Home rss world hindi इजरायल: नेतन्याहू के खुराफाती दिमाग को आइजेनकोट ने पकड़ा, बोले- सरकार...

इजरायल: नेतन्याहू के खुराफाती दिमाग को आइजेनकोट ने पकड़ा, बोले- सरकार बनने तक कुछ नहीं…

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

इजरायल में प्रधानमंत्री पद के मजबूत दावेदार गादी आइजेनकोट ने बेंजामिन नेतन्याहू को चेतावनी दी है। उन्होंने पत्र लिखकर नेतन्याहू को किसी भी बड़े फैसले से पहले नई सरकार बनने का इंतजार करने की अपील की है।

इजरायल में बेंजामिन नेतन्याहू की सत्ता पर खतरा बना हुआ है। यहूदी देश पर सबसे लंबे समय तक शासन करने वाले नेतन्याहू की पकड़ अब कमजोर पड़ती जा रही है। ऐसे में इस बात की आशंका जताई जा रही थी कि कार्यवाहक सरकार के कार्यकाल को आगे बढ़ाने के लिए नेतन्याहू ईरान पर हमला बोल सकते हैं। इस तर्क को तब और ज्यादा बल मिला था जब सामने आया कि ईरान मुद्दे पर नेतन्याहू और इजरायली सेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल एयाल जमीर के बीच में तनातनी मची हुई है। इस जानकारी के सामने आने के बाद गादी आइजेनकोट ने नेतन्याहू को पत्र लिखकर चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि जब तक नई सरकार न बन जाए, तब तक ईरान के ऊपर कोई बड़ा हमला न किया जाए।

यरुशलेम पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, गादी आइजेनकोट ने नेतन्याहू को लिखे पत्र में जोर दिया कि किसी भी तरह का फैसला जल्दबाजी में न लिया जाए। अपने पत्र में उन्होंने लिखा, “मैं अपील करता हूं कि आप (नेतन्याहू) नई सरकार के शपथ लिए जाने तक राष्ट्रीय सुरक्षा को ध्यान में रखकर काम करें। किसी भी फैसले पर अमल करने से पहले नई सरकार बनने का इंतजार करें। क्योंकि नई सरकार के पास नेसेट का बहुमत होगा।”

गादी आइजेनकोट को हर दिन मिलेगी खुफिया और डिप्लोमैटिक ब्रीफिंग

इतना ही नहीं इसके बाद उन्होंने अटॉर्नी जनरल गाली बाहरव मियारा से भी इस मामले में दखल देने की अपील की। इसके बाद उन्होंने प्रधानमंत्री कार्यालय से हर दिन ब्रीफिंग दिलवाने की बात पर भी जोर दिया। गौरतलब है कि गादी आइजेनकोट के पास इजरायली की सत्ता की चाबी है। उन्हें राष्ट्रपति हार्जोग ने बहुमत साबित करने का समय दिया है। ऐसे में इजरायली प्रधानमंत्री कार्यालय को उनकी इस मांग पर गौर करते हुए ब्रीफिंग के लिए राजी होना पड़ा। बुधवार का लिखे इस पत्र के बाद इजरायली प्रधानमंत्री कार्यालय की तरफ से गुरुवार को आइजेनकोट को ईरान के मामले पर ब्रीफ किया गया।

बता दें, गादी आइजेनकोट इजरायली सेना के प्रमुख रह चुके हैं। ऐसे में वह राजनीतिक दांव पेंच के अलावा खुफिया जानकारी के महत्व को भी अच्छी तरह से समझते हैं। इसके अलावा वह नेतन्याहू के साथ भी काम कर चुके हैं, जिससे उन्हें ‘बीबी’ के राजनीतिक दांव पेंच को भी समझने में मदद मिलती है।

इजरायल में नेतन्याहू बनाम गादी आइजेनकोट

एक तरफ नेतन्याहू हैं, जो अपनी सत्ता को बचाने के लिए लगातार जुगत लगा रहे हैं, दूसरी तरफ गादी आइजेनकोट हैं, जिन्हें इजरायली राष्ट्रपति ने सत्ता की चाबी सौंपते हुए उन्हें गठबंधन सरकार का बहुमत साबित करने के लिए 28 दिन का समय दिया गया है। इस मामले में उन्हें 14 दिन का और समय भी मिल सकता है। भले ही आइजेनकोट के पास सत्ता की चाबी हो लेकिन गठबंधन राजनीति में माहिर नेतन्याहू भी हार मानते हुए नजर नहीं आ रहे हैं। बीबी के ऊपर आरोप लगते रहे हैं कि उन्होंने सत्ता को बचाए रखने के लिए युद्धों को लंबा खींचा है। विरोधियों का तर्क है कि गाजा के बाद लेबनान, यमन और फिर ईरान पर हमला नेतन्याहू की इसी तकनीक का हिस्सा था। हालांकि, नेतन्याहू ने हमेशा से ही इसे इजरायल की राष्ट्रीय हित का मामला बनाया।

फिलहाल इजरायल की राजनीति एक बड़े बदलाव की तरफ बढ़ रही है। नेतन्याहू अभी भी अरब पार्टियों का विरोध कर रहे हैं। दूसरी तरफ गादी आइजेनकोट हैं जिन्होंने शुरुआत में इन पार्टियों का विरोध किया था, लेकिन वर्तमान में वह इन पार्टियों के समर्थन पर ही सत्ता हासिल करने जा रहे हैं। अब या तो नेतन्याहू के कुछ साथी गादी आइजेनकोट के साथ जाकर सत्ता में हिस्सा लेंगे। या अरब पार्टियां इजरायल में किंगमेकर साबित होंगी। दोनों ही परिस्थितियों में इजरायल और नेतन्याहू की स्थिति बदलने वाली है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN