Home rss world hindi जेन्सेन हुआंग का VP से भी अफेयर, रंगीन मिजाज CEO को हटाने...

जेन्सेन हुआंग का VP से भी अफेयर, रंगीन मिजाज CEO को हटाने की तैयारी में Nvidia

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

Nvidia कंपनी इस समय अपने CEO जेन्सेन हुआंग के अफेयर के कारण चर्चा में है। मामला इतना आगे बढ़ चुका है कि अमेरिका की FBI भी इस मामले की जांच कर रही है। कहा जा रहा है कि जिस महिला से हुआंग के संबंध थे, वह चीनी जासूस थी।

Nvidia यानी फोर्ब्स के हिसाब से 2026 की सबसे मूल्यवान चिप कंपनी को अब नए CEO की तलाश है। खबर है कि कथित चीनी जासूस एलिस हुआंग के साथ मौजूदी चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर जेन्सेन हुआंग अफेयर के खुलासे के बाद अब कंपनी बोर्ड नए अधिकारी की खोज कर रहा है, जिसके लिए एक बाहरी कंपनी की मदद ली जा रही है। हालांकि, इसे लेकर आधिकारिक रूप से अब तक कुछ नहीं कहा गया है। हाल ही में हुआंग ने अफेयर की बात स्वीकारी थी। इसी बीच खबरें ये भी हैं कि उनके कंपनी की एक और शीर्ष अधिकारी के साथ भी संबंध थे।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जेन्सेन हुआंग की जगह नए अधिकारी को लाने के लिए एक बाहरी कंपनी से संपर्क साधा गया है। हुआंग ने जब से अफेयर की बात स्वीकार की है, तब से ही एनवीडिया में संकट का दौर चल रहा है। खबरें हैं कि कंपनी को उनके उत्तराधिकारी खोजने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। इस मुद्दे को लेकर कंपनी में शीर्ष स्तर पर बैठकों का दौर भी शुरू हो चुका है।

क्या करेगी Nvidia

रिपोर्ट्स के अनुसार, जानकार बता रहे हैं कि बुधवार को बोर्ड की बैठक हुई थी, जहां हुआंग को लेकर बड़े स्तर पर चर्चा हुई थी। कहा यह भी जा रहा है कि कंपनी फिलहाल अस्थायी अधिकारी को भी नियुक्त करने पर विचार कर रही है। हालांकि, कंपनी ने अब तक औपचारिक रूप से कुछ नहीं कहा है।

एक और अफेयर का खुलासा

बुधवार को ही खबरें आईं कि हुआंग का कंपनी की अधिकारी किम्बर्ले पॉवेल से भी अफेयर था। इसपर भी आधिकारिक रूप से बयान सामने नहीं आया है।

कंपनी ही कर रही है जांच

पीटीआई ने न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट के हवाले से बताया था कि कंपनी ने हुआंग के अफेयर मामले में जांच की घोषणा कर दी है। अमेरिकी खुफिया एजेंसियों ने पाया है कि जिस महिला के साथ उनके संबंध थे, वह चीन के लिए जानकारियां जुटा रही थी। एनवीडिया के निदेशक मंडल ने एक बयान में कहा कि उसके पास ‘यह मानने का कोई कारण नहीं है कि राष्ट्रीय सुरक्षा या एनवीडिया की गोपनीय जानकारी से कोई समझौता हुआ है’ लेकिन जांच में सभी उपलब्ध जानकारियों की पड़ताल की जाएगी।

हुआंग का कहना था, ‘मैंने अपनी पत्नी के साथ बेवफाई की। मेरे इस कृत्य से उन्हें और हमारे बच्चों को ठेस पहुंची है। मैंने जो किया, उसे किसी भी तरह सही नहीं ठहराया जा सकता। मुझे इसका गहरा अफसोस है।’ एलिस हुआंग पहले चीन में टेलीविजन पत्रकार थीं। इसके बाद वह सिंगापुर स्थित डेटा सेंटर कंपनी ‘मेगास्पीड’ में शीर्ष अधिकारी बनीं। यह कंपनी दक्षिण-पूर्व एशिया में एनवीडिया के सबसे बड़े ग्राहकों में से एक बन गई है।

FBI भी कर रही है जांच

एसोसिएटेड प्रेस के अनुसार, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि इसे लेकर FBI यानी फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन की भी जांच चल रही है। उन्होंने कहा था, ‘मुझे पता है कि एफबीआई किसी अन्य पहलू से भी इस मामले की जांच कर रहा है और मुझे लगता है कि हुआंग को कोई परेशानी नहीं होगी।’ ट्रंप ने संकेत दिया कि वह खुद भी इस खुफिया जांच में सीधे तौर पर शामिल हो सकते हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN