Home rss business hindi Patanjali Foods ने Q2 रिजल्ट्स का किया ऐलान, नेट प्रॉफिट 19% गिरा;...

Patanjali Foods ने Q2 रिजल्ट्स का किया ऐलान, नेट प्रॉफिट 19% गिरा; फोकस में रहेगा शेयर

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • Patanjali Foods Q2 Results 2026: आज शनिवार को पतंजलि फूड्स ने तिमाही नतीजों का ऐलान कर दिया है
  • कंपनी के नेट प्रॉफिट में 19% गिरावट दर्ज की गई है

Patanjali Foods Q2 Results 2026: पतंजलि फूड्स लिमिटेड ने शनिवार को बताया कि 30 सितंबर, 2026 को समाप्त दूसरी तिमाही में उसका कंसॉलिडेटेड नेट प्रॉफिट 19 प्रतिशत घटकर 419.76 करोड़ रुपये रह गया। हालांकि, इस दौरान कंपनी की आय में वृद्धि दर्ज की गई। कंपनी ने पिछले वित्तवर्ष की समान तिमाही में 516.69 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा अर्जित किया था।

कंपनी के आय में हुआ इजाफा

रेगुलेटरी सूचना के अनुसार, चालू वित्तवर्ष की दूसरी तिमाही में कंपनी की कुल आय बढ़कर 11,406.49 करोड़ रुपये हो गई, जो एक साल पहले इसी अवधि में 9,850.06 करोड़ रुपये थी। इस दौरान कंपनी का कुल परिचालन खर्च भी बढ़कर 10,997.51 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले वित्तवर्ष की समान तिमाही में 9,344.97 करोड़ रुपये था।

पहली छमाही में कैसा रहा है प्रदर्शन

चालू वित्तवर्ष की पहली छमाही में कंपनी का शुद्ध मुनाफा बढ़कर 755.49 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले वित्तवर्ष की समान अवधि में 697.05 करोड़ रुपये था। इस दौरान कुल आय भी बढ़कर 22,748.38 करोड़ रुपये हो गई, जो एक साल पहले 18,629.08 करोड़ रुपये थी। वर्ष 1986 में स्थापित पतंजलि फूड्स देश की प्रमुख एफएमसीजी (दैनिक उपयोग की उपभोक्ता वस्तुएं) कंपनियों में से एक है।

कंपनी खाद्य तेल, एफएमसीजी और पवन ऊर्जा उत्पादन क्षेत्रों में कारोबार करती है। इसके उत्पाद पतंजलि, रुचि गोल्ड, न्यूट्रेला, दंत कांति, महाकोश और सनरिच जैसे ब्रांड के तहत बेचे जाते हैं।

कंपनी के शेयरों का प्रदर्शन पिछले एक साल में कैसा रहा है?

कल शुक्रवार को पतंजलि फूड्स के शेयरों का दाम 2.39 प्रतिशत की गिरावट के बाद बीएसई में 421 रुपये के स्तर पर था। पिछले एक महीने में कंपनी के शेयरों की कीमतों में 14.42 प्रतिशत की तेजी देखने को मिली है। वहीं, 3 महीने में यह स्टॉक 18 प्रतिशत से अधिक का रिटर्न दिया है। हालिया तेजी के बाद भी एक साल से शेयरों को होल्ड रखने वाले निवेशकों को अबतक 28 प्रतिशत का नुकसान हो चुका है। बता दें, 5 साल में भी यह स्टॉक 24 प्रतिशत से अधिक का रिटर्न दिया है।

(लाइव हिन्दुस्तान के इनपुट के साथ)

(डिस्क्लेमर: यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर बाजार जोखिमों के अधीन है। किसी भी निवेश से पहले सूझ-बूझ के साथ फैसला करें या फाइनेंशियल एडवायजर से सलाह ले लें। लाइव हिन्दुस्तान इस आधार पर शेयरों को खरीदने और बेचने की सलाह नहीं देता है।)

SOURCE : LIVE HINDUSTAN