Home rss business hindi दोगुना से ज्यादा बढ़ गया सरकारी कंपनी का मुनाफा, डिविडेंड देने का...

दोगुना से ज्यादा बढ़ गया सरकारी कंपनी का मुनाफा, डिविडेंड देने का किया ऐलान, 20 नवंबर रिकॉर्ड डेट

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • कंपनी ने गुरुवार, 12 नवंबर को अपने नतीजों का ऐलान किया
  • इसके साथ ही कंपनी के बोर्ड ने निवेशकों के लिए अंतरिम डिविडेंड को भी मंजूरी दी है
  • कंपनी हर शेयर पर ₹7 का डिविडेंड देने जा रही है
  • ऐसे में निवेशकों के लिए कंपनी के नतीजों के साथ डिविडेंड से जुड़ी जानकारी भी अहम है

Oil India Q2 Results: सरकारी तेल कंपनी ऑयल इंडिया लिमिटेड ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। कंपनी के मुनाफे में इस बार शानदार बढ़ोतरी देखने को मिली है। सितंबर तिमाही में कंपनी का स्टैंडअलोन नेट प्रॉफिट दोगुने से ज्यादा बढ़कर ₹2,259.42 करोड़ हो गया, जबकि पिछले साल की समान तिमाही में यह ₹1,044.02 करोड़ था। कंपनी ने गुरुवार, 12 नवंबर को अपने नतीजों का ऐलान किया। इसके साथ ही कंपनी के बोर्ड ने निवेशकों के लिए अंतरिम डिविडेंड को भी मंजूरी दी है। कंपनी हर शेयर पर ₹7 का डिविडेंड देने जा रही है।इसके लिए 20 नवंबर 2026 को रिकॉर्ड डेट तय की गई है।

कंपनी की कमाई में शानदार बढ़ोतरी

ऑयल इंडिया की सितंबर तिमाही में ऑपरेशंस से होने वाली कमाई में अच्छी बढ़त दर्ज की गई। कंपनी का नेट रेवेन्यू बढ़कर ₹8,071.33 करोड़ हो गया, जबकि पिछले साल इसी तिमाही में यह ₹5,456.72 करोड़ था। इसके अलावा कंपनी को कच्चे तेल की बिक्री से भी बेहतर कीमत मिली। कंपनी का क्रूड ऑयल रियलाइजेशन सालाना आधार पर करीब 35% बढ़कर 92.24 डॉलर प्रति बैरल हो गया, जो पिछले साल की समान तिमाही में 68.19 डॉलर प्रति बैरल था। कंपनी के मुनाफे में बढ़ोतरी के पीछे कच्चे तेल की बेहतर कीमतों का भी अहम योगदान रहा। वहीं, कंपनी का नेट प्रॉफिट मार्जिन बढ़कर 27.99% हो गया, जो एक साल पहले 19.13% था।

हर शेयर पर ₹7 का डिविडेंड देगी कंपनी

ऑयल इंडिया ने अपने निवेशकों को खुशखबरी देते हुए वित्त वर्ष 2026-27 के लिए अंतरिम डिविडेंड का ऐलान किया है। कंपनी के बोर्ड ने हर शेयर पर ₹7 का डिविडेंड देने की मंजूरी दी है। यह शेयर की ₹10 फेस वैल्यू का 70% है। कंपनी की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, इस डिविडेंड का भुगतान 12 दिसंबर 2026 या उससे पहले किए जाने की संभावना है।

20 नवंबर है डिविडेंड की रिकॉर्ड डेट

डिविडेंड का फायदा किन निवेशकों को मिलेगा, इसके लिए कंपनी ने 20 नवंबर 2026 को रिकॉर्ड डेट तय की है। इसका मतलब है कि जिन निवेशकों के पास तय रिकॉर्ड डेट के अनुसार कंपनी के शेयर होंगे, वे इस डिविडेंड के लिए एलिजिबल होंगे।

शेयरों में आई मामूली गिरावट

कंपनी के शानदार नतीजों के ऐलान से पहले गुरुवार को ऑयल इंडिया के शेयरों में गिरावट देखने को मिली। बीएसई पर कंपनी का शेयर 1.01% टूटकर ₹440.50 पर बंद हुआ। इस भाव पर कंपनी का मार्केट कैप करीब ₹71,652.07 करोड़ रहा। शेयर के परफॉर्मेंस की बात करें तो पिछले दो हफ्तों में इसमें 2.97% की गिरावट आई है, जबकि एक महीने के दौरान शेयर 0.69% नीचे रहा।

(डिस्क्लेमर: यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर बाजार जोखिमों के अधीन है। किसी भी निवेश से पहले सूझ-बूझ के साथ फैसला करें या फाइनेंशियल एडवायजर से सलाह ले लें। लाइव हिन्दुस्तान इस आधार पर शेयरों को खरीदने और बेचने की सलाह नहीं देता है।)

SOURCE : LIVE HINDUSTAN