Home rss world hindi पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में बड़ा आतंकी हमला, DSP और सब-इंस्पेक्टर समेत...

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में बड़ा आतंकी हमला, DSP और सब-इंस्पेक्टर समेत 10 पुलिसकर्मियों की मौत

4
0

Source :- INDIATV NEWS

पाकिस्तानके खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में बुधवार को आतंकवादियों ने पुलिस की एक वैन पर घात लगाकर हमला कर दिया। इस हमले में एक पुलिस उपाधीक्षक (DSP) और एक सब-इंस्पेक्टर समेत कम से कम 10 पुलिसकर्मियों की मौत हो गई। पुलिस टीम अवैध सोने के खनन के खिलाफ कार्रवाई के लिए जा रही थी।

पुलिस प्रवक्ता मोहम्मद नौमान जेब के मुताबिक, पुलिस दल कोहाट जिले के गुम्बत कोहाट इलाके में अभियान के लिए जा रहा था। इसी दौरान कोहाट और करक जिलों के बीच स्थित दरबोकाच जालंधर बांदा इलाके में घात लगाए बैठे आतंकवादियों ने उस पर गोलीबारी शुरू कर दी। ‘एक्सप्रेस ट्रिब्यून’ अखबार की खबर के अनुसार, हमलावरों ने पहाड़ियों के ऊपर से पुलिसकर्मियों पर अंधाधुंध गोलियां चलाईं। हमले में पुलिस के वाहनों को भी नुकसान पहुंचा। मृतकों में DSP गुम्बत हैदर जमान और सब-इंस्पेक्टर मुख्तियार शामिल हैं।

पांच पुलिस गाड़ियों को लगाई आग

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि हमले के दौरान पुलिस की पांच मोबाइल गाड़ियों को भी आग के हवाले कर दिया गया। हमलावर लगातार गोलीबारी करते रहे, जिसके चलते पुलिस और आतंकवादियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। घटना की सूचना मिलने के बाद अतिरिक्त पुलिस वाहनों को मौके पर भेजा गया। हमले से निपटने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल भी तैनात किया गया। इस बीच, खैबर पख्तूनख्वा के गवर्नर फैसल करीम कुंडी ने हमले की कड़ी निंदा की। उन्होंने इसे आपराधिक तत्वों और आतंकवादियों के गठजोड़ का नतीजा बताया। गवर्नर ने मारे गए पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि देते हुए उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

पाकिस्तान में महिला टीवी एंकर की गोली मारकर हत्या

बीते दिनों पाकिस्तान के रावलपिंडी में महिला टीवी एंकर राबिया अहसान की उनके घर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। गुलशनाबाद इलाके स्थित उनके घर से पुलिस ने शव बरामद किया। मामले में पुलिस ने उनके पति को हिरासत में लिया है और घटनास्थल से कथित तौर पर हत्या में इस्तेमाल हथियार भी जब्त किया है। रावलपिंडी के सिटी पुलिस ऑफिसर हसन मुश्ताक सुखेरा के मुताबिक, पुलिस मामले की जांच कर रही है। घर में काम करने वाले एक पुरुष कर्मचारी ने जांचकर्ताओं को बताया कि राबिया के पति ने गोली चलने की घटना को हादसा बताया था, हालांकि पुलिस इस दावे की भी जांच कर रही है। पंजाब फॉरेंसिक साइंस एजेंसी की टीम ने घर से सबूत जुटाए हैं और राबिया के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। खास बात यह है कि राबिया ने अपनी मौत से कुछ घंटे पहले सोशल मीडिया पर आखिरी वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें उन्होंने साइबर धोखाधड़ी और ऑनलाइन ठगी के प्रति लोगों को जागरूक किया था। वह एक स्थानीय निजी टीवी चैनल में एंकर और प्रोग्राम होस्ट थीं। अपने करियर में वह हम न्यूज, जीटीवी और 92 न्यूज के साथ भी काम कर चुकी थीं।

ये भी पढ़ें-

शेख हसीना की वतन वापसी के ऐलान के बाद बांग्लादेश में फिर भड़की हिंसा, 21 जिलों में आगजनी; बसों और ट्रेन में लगाई आग

अब और घातक होगी इजरायल की सैन्य ताकत! नई क्रूज मिसाइल 1,000 पाउंड का वारहेड ले जाने में सक्षम

SOURCE : INDIATV NEWS