Source :- LIVE HINDUSTAN
मुख्य बातें
- कोयला खनन, वित्तीय सेवाएं, डिफेंस, फिनटेक, आभूषण कारोबार से जुड़ी कुल 8 कंपनियां आईपीओ लेकर आ रही हैं
- आइए डिटेल में जान लेते हैं इन सभी आईपीओ के बारे में
अगर आप उन निवेशकों में हैं जो IPO पर दांव लगाकर कमाई करने का इरादा रखते हैं तो पैसे का इंतजाम कर लीजिए। ये हम इसलिए कह रहे हैं क्योंकि सेबी ने आठ बड़ी कंपनियों के IPO को हरी झंडी दे दी है। इनमें कोयला खनन, वित्तीय सेवाएं, डिफेंस, फिनटेक, आभूषण कारोबार से जुड़ी कंपनियां शामिल हैं। आइए डिटेल में जान लेते हैं।
महानदी कोलफील्ड्स IPO
कोल इंडिया की ओडिशा स्थित सब्सिडियरी, सरकारी कंपनी महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड (MCL) को अपने प्रस्तावित IPO के लिए सेबी से मंजूरी मिल गई है। यह पब्लिक इश्यू पूरी तरह से ऑफर फॉर सेल होगा, जिसमें कंपनी के प्रमोटर कोल इंडिया लिमिटेड अपने 66,18,36,300 इक्विटी शेयरों की बिक्री करेंगे। ऑफर फॉर सेल की वजह से इससे जुटाई गई पूरी रकम शेयर बेचने वाले प्रमोटर, कोल इंडिया को मिलेगी।
वेरिटास फाइनेंस IPO
नॉन-डिपॉजिट लेने वाली नॉन-बैंकिंग फाइनेंशियल कंपनी (NBFC), वेरिटास फाइनेंस लिमिटेड को अपना IPO लाने के लिए मंजूरी मिल गई है। इस आईपीओ के तहत 900 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी किए जाएंगे। प्रस्तावित आईपीओ में मौजूदा शेयरधारकों की ओर से 1.28 करोड़ तक इक्विटी शेयर की ऑफर फॉर सेल (ओएफएस) भी शामिल होगी। नए शेयर जारी करने से मिले रकम का इस्तेमाल कंपनी अपने पूंजी आधार को मजबूत करने और भविष्य की कारोबारी जरूरतों, विशेष रूप से आगे कर्ज देने के लिए करेगी। वर्ष 2015 में स्थापित वेरिटास फाइनेंस सूक्ष्म, लघु एवं मझोले उद्यमों (एमएसएमई) और स्वरोजगार करने वाले लोगों को छोटे कारोबारी ऋण उपलब्ध कराती है। कंपनी ने अब होम लोन, पुराने कॉमर्शियल वाहनों के लिए लोन और वर्किंग कैपिटल लोन के क्षेत्र में भी विस्तार किया है।
IFL फाइनेंस IPO
IFL फाइनेंस के प्रस्तावित IPO में 3.55 करोड़ तक नए इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे और मौजूदा शेयरहोल्डर्स द्वारा 30 लाख तक शेयरों का बिक्री किया जाएगा। कंपनी नए इश्यू से प्राप्त राशि का उपयोग अपने टियर-I कैपिटल बेस को मजबूत करने, भविष्य की पूंजी जरूरतों (जिसमें लोन देने की गतिविधियां भी शामिल हैं) को पूरा करने और पूंजी पर्याप्तता के लागू नियमों का पालन करने के लिए करने की योजना बना रही है।
एनक्यूब एथिकल्स IPO
फार्मास्युटिकल कंपनी एनक्यूब एथिकल्स अपने प्रस्तावित IPO के जरिए लगभग 3,000 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रही है। यह इश्यू पूरी तरह से एक ऑफर फॉर सेल होगा, जिसमें प्रमोटर मेहुल मधुसूदन शाह और मौजूदा शेयरहोल्डर फ्रंटियर इन्वेस्टमेंट होल्डिंग्स प्राइवेट लिमिटेड अपने शेयर बेचेंगे। चूंकि इस पब्लिक इश्यू में नए शेयरों का इश्यू शामिल नहीं है, इसलिए एनक्यूब एथिकल्स को इससे कोई रकम नहीं मिलेगी। जुटाई गई पूरी रकम शेयर बेचने वाले शेयरहोल्डर्स को मिलेगी।
अर्जुन ज्वेलर्स IPO
SEBI ने अर्जुन ज्वेलर्स के प्रस्तावित IPO को भी मंजूरी दे दी है। कंपनी के इस पब्लिक इश्यू में 200 करोड़ रुपये के नए इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे और इसमें कोई ऑफर फॉर सेल शामिल नहीं है। नए शेयरों को जारी करने से मिलने वाली रकम का इस्तेमाल कंपनी अपने बिजनेस और फंडिंग की जरूरतों को पूरा करने के लिए कर सकेगी।
सागर डिफेंस इंजीनियरिंग IPO
सागर डिफेंस इंजीनियरिंग ने गोपनीय प्री-फाइलिंग रूट के जरिए अपने ड्राफ्ट IPO पेपर जमा किए थे, जिस पर 4 नवंबर को SEBI की ओर से टिप्पणियां प्राप्त हुई हैं। प्रस्तावित IPO का आकार लगभग 3,000 करोड़ रुपये होने का अनुमान है। यह कंपनी डिफेंस इंजीनियरिंग के क्षेत्र में काम करती है।
ये आईपीओ भी लिस्ट में
इसके अलावा, फिनटेक कंपनी रेजरपे (Razorpay) को अपने प्रस्तावित IPO के लिए SEBI से मंजूरी मिल गई है। इस IPO का आकार 5000 से 6000 करोड़ रुपये के बीच होने की उम्मीद है। वहीं, मेकमाईट्रिप (MakeMyTrip) की भारतीय इकाई का IPO भी आने वाला है। इस प्रस्तावित अईपीा में OFS (ऑफर फॉर सेल) शामिल होने की उम्मीद है, जिसे कंपनी की पैरेंट कंपनी (जो नैस्डैक पर लिस्टेड है) और उसकी पूर्ण स्वामित्व वाली सब्सिडियरी, ‘इबिबो ग्रुप होल्डिंग्स (सिंगापुर) प्राइवेट लिमिटेड’ द्वारा लाया जाएगा।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




