Home rss business hindi 700 रुपये का शेयर 11 दिन में 1600 रुपये के पार, घाटे...

700 रुपये का शेयर 11 दिन में 1600 रुपये के पार, घाटे से मुनाफे में आई डिफेंस कंपनी

7
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • टोनबो इमेजिंग इंडिया के शेयर 11 दिन में 130% से अधिक चढ़ गए हैं
  • कंपनी के आईपीओ में शेयर का दाम 700 रुपये था
  • टोनबो इमेजिंग इंडिया के शेयर शुक्रवार को 1644.50 रुपये पर पहुंच गए हैं

हाल में बाजार में उतरी कंपनी टोनबो इमेजिंग इंडिया के शेयर रॉकेट सा उड़ रहे हैं। कंपनी के शेयर लिस्टिंग से लेकर आज तक 11 दिन में 700 रुपये से उछलकर 1600 रुपये के पार जा पहुंचे हैं। टोनबो इमेजिंग इंडिया के शेयर शुक्रवार को BSE में 7 पर्सेंट से अधिक की तेजी के साथ 1644.50 रुपये पर पहुंच गए हैं। कंपनी के शेयर गुरुवार को BSE में 20 पर्सेंट के उछाल के साथ 1533.65 रुपये पर बंद हुए थे। एयरोस्पेस एंड डिफेंस इंडस्ट्री से जुड़ी यह कंपनी घाटे से मुनाफे में आई है और इसी के बाद कंपनी के शेयरों में तूफानी तेजी देखने को मिल रही है। टोनबो इमेजिंग इंडिया के शेयर 23 अक्टूबर 2026 को बाजार में लिस्ट हुए हैं। 700 रुपये के आईपीओ प्राइस के मुकाबले कंपनी के शेयर 11 दिन में 130% से अधिक उछल गए हैं।

घाटे से मुनाफे में आई है डिफेंस कंपनी
एयरोस्पेस एंड डिफेंस कंपनी टोनबो इमेजिंग इंडिया (Tonbo Imaging India) घाटे से मुनाफे में आई है। कंपनी को चालू वित्त वर्ष की सितंबर तिमाही में टैक्स भुगतान के बाद 23.54 करोड़ रुपये का कंसॉलिडेटेड मुनाफा हुआ है। एक साल पहले की समान अवधि में टोनबो इमेजिंग इंडिया को 9.62 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था। कंपनी को ऑपरेशंस से मिलने वाला रेवेन्यू भी 5 गुना बढ़ गया है। चालू वित्त वर्ष की सितंबर तिमाही में टोनबो इमेजिंग इंडिया को ऑपरेशंस से मिला रेवेन्यू 183.29 करोड़ रुपये रहा है, जो कि एक साल पहले की समान अवधि में 36.01 करोड़ रुपये था।

बंपर फायदे के साथ हुई कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग
टोनबो इमेजिंग इंडिया (Tonbo Imaging India) की शेयर बाजार में जबरदस्त शुरुआत हुई। कंपनी के आईपीओ का प्राइस बैंड 665 से 700 रुपये था। वहीं, आईपीओ का फाइनल इश्यू प्राइस 700 रुपये था। टोनबो इमेजिंग इंडिया के शेयर 23 अक्टूबर को BSE में 1162 रुपये पर लिस्ट हुए और लिस्टिंग वाले दिन कंपनी के शेयर 1133.65 रुपये पर बंद हुए। वहीं, NSE में कंपनी के शेयर 1160 रुपये पर लिस्ट हुए और कारोबार के आखिर में 1133.80 रुपये पर बंद हुए।

132 गुना से ज्यादा सब्सक्राइब हुआ कंपनी का आईपीओ
टोनबो इमेजिंग इंडिया के आईपीओ पर टोटल 132.81 गुना दांव लगा। कंपनी के आईपीओ में आम निवेशकों या रिटेल इनवेस्टर्स का कोटा 31.11 गुना सब्सक्राइब हुआ। वहीं, एंप्लॉयीज कैटेगरी में 54.31 गुना सब्सक्रिप्शन मिला। टोनबो इमेजिंग इंडिया के आईपीओ में गैर संस्थागत निवेशकों या नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) कैटेगरी में 156.36 गुना सब्सक्रिप्शन मिला, जबकि क्वॉलीफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) का कोटा 293.56 गुना सब्सक्राइब हुआ। आईपीओ से पहले कंपनी में प्रमोटर एंड प्रमोटर ग्रुप की हिस्सेदारी 18.58 पर्सेंट थी, जो कि अब 14.56 पर्सेंट रह गई है।

टोनबो इमेजिंग इंडिया के आईपीओ के डीटेल्स
एयरोस्पेस एंड डिफेंस इंडस्ट्री की कंपनी टोनबो इमेजिंग इंडिया का आईपीओ दांव लगाने के लिए 15 अक्टूबर 2026 को खुला था और यह 19 अक्टूबर तक ओपन रहा। कंपनी के आईपीओ का टोटल साइज 852.09 करोड़ रुपये था। कंपनी के आईपीओ में आम निवेशक कम से कम 1 लॉट और अधिकतम 13 लॉट के लिए दांव लगा सकते थे। आईपीओ की एक लॉट में 21 शेयर थे। एक लॉट के लिए आम निवेशकों को 14,700 रुपये का निवेश करना पड़ा।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN