Source :- INDIATV NEWS

दिल्ली से सटे यूपी के गाजियाबाद की वसुंधरा पुलिस चौकी में शुक्रवार देर रात जोरदार धमाका हुआ। इस धमाके से पुलिस चौकी की खिड़कियां टूटी गईं। गनीमत रही कि धमाके के वक्त ज्यादा पुलिसकर्मी चौकी में मौजूद नहीं थे। इस धमाके में एक डिलीवरी बॉय घायल हो गया है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। एडिशनल सीपी राज करण नायर, इंदिरापुरम के एसीपी सूर्यबली मौर्य और फॉरेंसिक टीम वसुंधरा पुलिस चौकी पहुंची और मौके का जायजा लिया।
कांच के टुकड़े लगने से घायल हुआ डिलीवरी बॉय
पुलिस का कहना है कि धमाका कैसे और किस चीज में हुआ, इसकी जांच कराई जा रही है। फॉरेंसिंक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। आशंका है कि चौकी में रखे पटाखों की वजह से धमाका हुआ है, लेकिन पुलिस अधिकारी पटाखों से घटना होने से इनकार कर रहे हैं। वसुंधरा पुलिस चौकी के अंदर धमाकों की खबर पर इंदिरापुरम के एसीपी सूर्यबली मौर्य ने कहा, ‘विस्फोट किस चीज से हुआ, इसका पता जांच के बाद ही चल पाएगा। घटना के वक्त वहां वसुंधरा पुलिस चौकी के एक सब-इंस्पेक्टर और एक डिलीवरी बॉय मौजूद थे, जो कुछ सामान देने आया था। इस घटना में कांच के टुकड़े लगने से डिलीवरी बॉय घायल हो गया है।’
धमाके के बाद के वीडियो में दिखा फर्श पर बिखरा कांच
धमाके के बाद रिकॉर्ड किए पुलिस चौकी के अंदर के वीडियो में दिख रहा है कि कैसे धमाके में चौकी की खिड़की को नुकसान हुआ। फर्श पर कांच फैल गया। इसके अलावा, चौकी में रखे सामान को नुकसान पहुंचा। पुलिस का कहना है कि धमाके की वजह का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। हर एंगल से इस केस की जांच कर रहे हैं।
जब AC के सर्विस सेंटर में धमाके के बाद लगी थी आग
इससे पहले, इसी साल मई में गाजियाबाद में AC के सर्विस सेंटर में भीषण आग लग गई थी। कई धमाकों के साथ कई एसी गैस सिलेंडर और कंप्रेसर फट गए थे। इस घटना में 1 शख्स की मौत भी हो गई थी। इस आग के कारण पूरी बिल्डिंग को भारी नुकसान हुआ था। इस दौरान 2 कार और लगभग 10 मोटरसाइकिलें भी जल गई थीं।
(इनपुट- जुबेर अख्तर)
ये भी पढ़ें- VIDEO: वाराणसी में जोरदार धमाका, जमींदोज हुआ तीन मंजिला मकान
SOURCE : INDIATV NEWS




