Home Latest news ताज़ा खबर भारतीय बल्लेबाज ने ध्वस्त किया 123 साल पुराना वर्ल्ड रिकॉर्ड, फर्स्ट क्लास...

भारतीय बल्लेबाज ने ध्वस्त किया 123 साल पुराना वर्ल्ड रिकॉर्ड, फर्स्ट क्लास क्रिकेट में रचा नया इतिहास

6
0

Source :- INDIATV NEWS

क्रिकेट में कुछ रिकॉर्ड ऐसे होते हैं, जिन्हें टूटने में सालों नहीं, बल्कि सदियां लग जाती हैं। भारतीय घरेलू क्रिकेट में ऐसा ही एक कारनामा 29 साल के बल्लेबाज चिन्मय सुतार ने कर दिखाया है। मिजोरम की ओर से खेल रहे इस बल्लेबाज ने अपने फर्स्ट क्लास करियर की शुरुआती पांच पारियों में इतने रन बना दिए कि 123 साल पुराना वर्ल्ड रिकॉर्ड चकनाचूर हो गया। सुतार ने ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज बल्लेबाज विलियम पोंसफोर्ड का रिकॉर्ड पीछे छोड़ते हुए इतिहास रच दिया है।

2026-27 रणजी ट्रॉफी के प्लेट ग्रुप में खेल रहे चिन्मय सुतार ने अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ मुकाबले में भी शानदार बल्लेबाजी जारी रखी। सुतार अपनी पांचवीं फर्स्ट क्लास पारी में 135 रन बनाकर नाबाद रहे। इसके साथ ही उनके शुरुआती पांच फर्स्ट क्लास पारियों का कुल स्कोर 794 रन पहुंच गया। इस तरह उन्होंने फर्स्ट क्लास क्रिकेट की शुरुआती पांच पारियों में सबसे ज्यादा रनों का वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। इससे पहले यह रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के विलियम पोंसफोर्ड के नाम था, जिन्होंने अपने शुरुआती पांच फर्स्ट क्लास पारियों में 724 रन बनाए थे।

दूसरे ही मैच में खेली ऐतिहासिक पारी

सुतार ने अपने फर्स्ट क्लास करियर की शुरुआत मणिपुर के खिलाफ की थी। पहली पारी में उन्होंने 35 रन बनाए, जबकि दूसरी पारी में शतक के बेहद करीब पहुंचकर 99 रन पर रन आउट हो गए। हालांकि, अगली ही पारी में उन्होंने ऐसी बल्लेबाजी की, जिसने उन्हें घरेलू क्रिकेट में चर्चा का विषय बना दिया।

नागालैंड के खिलाफ मुकाबले में सुतार ने नाबाद 400 रन की ऐतिहासिक पारी खेली। उन्होंने 517 गेंदों का सामना करते हुए 46 चौके और सात छक्के लगाए। उनकी इस शानदार पारी की बदौलत मिजोरम ने 9 विकेट पर 581 रन बनाकर अपनी पारी घोषित की। इस दौरान उन्होंने पृथ्वी शॉ के 379 रन के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए रणजी ट्रॉफी इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर भी अपने नाम किया।

रणजी में 400 रन बनाने वाले सिर्फ दूसरे बल्लेबाज

इस मुकाबले में सुतार को दूसरे छोर से आखिरी विकेट के लिए लालरेमपुइया का साथ मिला। उन्होंने 76 गेंदों पर नाबाद 14 रन बनाए और सुतार के साथ अहम साझेदारी की। रणजी ट्रॉफी में 400 रन बनाने वाले सुतार केवल दूसरे बल्लेबाज बने। उनसे पहले 1948-49 के सीजन में भाऊसाहेब निंबालकर ने नाबाद 443 रन की पारी खेली थी।

नागालैंड के खिलाफ 400 रन की पारी खेलने के बाद भी सुतार का बल्ला नहीं रुका। उन्होंने मेघालय के खिलाफ अगली पारी में 125 रन बनाए और फिर अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ भी अपनी शानदार फॉर्म जारी रखी। इस तरह उनकी पहली पांच पारियों का स्कोर 35, 99, नाबाद 400, 125 और नाबाद 135 रन रहा। मुंबई में जन्मे चिन्मय सुतार इससे पहले घरेलू क्रिकेट में मुंबई का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।

यह भी पढ़ें:

शुभमन गिल के निशाने पर बड़ा रिकॉर्ड, न्यूजीलैंड में 105 रन बनाते ही रचेंगे इतिहास

IND vs NZ ODI सीरीज से पहले आई बड़ी खुशखबरी, भारतीय तेज गेंदबाज हुआ फिट, जल्द न्यूजीलैंड होंगे रवाना

Latest Cricket News

SOURCE : INDIATV NEWS