Home rss business hindi Bank FD Rates: बैंक बढ़ा रहे हैं FD पर ब्याज, जानें कहां...

Bank FD Rates: बैंक बढ़ा रहे हैं FD पर ब्याज, जानें कहां मिल रहा ज्यादा रिटर्न

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • अगर आप बिना ज्यादा जोखिम लिए अपने पैसे पर अच्छा और तय रिटर्न पाना चाहते हैं, तो बैंक FD यानी फिक्स्ड डिपॉजिट आपके लिए एक विकल्प हो सकता है
  • पिछले कुछ हफ्तों में कई बैंकों ने अपनी FD की ब्याज दरों में बदलाव किया है

Bank Fixed Deposits Rate: अगर आप बिना ज्यादा जोखिम लिए अपने पैसे पर अच्छा और तय रिटर्न पाना चाहते हैं, तो बैंक FD यानी फिक्स्ड डिपॉजिट आपके लिए एक विकल्प हो सकता है। पिछले कुछ हफ्तों में कई बैंकों ने अपनी FD की ब्याज दरों में बदलाव किया है। कुछ बैंकों ने चुनिंदा अवधि वाली FD पर ब्याज बढ़ाया है, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग अपना पैसा उनके पास जमा करें। दरअसल, इस समय बैंकों के सामने एक बड़ी चुनौती है। लोग बैंक से तेजी से लोन ले रहे हैं, लेकिन उसी रफ्तार से बैंकों में जमा पैसा नहीं बढ़ रहा है। ऐसे में बैंक आम लोगों की बचत को आकर्षित करने के लिए FD पर बेहतर ब्याज देने की कोशिश कर रहे हैं। इसके अलावा, रिजर्व बैंक की ब्याज दरों में बढ़ोतरी और बैंकिंग सिस्टम में नकदी की स्थिति का भी FD की ब्याज दरों पर असर पड़ रहा है। ऐसे में सवाल है कि क्या अभी FD में पैसा जमा करना फायदेमंद रहेगा या फिर ब्याज दरें और बढ़ने का इंतजार करना चाहिए?

लोन की मांग बढ़ी

FD पर ब्याज बढ़ाने की सबसे बड़ी वजह बैंकों में जमा और लोन के बीच बढ़ता अंतर है। RBI के आंकड़ों के मुताबिक, 15 अक्टूबर 2026 तक बैंकों का क्रेडिट यानी लोन सालाना आधार पर 18.2 फीसदी बढ़ा है। वहीं, बैंकों में जमा रकम में 16.7 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। इस दौरान बैंकों का कुल कर्ज बढ़कर 227.43 लाख करोड़ रुपये हो गया, जबकि कुल जमा रकम 278.76 लाख करोड़ रुपये रही। बता दें कि बैंक जितनी तेजी से लोगों और कंपनियों को लोन दे रहे हैं, उतनी तेजी से उनके पास पैसा जमा नहीं हो रहा है। ऐसे में बैंकों को नए डिपॉजिट की जरूरत पड़ रही है। इसी वजह से बैंक FD पर अच्छा ब्याज देकर लोगों को अपनी बचत जमा करने के लिए आकर्षित कर रहे हैं।

नकदी कम होने से बढ़ी FD की जरूरत

FD पर ब्याज बढ़ने की दूसरी वजह बैंकिंग सिस्टम में नकदी यानी लिक्विडिटी की स्थिति है। RBI के आंकड़ों के मुताबिक, बैंकिंग सिस्टम में अतिरिक्त नकदी 30 सितंबर 2026 को करीब 10.14 लाख करोड़ रुपये थी। 15 अक्टूबर तक यह घटकर लगभग 7.93 लाख करोड़ रुपये रह गई। जब बैंकों के पास अतिरिक्त पैसा कम होता है, तो उन्हें अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए ज्यादा डिपॉजिट जुटाना पड़ता है। ऐसे में बैंक FD की ब्याज दरें बढ़ाकर आम लोगों की बचत को अपने पास लाने की कोशिश करते हैं।

RBI के रेपो रेट बढ़ाने का भी असर

FD की ब्याज दरों में बदलाव के पीछे RBI की मौद्रिक नीति भी एक वजह है। अक्टूबर 2026 में रिजर्व बैंक ने रेपो रेट में 0.25 फीसदी यानी 25 बेसिस पॉइंट की बढ़ोतरी की थी। इसके बाद रेपो रेट बढ़कर 5.50 फीसदी हो गया। रेपो रेट वह दर होती है, जिस पर RBI बैंकों को छोटी अवधि के लिए कर्ज देता है। इसमें बदलाव होने से बैंकों की फंडिंग लागत पर असर पड़ सकता है। हालांकि, रेपो रेट बढ़ने का मतलब यह नहीं है कि सभी बैंक तुरंत FD पर ब्याज बढ़ा देंगे। हर बैंक अपनी जरूरत, जमा रकम और बाजार में प्रतिस्पर्धा को देखते हुए ब्याज दर तय करता है। HDFC Bank और इंडियन ओवरसीज बैंक ने बढ़ाईं FD की दरें हाल के दिनों में कुछ बैंकों ने अपनी FD की ब्याज दरों में बदलाव किया है।

1. HDFC बैंक

HDFC बैंक ने 4 नवंबर 2026 से FD की ब्याज दरों में बदलाव किया है। बैंक सामान्य ग्राहकों को चुनिंदा अवधि की FD पर अधिकतम 6.60 फीसदी ब्याज दे रहा है। वहीं, वरिष्ठ नागरिकों के लिए अधिकतम ब्याज दर 7.20 फीसदी तक है।

2. इंडियन ओवरसीज बैंक

इंडियन ओवरसीज बैंक ने 10 नवंबर से FD की ब्याज दरों में बदलाव किया है। बैंक ने 444 दिन की स्पेशल FD पर सामान्य ग्राहकों के लिए ब्याज दर 0.15 फीसदी बढ़ाकर 6.75 फीसदी कर दी है। वहीं, वरिष्ठ नागरिकों को इस FD पर 7.25 फीसदी और सुपर सीनियर सिटीजंस को 7.50 फीसदी ब्याज मिल सकता है। हालांकि, बैंक ने 180 से 269 दिन की अवधि वाली FD पर ब्याज दर में 0.25 फीसदी की कटौती भी की है। इससे साफ है कि बैंक अपनी सभी FD पर ब्याज नहीं बढ़ा रहे हैं। वे अपनी जरूरत के हिसाब से कुछ खास अवधि वाली FD पर ही बेहतर रिटर्न दे रहे हैं।

FD में निवेश से पहले इन बातों का रखें ध्यान

टैक्स: FD से मिलने वाले ब्याज पर आपकी इनकम टैक्स स्लैब के हिसाब से टैक्स लगता है। इसलिए सिर्फ ब्याज दर नहीं, बल्कि टैक्स कटने के बाद मिलने वाला रिटर्न देखें।

प्रीमैच्योर विड्रॉल: समय से पहले FD तोड़ने पर बैंक पेनल्टी लगा सकता है।

सीनियर सिटीजन लाभ: सीनियर सिटीजन को कई बैंक सामान्य ग्राहकों के मुकाबले ज्यादा ब्याज देते हैं।

डिपॉजिट इंश्योरेंस: DICGC के नियमों के तहत एक बैंक में एक जमाकर्ता की मूल रकम और ब्याज मिलाकर अधिकतम 5 लाख रुपये तक जमा बीमा कवर मिलता है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN