Source :- LIVE HINDUSTAN
भारत की तरफ से 2022 में यूएपीए के तहत आतंकवादी घोषित तल्हा सईद ने अपनी राजनीतिक पार्टी PMML को 1947 में पाकिस्तान बनाने वाली ‘मूल मुस्लिम लीग’ का वास्तविक उत्तराधिकारी करार दिया।
2008 के मुंबई आतंकी हमलों (26/11) के मुख्य साजिशकर्ता और लश्कर-ए-तय्यबा (LeT) के संस्थापक हाफिज मोहम्मद सईद के बेटे हाफिज तल्हा सईद ने पाकिस्तान के चुनाव में नफरत और कट्टरपंथ का कार्ड खेला है। ‘पाकिस्तान मरकजी मुस्लिम लीग’ (PMML) की एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए तल्हा सईद ने भारत को पाकिस्तान के अस्तित्व के लिए बड़ा खतरा बताया और पाकिस्तानी अवाम से भारत के खिलाफ एकजुट होने का आह्वान किया।
भारत की तरफ से 2022 में यूएपीए के तहत आतंकवादी घोषित तल्हा सईद ने अपनी राजनीतिक पार्टी PMML को 1947 में पाकिस्तान बनाने वाली ‘मूल मुस्लिम लीग’ का वास्तविक उत्तराधिकारी करार दिया।
यही वो मुस्लिम लीग है जिसने पाकिस्तान बनाया: तल्हा सईद का दावा
चुनावी सभा को संबोधित करते हुए हाफिज तल्हा सईद ने कहा, “यह उसी मुस्लिम लीग का निरंतर रूप है जिसने पाकिस्तान तहरीक (आंदोलन) का नेतृत्व किया था। जैसे-जैसे दिन और साल बीतेंगे, आपको अहसास होगा कि किस मुस्लिम लीग ने पाकिस्तान बनाया था और किसने इसे चलाया था। आज यह पाकिस्तान मरकजी मुस्लिम लीग बिखरी हुई और अव्यवस्थित जनता को एक एकजुट, जिंदा पाकिस्तानी कौम में बदलने जा रही है।”
उसने 8 नवंबर के चुनाव में अपनी पार्टी PMML के उम्मीदवारों के पक्ष में वोट देने की अपील की और अपने समर्थकों से कहा कि इस राजनीतिक दल को वोट देना एक तरह से “इबादत” है।
मुस्लिम उम्मत और हरमैन शरीफैन का रक्षक बनने का शिगूफा
अपनी जहरीली तकरीर में तल्हा सईद ने पाकिस्तान को पूरी मुस्लिम दुनिया का अगुवा बताने की कोशिश की।
उसने दावा किया कि दुनिया भर के मुसलमान पाकिस्तान की ओर उम्मीद से देखते हैं और पाकिस्तान ‘मुस्लिम उम्मत’ (मुस्लिम जगत) और हरमैन शरीफैन (मक्का और मदीना के दो पवित्र स्थल) का रक्षक है।
तल्हा ने कहा कि पाकिस्तान की अंदरूनी कलह और राजनीतिक बिखराव का फायदा भारत उठा सकता है, इसलिए पाकिस्तानी अवाम को भारत के खिलाफ एक होकर खड़े होने की जरूरत है।
कौन है हाफिज तल्हा सईद और क्या है PMML?
भारत सरकार के गृह मंत्रालय ने अप्रैल 2022 में हाफिज तल्हा सईद को यूएपीए के तहत व्यक्तिगत आतंकवादी घोषित किया था। वह लश्कर-ए-तय्यबा के मौलवी विंग का प्रमुख है और भारत व अफगानिस्तान में हमलों की योजना बनाने, फंडिंग जुटाने और युवाओं को जिहाद के नाम पर भड़काने का काम करता है।
पाकिस्तान मरकजी मुस्लिम लीग वास्तव में हाफिज सईद के प्रतिबंधित संगठन जमात-उद-दावा और लश्कर का नया राजनीतिक रूप है। इससे पहले वे ‘मिल्ली मुस्लिम लीग’ के नाम से चुनाव लड़ने की कोशिश कर चुके हैं।
पाकिस्तान में लश्कर और हाफिज सईद के इकोसिस्टम से जुड़े नेताओं का खुलेआम चुनाव लड़ना और भारत के खिलाफ जिहादी जहर उगलना एक बार फिर पाकिस्तान के दोहरे चरित्र और वहां आतंकवाद को मिलने वाले सरकारी व राजनीतिक संरक्षण को उजागर करता है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




