Source :- KHABAR INDIATV
संगीत की दुनिया में कई कलाकार अपनी आवाज और हुनर से लोगों के दिलों में खास जगह बना लेते हैं। ऐसे ही एक लोक गायक हैं सुनील लोधी, जिन्होंने अपनी गायकी से दर्शकों के बीच पहचान बनाई है। इस साल रिलीज हुई फिल्म ‘हनुमान अंश’ में उनका गाना ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान’ काफी लोकप्रिय हुआ था। दृष्टिबाधित होने के बावजूद सुनील ने अपनी प्रतिभा के दम पर संगीत की दुनिया में खास मुकाम हासिल किया है। अब उनके चाहने वालों के लिए एक उम्मीद भरी खबर सामने आई है। सुनील लोधी की आंखों के इलाज की प्रक्रिया शुरू हो गई है। सिंगर ने खुद सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें और वीडियो साझा कर इसकी जानकारी दी है। उन्होंने भावुक पोस्ट लिखकर भगवान से अपनी जिंदगी में दोबारा रोशनी लौटाने की प्रार्थना की है।
सुनील लोधी ने साझा किया भावुक पोस्ट, भगवान से मांगी आंखों की रोशनी
सुनील लोधी ने मंगलवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर आंखों के अस्पताल से कुछ तस्वीरें साझा कीं। इन तस्वीरों के साथ उन्होंने बताया कि उनके आंखों के इलाज की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इस मौके पर उन्होंने भगवान के प्रति आभार जताते हुए एक भावुक संदेश भी लिखा। सुनील ने कहा कि जीवन की हर मुश्किल परिस्थिति में ईश्वर ने उन्हें हिम्मत और सहारा दिया है। अब उन्हें उम्मीद है कि इलाज के जरिए उनकी जिंदगी में फिर से रोशनी आ सकती है। गायक ने अपनी पोस्ट में लिखा, ‘हे ईश्वर! आपने हर कठिनाई में मुझे अपार सहारा और हौसला दिया है। आज मेरी आंखों के इलाज की प्रक्रिया शुरू हो गई है। आप सभी की दुआओं और आशीर्वाद ने मेरे मन में एक नई उम्मीद जगाई है। मेरी बस यही प्रार्थना है कि भगवान मेरी जिंदगी में रोशनी लौटा दें और मैं इस खूबसूरत दुनिया को अपनी आंखों से देख सकूं।’ उन्होंने अपने प्रशंसकों और शुभचिंतकों से भी दिल से दुआ करने की अपील की। सुनील ने लिखा कि लोगों का प्यार, आशीर्वाद और प्रार्थनाएं ही उनकी सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने भगवान से एक और कृपा करने की गुहार लगाते हुए कहा कि उन्हें उनकी आंखों की रोशनी वापस मिल जाए। उनकी इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर फैंस और संगीत प्रेमी उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
यहां देखें पोस्ट
अस्पताल पहुंचे सुनील लोधी, आज मिलेंगी जांच की रिपोर्ट
सुनील ने बुधवार को भी अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया। इसमें वह आंखों के अस्पताल पहुंचे हुए दिखाई दिए। उन्होंने वीडियो के जरिए अपने इलाज से जुड़ा नया अपडेट दिया और बताया कि उनकी जांच की रिपोर्ट आज मिलने वाली है। रिपोर्ट आने के बाद ही आंखों की स्थिति और आगे के इलाज को लेकर अधिक जानकारी सामने आ सकेगी। उनकी इस पोस्ट से प्रशंसकों के बीच उम्मीद बढ़ी है। लोग लगातार कमेंट करके उनके लिए प्रार्थना कर रहे हैं। सुनील की कहानी इसलिए भी खास है, क्योंकि दृष्टिबाधित होने के बावजूद उन्होंने संगीत को अपनी पहचान बनाया और अपनी आवाज के दम पर बड़ी संख्या में लोगों तक पहुंचे।
सीएम मोहन यादव के निर्देश पर शुरू हुई इलाज की प्रक्रिया
सुनील लोधी के इलाज को लेकर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की ओर से भी पहल किए जाने की जानकारी सामने आई है। ‘बुंदेली दुनिया’ नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा की गई पोस्ट के मुताबिक, मुख्यमंत्री के निर्देश पर सागर स्थित बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में सुनील की स्वास्थ्य जांच और आंखों की विस्तृत जांच कराई गई। पोस्ट में बताया गया कि मुख्यमंत्री की इच्छा और निर्देश के अनुसार सुनील लोधी का मेडिकल चेकअप किया गया। इसके बाद उन्होंने कलेक्टर दिलीप कुमार यादव से उनके कार्यालय में मुलाकात भी की। इस पहल को उनके इलाज की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया गया है। पोस्ट के मुताबिक, मुख्यमंत्री के निर्देश और कलेक्टर की विशेष पहल से सुनील के उपचार की प्रक्रिया आगे बढ़ी है।
‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान’ गाने से मिली खास पहचान
सुनील लोधी को इस साल रिलीज हुई फिल्म ‘हनुमान अंश’ के गाने ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान’ से खास लोकप्रियता मिली। उनके इस भक्ति गीत को दर्शकों ने खूब पसंद किया और उनकी आवाज की सराहना की। इस गाने ने उन्हें बड़ी संख्या में नए श्रोताओं तक पहुंचाया।
ये भी पढ़ें: रामायण के दो नहीं होंगे तीन पार्ट? रणबीर कपूर ने दिया बड़ा हिंट, यश के रिएक्शन ने बढ़ाई फैंस की एक्साइटमेंट
SOURCE : KHABAR INDIATV




