Home rss business hindi दिवाली में अंबानी-अडानी की कितनी बढ़ी दौलत? धनतेरस पर मस्क ने कमाए...

दिवाली में अंबानी-अडानी की कितनी बढ़ी दौलत? धनतेरस पर मस्क ने कमाए ₹5.69 लाख करोड़

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • धनतेरस पर एलन मस्क पर धन की बारिश तो दिवाली पर अंबानी-अडानी की बढ़ी दौलत
  • मस्क की दौलत एक ही दिन में 60.50 अरब डॉलर यानी करीब 5.69 लाख करोड़ रुपये बढ़कर 845 अरब डॉलर पर पहुंच गई

धनतेरस पर भारत में आम आदमी सोने-चांदी में ही उलझा रहा और उधर असली धन की बारिश तो एलन मस्क पर हुई। दुनिया के सबसे अमीर इस व्यक्ति की दौलत एक ही दिन में 60.50 अरब डॉलर यानी करीब 5.69 लाख करोड़ रुपये बढ़कर 845 अरब डॉलर पर पहुंच गई। इसके बाद दिवाली पर दोनों भारतीय उद्योगपतियों मुकेश अंबानी और गौतम अडानी पर भी लक्ष्मी जी मेहरबान हुईं। दोनों की दौलत में भी इजाफा देखने को मिला, लेकिन मस्क की तुलना में बहुत कम।

दिवाली के दिन मुहूर्त ट्रेडिंग के दौरान भले ही सेंसेक्स-निफ्टी लाल निशान पर बंद हुए हों, लेकिन मुकेश अंबानी और गौतम अडानी का नेटवर्थ ग्रीन रहा। अडानी ग्रुप की अधिकतर कंपनियों के शेयरों में तेजी की वजह से चेयरमैन गौतम अडानी की दौलत में 1.95 अरब डॉलर यानी करीब 18000 करोड़ रुपये से अधिक का इजाफा हुआ। अंबानी का नेटवर्थ भी 956 मिलियन डॉलर यानी करीब 9000 करोड़ की बढ़ोतरी हुई।

ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के मुताबिक अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी की दौलत रविवार को 1.95 अरब डॉलर बढ़कर 119 अरब डॉलर पर पहुंच गई। ब्लूमबर्ग के मुताबिक एशिया के सबसे अमीर अडानी अब दुनिया के अरबपतियों की लिस्ट में 18वें नंबर पर हैं। जबकि, रिलायंस इंडस्ट्रीज के मालिक मुकेश अंबानी एशिया में तीसरे और दुनिया में 23वें नंबर के अमीर हैं। इनके पास 88.3 अरब डॉलर की संपत्ति है।

मस्क पर धनवर्षा

शुक्रवार को जब भारत के लोग धनतेरस मनाकर सो रहे थे तो अमेरिका में दुनिया के सबसे रईस शख्स एलन मस्क पर धन की बारिश हो रही थी। मस्क की कंपनियों के शेयर उछले तो उनकी दौलत एक ही दिन में 7.7% उछल गई। यह 5 अक्टूबर के बाद एक दिन की सबसे बड़ी उछाल थी। मस्क एक बार फिर खरबपति बनने की ओर कदम बढ़ा चुके हैं। इस साल उनकी दौलत 83.3 प्रतिशत बढ़ी है। अगर शुक्रवार की तरह दो-तीन उछाल और मिली तो मस्क एक बार फिर से ट्रिलियनेयर बन जाएंगे।

टॉप-10 अरबपतियों में किसके पास कितनी दौलत

दुनिया के अमीरों की सूची में अमेजन के संस्थापक जेफ बेजोस 369 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ दूसरे और गूगल के को-फाउंडर लैरी पेज 248 अरब डॉलर के साथ तीसरे स्थान पर हैं। सर्गेई ब्रिन 231 अरब डॉलर के साथ चौथे और मार्क जुकरबर्ग 217 अरब डॉलर के साथ पांचवें स्थान पर हैं।

इसके बाद छठे स्थान पर माइकल डेल हैं, जिनकी कुल संपत्ति 192 अरब डॉलर है। 7वें स्थान पर स्टीव बाल्मर 186 अरब डॉलर के साथ टिके हुए हैं। वॉरेन बफेट 8वें स्थान पर हैं और उनका नेटवर्थ अभी 162 अरब डॉलर है। नौवें पर 158 अरब डॉलर के साथ लैरी एलिसन हैं। जेनसेन हुआंग की एक बार फिर से टॉप-10 में एंट्री हो गई है। अब 155 अरब डॉलर के साथ वह 10वें स्थान पर हैं। उन्होंने जिम वॉल्टन को पीछे छोड़ा है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN