Source :- INDIATV NEWS

रांचीः बीजेपी ने SIR के मुद्दे पर कांग्रेस के नेताओं पर देश में उपद्रव की धमकी देने का आरोप लगाया है। आरोप है कि झारखंड सरकार में मंत्री और कांग्रेस के नेता इरफान अंसारी ने कहा कि चालीस लाख नौजवान तैयार बैठे हैं सिर्फ राहुल गांधी के इशारे का इंतजार है। आरोप है कि इरफान अंसारी ने कहा कि क्या चालीस लाख की भीड़ को सेना रोक लेगी। अगर सरकार नहीं सुधरी तो देश में नेपाल और बांग्लादेश से भी बुरे हालात बनेंगे।
हैरानी की बात ये है कि कांग्रेस के दूसरे नेताओं ने भी इरफान अंसारी का सपोर्ट किया। सहारनपुर से कांग्रेस के सांसद इमरान मसूद ने कहा कि इरफान अंसारी की बात बिल्कुल सही है। देश में जो हालात हैं उससे तो लगता है कि बहुत कुछ होने वाला है। बहुत कुछ बदलने वाला है।
इरफान अंसारी पर बीजेपी हमलावर
जैसे ही इरफान अंसारी का बयान आया तो बीजेपी के नेताओं ने इस पर सख्त आपत्ति जताई। रांची में बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने इरफान अंसारी का पुतला जलाया। उनके इस्तीफे की मांग की। कुछ नेता इरफान अंसारी के खिलाफ राजद्रोह के आरोप में FIR दर्ज कराने पहुंच गए हालांकि FIR दर्ज नहीं हुई लेकिन बीजेपी ने कांग्रेस पर हमले शुरू कर दिए। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने कहा कि कांग्रेस के दिल में छिपा सच बाहर आ गया है। राहुल गांधी ने अराजकता फैलाने के लिए ही दिल्ली में दस लाख लोगों को बुलाने का दावा किया था लेकिन नौजवान हकीकत समझ गए। इसलिए राहुल की रैली फ्लॉप हो गई।
कांग्रेस के नेताओं की इस तरह की बयानबाजी को रविशंकर प्रसाद ने हार की हताशा बताया। रविशंकर ने कहा कि कांग्रेस के छोटे नेता राहुल गांधी के इशारे पर इस तरह की भड़काऊ बातें कर रहे हैं लेकिन देश के नौजवान समझदार हैं। युवा, मोदी के विकास के साथ हैं। इसलिए इस तरह के बयानों से राहुल गांधी का भला होने वाला नहीं है।
अंसारी को सरकार से हटाने की मांग
बीजेपी ने झारखंड के कैबिनेट मंत्री इरफान अंसारी को तुरंत बर्खास्त करने की मांग की है। उन्होंने एक विवादित बयान देते हुए चेतावनी दी थी कि भारत में भी बांग्लादेश और नेपाल जैसी भारी अशांति फैल सकती है और सत्ता परिवर्तन हो सकता है। भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से कांग्रेस नेता को अपने मंत्रिमंडल से हटाने को कहा है और साथ ही कांग्रेस पार्टी की राजनीतिक मान्यता रद्द करने की भी अपील की है। झारखंड भाजपा के महासचिव अमर कुमार बाउरी ने दावा किया कि इरफान अंसारी के बयान से कांग्रेस की विदेशी ताकतों के साथ मिलीभगत का खुलासा हो गया है।
ये भी पढ़ेंः
SOURCE : INDIATV NEWS



