Source :- LIVE HINDUSTAN
मुख्य बातें
- पिछले सप्ताह घरेलू शेयर बाजार में जोरदार तेजी देखी गई थी
- सेंसेक्स में 6,568.49 अंक यानी 8.82 प्रतिशत और निफ्टी में 1,977.25 अंक यानी 8.57 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई थी
भारतीय शेयर बाजार में दिवाली की रौनक त्योहार के बाद भी जारी है। नवंबर के महज आठ कारोबारी दिन में शेयर बाजार रॉकेट की रफ्तार से बढ़ा है। इस दौरान बीएसई पर लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप करीब 38 लाख करोड़ रुपये बढ़ गया है। इसके साथ ही बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का कुल बाजार मूल्य बढ़कर लगभग 512 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया।
सेंसेक्स और निफ्टी का परफॉर्मेंस
शेयर बाजार के इंडेक्स सेंसेक्स में बुधवार को 1500 अंक तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई। पिछले सप्ताह घरेलू शेयर बाजार में जोरदार तेजी देखी गई थी। सेंसेक्स में 6,568.49 अंक यानी 8.82 प्रतिशत और निफ्टी में 1,977.25 अंक यानी 8.57 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई थी। अगर आठ कारोबारी दिन की बढ़त को देखें तो सेंसेक्स में लगभग 8,000 अंकों की उछाल आई है। इस दौरान निफ्टी में भी करीब 10% की तेजी आई। अब निफ्टी 25,400 के स्तर को पार कर गया है जबकि सेंसेक्स 82,500 के पार पहुंच गया।
क्यों है तेजी?
बाजार में इस तेजी की मुख्य वजह में अमेरिका की मिडटर्म चुनाव में हार के अलावा ईरान-अमेरिका जंग की समाप्ति के आसार भी हैं। इसके अलावा, FII (विदेशी संस्थागत निवेशकों) की भारी खरीदारी, कंपनियों उम्मीद से बेहतर दूसरी तिमाही के नतीजे और भारतीय शेयरों के प्रति वैश्विक धारणा में सुधार का भी असर बाजार पर पड़ा है।
क्या कहते हैं एक्सपर्ट?
जियोजित इन्वेस्टमेंट्स के चीफ इन्वेस्टमेंट स्ट्रैटेजिस्ट डॉ. वीके विजयकुमार के मुताबिक, नवंबर में अब तक विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने करीब 53,170 करोड़ रुपये की खरीदारी की है। विदेशी निवेशकों की यह वापसी बाजार के लिए बड़ा सकारात्मक संकेत है। साल के शुरुआती महीनों में लगातार बिकवाली करने वाले विदेशी निवेशक अब भारतीय शेयरों में दोबारा दिलचस्पी दिखा रहे हैं। विदेशी निवेशकों की वापसी के पीछे शेयर बाजार से जुड़े टैक्स नियमों में संभावित बदलाव की उम्मीद भी एक वजह मानी जा रही है। BDO इंडिया में फाइनेंशियल सर्विसेज टैक्स (टैक्स एंड रेगुलेटरी सर्विसेज) के पार्टनर और लीडर, मनोज पुरोहित के अनुसार लॉन्ग-टर्म निवेशकों के लिए टैक्स सुधारों की संभावनाओं को देखते हुए विदेशी निवेशक भारत में अपने निवेश पर फिर से विचार कर रहे हैं।
बता दें कि उद्योग संगठनों ने सरकार के सामने लॉन्ग टर्म कैपिटल गेन्स (LTCG) समेत अन्य टैक्स में राहत देने जैसे प्रस्ताव रखे हैं। उम्मीद है कि बजट 2027 में सरकार लंबी अवधि के निवेशकों के लिए टैक्स व्यवस्था की समीक्षा कर सकती है।
वैश्विक स्तर पर भी भारतीय बाजार के लिए माहौल कुछ बेहतर हुआ है। अमेरिका में राजनीतिक घटनाक्रम के बाद जंग खत्म होने के आसार हैं तो कच्चे तेल की कीमतों में भी गिरावट से बाजार को रफ्तार मिली है। इसके अलावा दुनिया भर में ब्याज दरों में कटौती की संभावना और बाजार में बेहतर नकदी उपलब्धता से उभरते बाजारों को समर्थन मिला है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




