Home rss business hindi पहले 17,000 लोगों की छंटनी, अब फिर 2,500 कर्मचारियों को निकालेगी ये...

पहले 17,000 लोगों की छंटनी, अब फिर 2,500 कर्मचारियों को निकालेगी ये कंपनी

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • अमेरिकी विमान निर्माता Boeing अपने कमर्शियल एयरप्लेन डिवीजन में करीब 5% कर्मचारियों की कटौती की तैयारी कर रही है, जिससे लगभग 2,500 नौकरियां प्रभावित हो सकती हैं
  • 737 और 787 विमानों के प्रोडक्शन टारगेट में देरी और आर्थिक रिकवरी की धीमी रफ्तार कंपनी के सामने बड़ी चुनौती बनी हुई है

अमेरिकी विमान निर्माता कंपनी बोइंग (Boeing) एक बार फिर कर्मचारियों की छंटनी करने जा रही है। कंपनी अपने कमर्शियल एयरप्लेन डिवीजन के करीब 5 फीसदी कर्मचारियों की संख्या घटाने की योजना बना रही है। इस फैसले से लगभग 2,500 कर्मचारियों की नौकरी पर संकट आ सकता है। कंपनी ने यह कदम ऐसे समय उठाया है, जब वह विमान उत्पादन बढ़ाने और अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत करने की कोशिश कर रही है। हालांकि, प्रोडक्शन में लगातार हो रही देरी ने उसकी रिकवरी की योजनाओं को झटका दिया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बोइंग कमर्शियल एयरप्लेन्स की प्रमुख स्टेफनी पोप ने सोमवार को कर्मचारियों को भेजे गए एक आंतरिक संदेश में इस फैसले की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कंपनी को अपने उत्पादन की रफ्तार और योजनाओं में बदलाव करने की जरूरत है, ताकि फैक्ट्रियों और सप्लाई चेन से जुड़े साझेदारों को कामकाज स्थिर करने के लिए पर्याप्त समय मिल सके। उत्पादन में बदलाव के कारण कंपनी के पास जरूरत से ज्यादा कर्मचारी हो गए हैं।

दिसंबर से शुरू हो सकती है छंटनी

कंपनी कर्मचारियों की संख्या घटाने के लिए दो तरीके अपनाएगी। इसमें कुछ कर्मचारियों के पद खाली होने पर उन्हें दोबारा नहीं भरा जाएगा, जबकि कुछ कर्मचारियों को सीधे नौकरी से हटाया जाएगा। रिपोर्ट के मुताबिक, प्रभावित कर्मचारियों को दिसंबर 2026 से नोटिस मिलना शुरू हो सकता है। दिसंबर 2025 तक बोइंग के कमर्शियल एयरप्लेन डिवीजन में करीब 50,494 कर्मचारी काम कर रहे थे। ऐसे में 5 फीसदी की कटौती का मतलब लगभग 2,500 नौकरियों पर असर पड़ना है।

737 विमान का उत्पादन बढ़ाने में परेशानी

बोइंग की परेशानी की सबसे बड़ी वजह उसके लोकप्रिय 737 विमान का उत्पादन लक्ष्य पूरा नहीं कर पाना है। कंपनी ने पहले गर्मियों 2026 तक हर महीने 47 विमान बनाने का लक्ष्य रखा था, लेकिन अब इसे आगे बढ़ाकर 2027 की शुरुआत तक कर दिया गया है। इसके अलावा कंपनी अपने 787 ड्रीमलाइनर विमानों का उत्पादन भी हर महीने 8 से बढ़ाकर 10 करने में संघर्ष कर रही है। 767 और 777 विमानों के प्रोग्राम में भी दिक्कतें सामने आई हैं।

आर्थिक रिकवरी में भी देरी

बोइंग के लिए मुश्किल सिर्फ उत्पादन तक सीमित नहीं है। कंपनी को अब 10 अरब डॉलर के फ्री कैश फ्लो का लक्ष्य हासिल करने के लिए 2029 तक इंतजार करना पड़ सकता है, जबकि पहले विश्लेषकों को इसके 2028 तक पूरा होने की उम्मीद थी।

गौरतलब है कि 2024 में भी बोइंग ने करीब 17,000 कर्मचारियों की छंटनी की थी। ऐसे में नई कटौती कंपनी की मुश्किलों को दिखाती है। अब बोइंग के सामने सबसे बड़ी चुनौती उत्पादन को स्थिर करने, ग्राहकों को समय पर विमान देने और निवेशकों का भरोसा वापस जीतने की है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN