Source :- LIVE HINDUSTAN
एंगेलाब स्क्वायर के पास लगे होर्डिंग में ट्रंप के साथ अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को दिखाया गया है। इन सभी के चेहरे खून से सने हुए हैं और कपड़े फटे हुए हैं।
ईरान की राजधानी तेहरान में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का एक बड़ा सा होर्डिंग लगाया गया। इसमें ट्रंप को जेल की सलाखों के पीछे सिर झुकाए दिखाया गया है। होर्डिंग पर बड़े अक्षरों में लिखा है, ‘हम ट्रंप को मार डालेंगे’। यह होर्डिंग तेहरान के व्यस्त इलाके एंगेलाब स्क्वायर पर लगाया गया है। इसके अलावा शहर में कई जगह ऐसे बैनर और पोस्टर लगाए गए हैं, जिनमें अमेरिका और इजरायल के खिलाफ बदले की बात कही गई है। इन संदेशों के जरिए ईरान ने युद्ध के बाद भी अमेरिका के प्रति अपनी नाराजगी जाहिर की है।
एंगेलाब स्क्वायर के पास लगे एक बड़े होर्डिंग में ट्रंप के साथ अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को दिखाया गया है। इन सभी के चेहरे खून से सने हुए हैं और कपड़े फटे हुए हैं। पीछे अमेरिका और इजरायल के पुराने और फटे झंडे दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान स्क्वायर पर दर्जनों लोग जमा हुए। उनके हाथों में लाल झंडे और बैनर थे। इन पर ‘खून बहेगा’ जैसे संदेश लिखे थे। प्रदर्शनकारी 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल के हमलों में मारे गए ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत का बदला लेने की मांग कर रहे थे।
ट्रंप का मजाक उड़ाने वाले होर्डिंग
अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद ही मध्य पूर्व में युद्ध शुरू हुआ। तेहरान में पिछले कुछ समय से ऐसे होर्डिंग लगातार लगाए जा रहे हैं, जिनमें ट्रंप का मजाक उड़ाया जाता है और अमेरिका पर जीत का दावा किया जाता है। इस बीच, ईरान और अमेरिका के बीच बातचीत शुरू कराने की कोशिशें भी तेज हुई हैं। दोनों देशों के बीच कूटनीतिक प्रयासों का मकसद क्षेत्र में दोबारा युद्ध शुरू होने से रोकना है। इस संघर्ष का असर पूरे इलाके में फैल चुका है और दुनिया भर में कीमतें बढ़ी हैं।
ट्रंप के खिलाफ खुली प्रदर्शनी
डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को कहा कि ईरान के साथ समझौता हो सकता है। इसी दिन अमेरिका में अहम मध्यावधि चुनाव भी हो रहे हैं। ईरान युद्ध को लेकर अमेरिकी मतदाताओं में नाराजगी को इन चुनावों में एक अहम मुद्दा माना जा रहा है। वहीं, तेहरान के उत्तरी हिस्से में स्थित ताजरीश स्क्वायर पर ट्रंप के खिलाफ खुली प्रदर्शनी लगाई गई है। इसमें कई पेंटिंग रखी गई हैं। एक तस्वीर में ट्रंप का चेहरा खून से सना हुआ जमीन पर पड़ा है और एक पैर उनके सिर पर रखा हुआ है। दूसरी तस्वीर में उनके चेहरे को बम से ढका हुआ दिखाया गया है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




