Source :- INDIATV NEWS

भारत में करीब चार साल से रह रही एक रूसी महिला ने विदेशी ट्रैवल इन्फ्लुएंसर्स की आलोचना का जवाब देते हुए देश का बचाव किया है। माशा नाम की इस महिला ने कहा कि भारत को गंदगी और अनहाइजीनिक परिस्थितियों के आधार पर जज करना गलत है। उन्होंने विदेशी पर्यटकों से अपील की कि यात्रा से पहले अपना बजट बढ़ाएं और अच्छे जगहों पर ठहरें।
इंस्टाग्राम पर शेयर किया गया वीडियो
इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर @mekzard हैंडल से शेयर किया गया है। वीडियो में महिला विदेशी वीडियोज की आलोचना करती नजर आती हैं, जिनमें गंदी सड़कें, खराब अपार्टमेंट और नकारात्मक अनुभव दिखाए जाते हैं। उन्होंने कहा, “मैं ऐसे वीडियोज देखकर थक गई हूं। ‘ओह माय गॉड, देखो अपार्टमेंट कितना गंदा है, मैं कहां ठहरी हूं।’ आप दूसरे देश में यात्रा कर रहे हैं तो हैरानी की बात नहीं कि पैसा खर्च करना पड़ेगा।”
अपना बजट बढ़ाने की दी सलाह
माशा ने आगे कहा कि पर्यटकों को देश का मजाक उड़ाने के बजाय अपना बजट बढ़ाना चाहिए। भारत में यूरोप या अन्य देशों की तुलना में बहुत कम खर्च में विविध अनुभव मिल सकते हैं। स्ट्रीट फूड से लेकर बेहतरीन रेस्तरां तक, संस्कृति और यात्रा के अलग-अलग पहलू उपलब्ध हैं। उन्होंने जोर दिया कि भारत परफेक्ट नहीं है, हर देश की अपनी समस्याएं होती हैं, लेकिन पूरे देश को कुछ गंदी सड़कों और नकारात्मक अनुभवों तक सीमित करना अन्यायपूर्ण है। वीडियो में माशा ने भारत के सकारात्मक पक्षों की तारीफ की। उन्होंने कहा कि उन्होंने देश भर में यात्रा की है और कई अलग-अलग अनुभव लिए हैं। कैप्शन में उन्होंने लिखा कि वे इन नकारात्मक वीडियोज से सच में थक चुकी हैं। उनका संदेश साफ था – अच्छा अनुभव चाहिए तो सही बजट रखें और अच्छे होटल या जगह चुनें।
यूजर्स ने दी प्रतिक्रियाएं
सोशल मीडिया पर वीडियो तेजी से वायरल हुआ। कई भारतीयों ने माशा की सराहना की। कमेंट्स में लोग लिख रहे हैं कि विदेशी पर्यटक अक्सर सस्ते विकल्प चुनकर फिर शिकायत करते हैं। कुछ ने कहा कि भारत में लग्जरी और बजट दोनों विकल्प मौजूद हैं। कई यूजर्स ने सहमति जताई कि नकारात्मक वीडियो पूरे देश की छवि बिगाड़ते हैं। कुछ प्रतिक्रियाएं आलोचनात्मक भी रहीं। कुछ लोगों ने कहा कि हाइजीन और सफाई के मुद्दे वास्तविक हैं और इन्हें नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। फिर भी ज्यादातर प्रतिक्रियाएं माशा के पक्ष में दिखीं। उन्होंने भारत की संस्कृति, खाने और लोगों की गर्मजोशी की तारीफ की।
एक यूजर ने कहा, “यह एक ऐसा नजरिया है जो मुझे पहली बार देखने को मिला है.. आपने बिल्कुल सही कहा ‘अपना बजट बढ़ाओ’। मुझे यह बहुत पसंद आया।”
एक और ने मजाक में कहा, “आखिरकार!! किसी ने कह ही दिया!”
एक व्यक्ति ने कहा, “हमें भारत में आप जैसे और विदेशियों की जरूरत है जिनमें कॉमन सेंस हो और जिनका बजट 10 डॉलर से ज़्यादा हो।”
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें –
SOURCE : INDIATV NEWS




