Source :- LIVE HINDUSTAN
इजरायल के आम चुनावों में नेतन्याहू के गुट को सिर्फ 53 सीटों पर जीत मिली। वहीं नेतन्याहू के विरोधी गुट को 48 सीट पर जीत मिली है। अब गादी आइजनकोट को सरकार बनाने का न्योता मिला है।
इजरायल में बेंजामिन नेतन्याहू की सत्ता का अब अंत होने जा रहा है। देश की राजनीति में ‘चेंज ब्लॉक’ कहे जाने वाले गुट ने सरकार बनाने के लिए जरूरी सीटें जुटा ली हैं। इजरायल के राष्ट्रपति इसाक हजोर्ग ने रविवार को ‘यशार’ पार्टी के नेता और देश के पूर्व सेना प्रमुख गादी आइजेनकोट को आधिकारिक तौर पर सरकार बनाने का न्योता दे दिया है। इसके बाद गादी ने नेतन्याहू की लेकर कुछ ऐसा कह दिया है जिसकी चारों तरफ चर्चा हो रही है। समझते हैं इजरायल में सरकार बनाने का पूरा समीकरण।
इससे पहले यहां इजरायली राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक समारोह में गादी आइजेनकोट को आधिकारिक तौर पर सरकार बनाने को कहा गया। राष्ट्रपति ने स्पष्ट बहुमत ना होने के बावजूद सरकार गठन के लिए 28 दिन का समय दिया है। इसके अलावा उन्हें बहुमत साबित करने के लिए 14 दिन का अतिरिक्त समय भी मिलेगा। यानी कुल मिलाकर उन्हें 6 हफ्तों का समय मिलेगा। यहां यह बता दें कि गादी आइजेनकोट ने 67 सदस्यों के मिलने का दावा किया है। इजरायली संसद में 120 सीटें हैं और बहुमत के लिए 61 सीटों की जरूरत होती है।
नेतन्याहू होंगे सरकार में शामिल?
राष्ट्रपति की तरफ से जिम्मेदारी मिलने के बाद 66 वर्षीय आइजेनकोट ने प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को लेकर बड़ा बयान दिया है। आइजेनकोट ने नेतन्याहू को सरकार में शामिल होने का ऑफर दे दियाहै। एक बयान में आइजेनकोट ने नेतन्याहू की लिकुड पार्टी और वित्त मंत्री बेजाएल स्मोट्रिच की दक्षिणपंथी पार्टी से अपील की है कि वे उन्हें प्रधानमंत्री मानकर उनके साथ आएं। उन्होंने यह भी कहा कि जो कोई भी देश की इस गंभीर स्थिति को समझ रहा है, उसके लिए दरवाजा हमेशा खुला है।
किस-किस ने दिया समर्थन?
अब समझिए कि इजरायली चुनावों में किसे कितनी सीटें मिली और आइजेनकोट को किसने समर्थन दिया है। चुनावों में नेतन्याहू के गुट ने 53 सीट पर जीत दर्ज की। वहीं नेतन्याहू-विरोधी गुट 48 सीट पर विजयी रहा। 19 सीट अरब पार्टियों के खाते में गईं। नेतन्याहू की लिकुड पार्टी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी, लेकिन वह अपने गुट के सभी सदस्यों का समर्थन हासिल करने में विफल रही ह। ‘यूनाइटेड तोराह जुडिज्म’ पार्टी के सात सांसदों ने किसी भी उम्मीदवार का समर्थन ना करने का फैसला किया है। इजरायली राष्ट्रपति ने बताया कि 67 सांसदों वाले एक दल ने आइजेनकोट का समर्थन किया है। वहीं 46 सांसदों ने प्रधानमंत्री और लिकुड पार्टी के नेता बेंजामिन नेतन्याहू का समर्थन किया है। यानी आइजेनकोट सरकार बनाने के दावेदार बन गए।
क्या हैं तीन विकल्प?
राष्ट्रपति के न्योते के बाद भले ही स्थिति साफ लग रही हो, लेकिन आइजेनकोट के लिए बहुमत का आंकड़ा जुटाना अभी भी काफी पेचीदा बना हुआ है। आइजेनकोट के पास समय सत्ता में आने के लिए 3 विकल्प हैं।
- अरब पार्टियों का समर्थन (67 सीटें): जानकारी के मुताबिक अरब पार्टी’राअम’ औपचारिक रूप से सरकार में शामिल होने को तैयार है। वहीं ‘जॉइंट लिस्ट’ बाहर से समर्थन दे सकती है। इससे आइजनकोट के पास 67 सीटें हो जाएंगी। हालांकि, आइजनकोट ने अरब पार्टियों को सरकार में शामिल करने से इनकार किया है और उनके सहयोगी नफ्ताली बेनेट और एविग्डोर लिबरमैन भी ऐसी सरकार के खिलाफ हैं।
2. अल्ट्रा-ऑर्थोडॉक्स पार्टियों के साथ गठबंधन (61 सीटें): आइजनकोट लंबे समय से नेतन्याहू के सहयोगी रहे अल्ट्रा-ऑर्थोडॉक्स गुटों, ‘शास’ और ‘यूनाइटेड टोराह जुडाइज्म’ (UTJ) का समर्थन ले सकते हैं। इन दोनों के पास कुल 13 सीटें हैं, जिससे आंकड़ा ठीक 61 पर पहुंच जाएगा।
3. नेतन्याहू के साथ ही सरकार (81 सीटें): तीसरा विकल्प यह है कि आइजनकोट, नेतन्याहू की लिकुड पार्टी और RZP को मिलाकर सरकार बना लें। इससे उनके पास 81 सीटों का भारी बहुमत होगा। लेकिन इससे नेतन्याहू को सत्ता से बाहर करने का वादा ही तोड़ना पड़ेगा।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




