Home rss business hindi 71% की शानदार रिकवरी के बाद इस शेयर पर ब्रोकरेज बुलिश, दिया...

71% की शानदार रिकवरी के बाद इस शेयर पर ब्रोकरेज बुलिश, दिया ₹435 का टारगेट

7
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • Eternal shares: शेयर बाजार में जोमैटो और ब्लिंकिट की पैरेंट कंपनी इटरनल के शेयरों ने शानदार वापसी की है
  • इस साल मार्च में 212.60 रुपये तक गिरने के बाद शेयर अब 71% की रिकवरी कर चुका है
  • सोमवार को यह 363 रुपये के भाव पर बंद हुआ

Eternal shares: शेयर बाजार में जोमैटो और ब्लिंकिट की पैरेंट कंपनी इटरनल (Eternal) के शेयरों ने शानदार वापसी की है। इस साल मार्च में 212.60 रुपये तक गिरने के बाद शेयर अब 71% की रिकवरी कर चुका है। सोमवार को यह 363 रुपये के भाव पर बंद हुआ। कंपनी के क्विक कॉमर्स बिजनेस ब्लिंकिट में तेजी से बढ़ते कारोबार और बेहतर तिमाही नतीजों ने निवेशकों का भरोसा बढ़ाया है। खास बात यह है कि ब्रोकरेज फर्म भी इस शेयर पर पॉजिटिव नजर आ रही हैं। कोटक नियो ने शेयर के लिए 435 रुपये का टारगेट दिया है, जो मौजूदा भाव से करीब 26.5% की तेजी दिखाता है। ऐसे में आइए जानते हैं कि इटरनल के शेयर में तेजी की वजह क्या है और आगे कंपनी की क्या योजनाएं हैं।

मार्च के लो से 71% चढ़ा शेयर

इटरनल के शेयरों ने साल की शुरुआत अच्छी नहीं की थी। पहले तीन महीनों में शेयर दबाव में रहा और लगातार बिकवाली के चलते करीब एक साल के निचले स्तर पर पहुंच गया। हालांकि, अप्रैल से शेयर की चाल बदलनी शुरू हुई और इसके बाद हर महीने इसमें तेजी देखने को मिली। मार्च में 212.60 रुपये का निचला स्तर छूने के बाद शेयर सोमवार को बढ़कर 363 रुपये पर पहुंच गया। यानी इस दौरान निवेशकों को करीब 71% का रिटर्न मिला है। कंपनी के शेयर में आई इस तेजी की वजह ब्लिंकिट के कारोबार में सुधार और कंपनी के बेहतर परफॉर्म को माना जा रहा है।

स्विगी के शेयरों में गिरावट, इटरनल की शानदार वापसी

एक तरफ जहां इटरनल के शेयरों में अच्छी रिकवरी देखने को मिल रही है, वहीं इसकी कम्पटीटर कंपनी स्विगी के शेयरों का परफॉर्में कमजोर बना हुआ है। स्विगी के शेयर पिछले 11 महीनों से भी कम समय में करीब 51% टूट चुके हैं। इससे पहले 2025 में भी शेयर में 29% की गिरावट आई थी। इससे साफ पता चलता है कि एक ही बिजनेस में काम करने वाली दोनों कंपनियों के शेयरों का परफॉर्में इस समय बिल्कुल अलग है। इटरनल जहां निवेशकों का भरोसा दोबारा जीत रही है, वहीं स्विगी के शेयर लगातार दबाव में हैं।

ब्लिंकिट का कारोबार बढ़ाने की तैयारी

इटरनल का क्विक कॉमर्स बिजनेस ब्लिंकिट आने वाले समय में तेजी से विस्तार करने की तैयारी कर रहा है। कंपनी को उम्मीद है कि दिसंबर तिमाही से ब्लिंकिट की ग्रोथ और तेज हो सकती है। कंपनी का कहना है कि बाजार में प्रतिस्पर्धा पहले के मुकाबले स्थिर हो रही है, जिससे कारोबार बढ़ाने में मदद मिलेगी। ब्लिंकिट छोटे-छोटे वेयरहाउस यानी डार्क स्टोर के जरिए ग्राहकों तक सामान की डिलीवरी करता है। कंपनी ने मार्च 2027 तक अपने स्टोर की संख्या बढ़ाकर 3,500 से ज्यादा करने का लक्ष्य रखा है। वहीं, मार्च 2028 तक कंपनी करीब 5,000 स्टोर तक पहुंचना चाहती है। सितंबर 2026 के अंत तक ब्लिंकिट के पास कुल 2,751 स्टोर थे। कंपनी ने सितंबर तिमाही के दौरान 308 नए स्टोर जोड़े हैं। खास बात यह है कि नए स्टोर खोलने में छोटे शहरों पर भी ज्यादा ध्यान दिया जाएगा।

ऑर्डर वैल्यू में 79% की जबरदस्त बढ़त

ब्लिंकिट ने दूसरी तिमाही में शानदार परफॉर्म किया है। वित्त वर्ष 2026-27 की सितंबर तिमाही में कंपनी की नेट ऑर्डर वैल्यू (NOV) सालाना आधार पर 79.3% बढ़कर 20,940 करोड़ रुपये हो गई। यानी ब्लिंकिट के प्लेटफॉर्म पर ग्राहकों ने पहले के मुकाबले काफी ज्यादा खरीदारी की है। वहीं, ब्लिंकिट ने इस तिमाही में 184 करोड़ रुपये का एडजस्टेड एबिटा प्रॉफिट दर्ज किया है। खास बात यह है कि कंपनी लगातार छठी तिमाही में अपने मार्जिन में सुधार करने में सफल रही है। कंपनी के CFO अक्षांत गोयल के मुताबिक, तेजी से नए स्टोर खोलने के बावजूद कंपनी को फिलहाल अपने मार्जिन में गिरावट की उम्मीद नहीं है।

कंपनी का मुनाफा करीब दोगुना

ब्लिंकिट के बेहतर परफॉर्म का फायदा इटरनल के कुल नतीजों में भी दिखाई दिया है। वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट बढ़कर 125 करोड़ रुपये हो गया। पिछले साल की इसी तिमाही में कंपनी ने 65 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया था। यानी एक साल में कंपनी का मुनाफा करीब दोगुना हो गया है। फूड डिलीवरी बिजनेस और क्विक कॉमर्स सेगमेंट में ग्रोथ कंपनी के लिए पॉजिटिव संकेत माने जा रहे हैं।

इटरनल के शेयर पर ब्रोकरेज बुलिश

इटरनल के शेयर को लेकर घरेलू ब्रोकरेज फर्म भी पॉजिटिव नजर आ रही हैं। ब्रोकरेज का मानना है कि कंपनी के पास फूड डिलीवरी और क्विक कॉमर्स दोनों सेगमेंट में आगे बढ़ने की अच्छी संभावना है। मोतीलाल ओसवाल का मानना है कि इटरनल का मजबूत फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म और ब्लिंकिट का बढ़ता नेटवर्क कंपनी की ग्रोथ को आगे बढ़ा सकता है। ब्रोकरेज ने फूड डिलीवरी बिजनेस में लंबे समय तक 20% से ज्यादा ऑर्डर वैल्यू ग्रोथ की संभावना भी जताई है। वहीं, कोटक नियो ने इटरनल के शेयर पर Buy रेटिंग दी है और 435 रुपये का टारगेट प्राइस तय किया है। 344 रुपये के रेफरेंस प्राइस के आधार पर ब्रोकरेज ने इसमें करीब 26.5% तेजी की संभावना जताई है। कोटक नियो के मुताबिक, वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में जोमैटो की नेट ऑर्डर वैल्यू में सालाना आधार पर 21% और ब्लिंकिट की नेट ऑर्डर वैल्यू में 79% की बढ़ोतरी हुई है। इसके साथ ही कंपनी के एबिटा मार्जिन में भी सुधार देखने को मिला है।

(डिस्क्लेमर: यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर बाजार जोखिमों के अधीन है। किसी भी निवेश से पहले सूझ-बूझ के साथ फैसला करें या फाइनेंशियल एडवायजर से सलाह ले लें। लाइव हिन्दुस्तान इस आधार पर शेयरों को खरीदने और बेचने की सलाह नहीं देता है।)

SOURCE : LIVE HINDUSTAN