिलाड़ी मोहम्मद रिजवान और इमाम उल हक को इस बार बड़ा झटका लग सकता है। खबरों के मुताबिक, दोनों खिलाड़ियों को 2026-27 सीजन के लिए सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट नहीं दिए जाने की संभावना है।

पाकिस्तान के हेड कोच माइक हेसन ने बोर्ड को उन युवा खिलाड़ियों की सूची सौंपी है, जिन्होंने हाल के समय में अपने प्रदर्शन और क्षमता से प्रभावित किया है। एक बोर्ड अधिकारी के हवाले से सामने आई जानकारी के मुताबिक, अराफात मिन्हास, साद बैग, हसन नवाज, आकिफ जावेद, अली रजा, अहसान दानियाल, सूफियान मुकीम, माज सदाकत, रजाउल्लाह, अजान अवैस, इमरान रंधावा, अब्दुल्ला फजल और गाजी घोरी को नए सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में शामिल किया जा सकता है। हालांकि, युवा खिलाड़ियों के नाम लगभग तय माने जा रहे हैं, लेकिन अनुभवी क्रिकेटरों को लेकर बोर्ड अभी अंतिम फैसला नहीं कर पाया है।

सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट से हो सकती है रिजवान और इमाम की छुट्टी

PTI को पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के एक सूत्र ने बताया कि इस बार कुछ सीनियर खिलाड़ियों को सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट की सूची से बाहर किया जा सकता है। इनमें मोहम्मद रिजवान और इमाम उल हक के नाम भी शामिल हैं। अगर ऐसा होता है तो पाकिस्तान क्रिकेट के इन अनुभवी खिलाड़ियों के लिए यह बड़ा झटका होगा।

दरअसल, कोच माइक हेसन टीम में जगह बनाए रखने के लिए खिलाड़ियों की फिटनेस, मैदान पर कोचिंग स्टाफ की रणनीति को लागू करने की क्षमता और अपने खेल में लगातार सुधार करने की इच्छा को अहम मान रहे हैं। इसके अलावा ड्रेसिंग रूम में खिलाड़ियों के व्यवहार और टीम के प्रति उनके रवैये पर भी ध्यान दिया जा रहा है। हेसन का मानना है कि जिन युवा खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा दिखाई है और टीम के माहौल में सकारात्मक योगदान देने की क्षमता रखते हैं, उन्हें बेहतर सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट देकर प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।

नए कॉन्ट्रैक्ट का जल्द हो सकता है ऐलान

दूसरी ओर, पाकिस्तान के कई बड़े खिलाड़ियों को नए कॉन्ट्रैक्ट में बरकरार रखे जाने की उम्मीद है। बाबर आजम, शाहीन शाह अफरीदी और साहिबजादा फरहान के अलावा सलमान अली आगा, सऊद शकील, हारिस रऊफ, नसीम शाह, फखर जमान और सैम अयूब को भी कॉन्ट्रैक्ट मिलने की संभावना है। हालांकि, इनमें से कुछ खिलाड़ियों को सभी फॉर्मेट के बजाय सिर्फ रेड बॉल या व्हाइट बॉल क्रिकेट के लिए ही कॉन्ट्रैक्ट दिया जा सकता है।

गौरतलब है कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने 2026-27 सीजन के नए सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट का ऐलान अब तक नहीं किया है। पुराने कॉन्ट्रैक्ट 31 जुलाई को समाप्त हो चुके हैं। बोर्ड सूत्र के मुताबिक, इस देरी की वजह इंटरनेशनल और घरेलू क्रिकेट में खिलाड़ियों के हालिया प्रदर्शन का आकलन करना है। इसी के आधार पर तय किया जाएगा कि किन खिलाड़ियों को नए सीजन में सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट दिया जाना चाहिए।

(PTI Inputs)

यह भी पढ़ें:

टीम इंडिया ने रचा इतिहास, एक कैलेंडर ईयर में ठोक दिए 400 T20I सिक्स, दुनिया की पहली टीम बनी

ईशान किशन ने T20I में चकनाचूर किया सूर्यकुमार यादव का रिकॉर्ड, बने एक साल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय

Latest Cricket News

SOURCE : KHABAR INDIAN TV