Source :- LIVE HINDUSTAN
https://www.livehindustan.com/lh-img/smart/img/2026/11/09/1200x900/netflix_1794219505067_DKMR_1794219517247_lI9E_e464994f-2a6e-45c9-beb9-fd1851089c4f_lgrP.pngNetflix Crime Thriller: ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर एक ऐसी क्राइम मिस्ट्री थ्रिलर फिल्म है जिसकी आईएमडीबी रेटिंग 7.4 है। ये फिल्म उन्हें पसंद आएगी जिन्हें स्लो फिल्में अच्छी लगती हैं।
अगर आपको ‘दृश्यम’ पसंद है तो यह फिल्म आपके लिए नहीं बनी है। अगर आपको ऐसी क्राइम थ्रिलर फिल्में पसंद हैं, जिनमें पुलिस सिर्फ अपराधियों के पीछे नहीं भागती, बल्कि सबूत जुटाकर सच का पता लगाती है, तो यह फिल्म आपके लिए है। इसमें न तो कोई सुपरहीरो पुलिसवाला है और न ही हर थोड़ी देर में बड़ा ट्विस्ट आता है। फिल्म की कहानी धीरे-धीरे आगे बढ़ती है और दिखाती है कि किसी अपराध की जांच करना कितना मुश्किल हो सकता है।
क्या है फिल्म का नाम?
हम बात कर रहे हैं साल 2024 में रिलीज हुई मलयालम फिल्म ‘अन्वेशिपिन कंडेथुम’ (Anweshippin Kandethum) की। इस फिल्म में टोविनो थॉमस लीड रोल में हैं। अगर आपको ‘कन्नूर स्क्वाड’, ‘नायाट्टू’ और ‘जोसेफ’ जैसी क्राइम थ्रिलर पसंद आई हैं, तो यह फिल्म भी आपको पसंद आ सकती है।
क्या है फिल्म की कहानी?
टोविनो थॉमस ने इस फिल्म में सब-इंस्पेक्टर आनंद नारायणन का किरदार निभाया है। फिल्म में दो अलग-अलग मामलों की जांच दिखाई गई है। पहला मामला लवली माथन नाम की एक ईसाई लड़की के लापता होने का है। आनंद को इस केस की जांच की जिम्मेदारी मिलती है। जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ती है, मामला और उलझता जाता है। इस दौरान पुलिस पर धार्मिक, सामाजिक और राजनीतिक दबाव भी पड़ता है। फिर जांच के दौरान एक ऐसी गलती हो जाती है, जिसकी वजह से आनंद और उसकी टीम को सस्पेंड कर दिया जाता है।
इसके बाद कहानी में दूसरा मामला सामने आता है। इस बार आनंद को श्रीदेवी नाम की महिला की हत्या का पुराना केस सुलझाने का मौका मिलता है। यह केस काफी समय से अनसुलझा है। गांव के लोग पुलिस पर भरोसा नहीं करते और पहले हुई गलतियों की वजह से जांच और मुश्किल हो जाती है।
कैसी है फिल्म?
फिल्म की सबसे अच्छी बात यह है कि इसमें पुलिस की जांच को काफी हद तक असल जिंदगी जैसा दिखाया गया है। यहां पुलिस अधिकारी अचानक कोई बड़ा सुराग नहीं ढूंढ लेते। उन्हें लोगों से पूछताछ करनी पड़ती है, सबूत जुटाने पड़ते हैं और कई बार गलत फैसलों की वजह से मुश्किलों का सामना भी करना पड़ता है।
टोविना थॉमस की एक्टिंग
टोविनो थॉमस की एक्टिंग फिल्म की सबसे बड़ी खूबियों में से एक है। उन्होंने आनंद नारायणन के किरदार को बहुत ही सादगी से निभाया है। वह न तो बेवजह गुस्सा करते नजर आते हैं और न ही बड़े-बड़े डायलॉग बोलते हैं। उनका किरदार एक ऐसे पुलिसवाले का है, जो ईमानदारी से अपना काम करना चाहता है, लेकिन सिस्टम की वजह से कई बार मजबूर हो जाता है।
बैकग्राउंस म्यूजिक
फिल्म में 90 के दशक का माहौल भी अच्छी तरह दिखाया गया है। पुराने पुलिस स्टेशन, गाड़ियां, लैंडलाइन फोन और उस समय के रहन-सहन को देखकर लगता है कि कहानी सचमुच उसी दौर की है। गौतम शंकर का कैमरा वर्क भी अच्छा है। इसके अलावा, संतोष नारायणन का बैकग्राउंड म्यूजिक फिल्म में सस्पेंस बनाए रखता है।
कहां कमजोर पड़ती है फिल्म?
फिल्म की सबसे बड़ी कमी इसकी धीमी रफ्तार है। अगर आपको ‘दृश्यम’ जैसी फिल्में पसंद हैं, जिनमें लगातार नए खुलासे होते रहते हैं, तो इसके कुछ हिस्से आपको बोर कर सकते हैं। फिल्म में दो अलग-अलग मामलों की कहानी दिखाई गई है, लेकिन इसके बावजूद कुछ सीन जरूरत से ज्यादा लंबे लगते हैं। इसके अलावा, जिन लड़कियों के साथ अपराध होते हैं, उनकी जिंदगी और परिवार के बारे में ज्यादा नहीं बताया गया है।
फिल्म का क्लाइमैक्स
फिल्म का क्लाइमैक्स भी बहुत बड़ा या चौंकाने वाला नहीं है। इसमें न तो जबरदस्त एक्शन देखने को मिलता है और न ही कोई लंबा कोर्टरूम ड्रामा। कहानी को सामान्य और वास्तविकता के करीब रखने की कोशिश की गई है। कुछ दर्शकों को यह अंदाज पसंद आ सकता है, जबकि कुछ को अंत थोड़ा फीका लग सकता है।
किन लोगों को देखनी चाहिए यह फिल्म?
अगर आपको मर्डर मिस्ट्री, पुराने केस की जांच और गंभीर क्राइम थ्रिलर देखना पसंद है, तो आप इस फिल्म को अपनी वॉचलिस्ट में शामिल कर सकते हैं। खासकर ‘कन्नूर स्क्वाड’, ‘नायाट्टू’, ‘जोसेफ’ और ‘मेमोरीज’ जैसी फिल्में पसंद करने वाले दर्शकों को इसकी कहानी अच्छी लग सकती है। हालांकि, अगर आप ऐसी फिल्म ढूंढ रहे हैं, जिसमें हर थोड़ी देर में ट्विस्ट आए, जबरदस्त एक्शन हो और हीरो दमदार डायलॉग बोले, तो यह फिल्म शायद आपको उतनी पसंद न आए।
फिल्म की जानकारी
फिल्म का नाम: अन्वेशिपिन कंडेथुम
रिलीज: 2024
निर्देशक: डार्विन कुरियाकोस
लेखक: जिनू वी. अब्राहम
एक्टर्स: टोविनो थॉमस, सिद्दीकी, इंद्रांस, विनीत थट्टिल डेविड और प्रमोद वेलियानाड
IMDb रेटिंग: 7.4/10
ओटीटी प्लेटफॉर्म: नेटफ्लिक्स
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




