Source :- LIVE HINDUSTAN
अगर आपको बिरयानी खाना पसंद है, तो इस बार चिकन या वेज बिरयानी की जगह आलू दम बिरयानी ट्राई करें। मसालों में पके आलू और खुशबूदार चावल का यह कॉम्बिनेशन खाने में बहुत स्वादिष्ट लगता है। नोट कर लें इसकी रेसिपी।
बिरयानी खाने का मन हो, तो हर बार चिकन या वेज बिरयानी ही क्यों? अगर आपको आलू पसंद हैं, तो आलू दम बिरयानी भी जरूर ट्राई करनी चाहिए। इसका स्वाद बाकी बिरयानी से थोड़ा अलग होता है। इसमें आलू का मसालेदार स्वाद और चावल की खुशबू मिलकर ऐसा कॉम्बिनेशन बनाते हैं कि खाने का मन करता रहता है। खास बात यह है कि इसे घर पर भी आसानी से बनाया जा सकता है। बस कुछ छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखना जरूरी है, ताकि चावल खिले-खिले रहें और आलू में मसालों का स्वाद अच्छी तरह आए। तो चलिए जानते हैं इसकी आसान रेसिपी।
आलू दम बिरयानी बनाने के लिए सामग्री
बासमती चावल – 2 कप
छोटे आलू – 8 से 10
प्याज – 2 बड़े
टमाटर – 1
दही – आधा कप
अदरक-लहसुन का पेस्ट – 1 बड़ा चम्मच
हरी मिर्च – 2
बिरयानी मसाला – 1 बड़ा चम्मच
हल्दी – आधा छोटा चम्मच
लाल मिर्च पाउडर – 1 छोटा चम्मच
धनिया पाउडर – 1 छोटा चम्मच
गरम मसाला – आधा छोटा चम्मच
जीरा – आधा छोटा चम्मच
तेजपत्ता – 2
दालचीनी – 1 टुकड़ा
इलायची – 2
लौंग – 3 से 4
हरा धनिया और पुदीना – थोड़ा सा
तेल या घी – जरूरत के हिसाब से
नमक – स्वाद के हिसाब से
केसर वाला दूध – 2 बड़े चम्मच (वैकल्पिक)
स्टेप 1
- आलू दम बिरयानी बनाने के लिए सबसे पहले बासमती चावल को 2-3 बार पानी से धो लें। अब इसे करीब 20 से 30 मिनट तक पानी में भिगोकर रख दें। इससे चावल अच्छी तरह पकेंगे और टूटेंगे भी नहीं।
- एक बड़े बर्तन में पानी गर्म करें। इसमें तेजपत्ता, दालचीनी, इलायची, लौंग और थोड़ा नमक डालें। पानी में उबाल आने पर भीगे हुए चावल डाल दें। चावल को करीब 70 प्रतिशत तक पकाएं। इसके बाद पानी छानकर चावल अलग रख दें। ध्यान रखें कि चावल पूरी तरह न पकें, क्योंकि इन्हें बाद में आलू के साथ भी दम पर पकाना है।
स्टेप 2
- अब छोटे आलू लें और उन्हें अच्छी तरह धोकर छील लें। अगर आलू बड़े हैं, तो उन्हें दो हिस्सों में काट सकते हैं। कांटे की मदद से आलू में हल्के छेद कर दें, ताकि मसाले अंदर तक पहुंच सकें।
- एक कड़ाही में तेल गर्म करें और आलू को हल्का सुनहरा होने तक फ्राई कर लें। इन्हें प्लेट में निकालकर अलग रख दें। आलू को बहुत ज्यादा न तलें, क्योंकि इन्हें बाद में मसालों के साथ भी पकाना है।
स्टेप 3
- अब एक कड़ाही में थोड़ा तेल या घी गर्म करें। इसमें जीरा, तेजपत्ता, दालचीनी, इलायची और लौंग डालें। कुछ सेकंड बाद बारीक कटा प्याज डालकर सुनहरा होने तक भूनें। अब अदरक-लहसुन का पेस्ट और हरी मिर्च डालकर अच्छी तरह मिलाएं।
- इसके बाद कटे हुए टमाटर डालें। जब टमाटर नरम हो जाएं, तो हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर, बिरयानी मसाला और नमक डालें। अब इसमें फेंटा हुआ दही डालकर मिलाएं। मसाले को तब तक पकाएं, जब तक तेल हल्का अलग नजर आने लगे।
स्टेप 4
- अब फ्राई किए हुए आलू मसाले वाली कड़ाही में डाल दें। इन्हें अच्छी तरह मिलाएं, ताकि हर आलू पर मसाला लग जाए। थोड़ा सा पानी डालकर कड़ाही को ढक दें और धीमी आंच पर 8 से 10 मिनट तक पकाएं।
- जब आलू में मसाले का स्वाद अच्छी तरह आ जाए और वे नरम हो जाएं, तो गैस बंद कर दें। ध्यान रखें कि ग्रेवी बहुत पतली न हो। बिरयानी की लेयर बनाते समय मसाले गाढ़े रहेंगे, तो चावल में उनका स्वाद अच्छी तरह आएगा।
स्टेप 5
- अब एक मोटे तले वाले बर्तन में सबसे पहले आलू और मसाले की एक परत फैलाएं। इसके ऊपर आधे पके हुए चावल डालें। फिर थोड़ा हरा धनिया, पुदीना और गरम मसाला छिड़कें। चाहें तो ऊपर से केसर वाला दूध और थोड़ा घी भी डाल सकते हैं।
- इसके बाद बचे हुए आलू और चावल की एक और परत बना दें। सबसे ऊपर थोड़ा धनिया और पुदीना डालें। अब बर्तन का ढक्कन अच्छी तरह बंद कर दें। अगर ढक्कन से भाप बाहर निकलती है, तो किनारों पर आटा लगाकर भी बंद कर सकते हैं।
स्टेप 6
- अब बर्तन को धीमी आंच पर करीब 15 से 20 मिनट तक पकने दें। आप चाहें तो बर्तन के नीचे तवा रख सकते हैं। इससे बिरयानी नीचे से जलेगी नहीं और चावल भी अच्छी तरह पकेंगे।
- गैस बंद करने के बाद बिरयानी को 5 से 10 मिनट तक ढका रहने दें। फिर चम्मच से हल्के हाथों से चावल निकालें, ताकि उनकी परत न टूटे। आपकी मसालेदार और खुशबूदार आलू दम बिरयानी तैयार है।
आलू दम बिरयानी के साथ क्या परोसें?
आलू दम बिरयानी का स्वाद रायते के साथ और भी अच्छा लगता है। आप इसके साथ खीरे का रायता, प्याज का सलाद, हरी चटनी या नींबू के टुकड़े रख सकते हैं। अगर आपको तीखा खाना पसंद है, तो साथ में हरी मिर्च भी परोस सकते हैं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN


