Source :- LIVE HINDUSTAN
मुख्य बातें
- नायका ने तिमाही के दौरान कंपनी का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 207% बढ़कर 101 करोड़ रुपये पर पहुंच गया
- सितंबर तिमाही में छह नए शहरों में 14 और स्टोर खुलने के बाद नायका का ब्यूटी रिटेल नेटवर्क 111 शहरों में फैलकर 338 स्टोर तक पहुंच गया है
Nykaa Q2 Result: फैशन रिटेलर नायका (FSN ई-कॉमर्स वेंचर्स लिमिटेड) ने सितंबर तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। इस तिमाही के दौरान कंपनी का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 207% बढ़कर 101.19 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। यह पिछले साल की इसी अवधि में 32.98 करोड़ रुपये था। यह तिमाही नतीजे ऐसे समय में आए हैं जब कंपनी के शेयर की क्लोजिंग अपने 52 हफ्ते के बेस्ट परफॉर्मेंस के करीब हुई है।
बता दें कि बीते 2 नवंबर को शेयर बीएसई पर 356.50 रुपये तक गया था। वहीं, 4 नवंबर को क्लोजिंग 355.10 रुपये पर हुई। शेयर पर ब्रोकरेज आनंद राठी पहले से ही फिदा है। ब्रोकरेज ने बीते दिनों शेयर के लिए 400 रुपये का टारगेट प्राइस तय किया था।
नायका का रेवेन्यू
नायका का दूसरी तिमाही में नेट रेवेन्यू सालाना आधार पर 28% बढ़कर 3006 करोड़ रुपये हो गया, जबकि पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में यह 2345 करोड़ रुपये था। दूसरी तिमाही में ग्रॉस प्रॉफिट सालाना आधार पर 31% बढ़कर 1,382 करोड़ रुपये रहा। एबिटा की बात करें तो सालाना आधार पर 65% बढ़कर 263 करोड़ रुपये हो गया। एबिटा मार्जिन वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही में बढ़कर 8.7% हो गया। टैक्स से पहले का प्रॉफिट 149 करोड़ रुपये रहा, जो सालाना आधार पर 168% की वृद्धि है।
सिंपली नाम का अधिग्रहण
इसके अलावा, नायका ने ‘सिंपली नाम’ (Simply Nam) में 82% की बड़ी हिस्सेदारी खरीदने की घोषणा की है। यह डील 33 करोड़ रुपये तक की कीमत में होगा। ‘सिंपली नाम’ भारत का एक प्रमुख सेलिब्रिटी मेकअप आर्टिस्ट ब्रांड है। रेगुलेटरी मंजूरियों और अन्य शर्तों के पूरा होने के बाद इस डील के वित्त वर्ष 2027 की तीसरी तिमाही (Q3) में पूरा होने की उम्मीद है। इस अधिग्रहण से नायका का पोर्टफोलियो मजबूत होगा।
आपको बता दें कि सितंबर तिमाही में छह नए शहरों में 14 और स्टोर खुलने के बाद नायका का ब्यूटी रिटेल नेटवर्क 111 शहरों में फैलकर 338 स्टोर तक पहुंच गया है। इसका कुल रिटेल स्पेस सालाना आधार पर 26% बढ़कर 3.4 लाख वर्ग फुट से अधिक हो गया है।
आनंद राठी का क्या है अनुमान?
बीते दिनों ब्रोकरेज फर्म आनंद राठी ने नायका के शेयर पर कवरेज शुरू करते हुए इसे लंबी अवधि के लिए खरीदने (Buy) की सलाह दी थी। ब्रोकरेज ने शेयर के लिए 400 रुपये का टारगेट प्राइस तय किया था। आनंद राठी के मुताबिक, कंपनी के शेयर में मौजूदा स्तर से अच्छी तेजी की संभावना है। ब्रोकरेज ने वित्त वर्ष 2029 के अनुमानित EBITDA के 50 गुना वैल्यूएशन के आधार पर यह टारगेट दिया है।
उसका मानना है कि नायका को रिटेल सेक्टर की दूसरी कंपनियों के मुकाबले प्रीमियम वैल्यूएशन मिलना चाहिए, क्योंकि कंपनी के पास लंबी अवधि में ग्रोथ की बड़ी संभावनाएं हैं। साथ ही, ब्यूटी और पर्सनल केयर (BPC) कारोबार में मजबूत बाजार पकड़ और मार्जिन बढ़ाने की क्षमता भी है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




