Source :- LIVE HINDUSTAN
मुख्य बातें
- Gratuity Calculation: नौकरी करने वाले कर्मचारियों को 5, 10 और 15 साल की सर्विस के बाद कितनी ग्रेच्युटी मिल सकती है? आइए ग्रेच्युटी कैलकुलेशन फॉर्मूला, पात्रता के नियम, बेसिक सैलरी और DA के आधार पर ग्रेच्युटी निकालने का तरीका जानते हैं
- इसके साथ ही इससे जुड़े कुछ जरूरी नियम भी समझते हैं
Gratuity Calculation: नौकरी करने वाले लोगों के लिए सैलरी के अलावा कुछ ऐसे फायदे भी होते हैं, जिनका महत्व नौकरी छोड़ने या रिटायरमेंट के समय पता चलता है। ग्रेच्युटी भी ऐसा ही एक बेनिफिट है। अगर आपने किसी कंपनी या संस्थान में लंबे समय तक काम किया है, तो नौकरी छोड़ने, रिटायरमेंट या कुछ खास परिस्थितियों में आपको एकमुश्त रकम मिल सकती है। यह रकम आपकी भविष्य की आर्थिक जरूरतों को पूरा करने में मददगार हो सकती है। इन दिनों 8वें वेतन आयोग (8th Pay Commission) को लेकर भी ग्रेच्युटी की चर्चा तेज है। केंद्रीय कर्मचारियों के कई संगठनों ने ग्रेच्युटी की अधिकतम सीमा बढ़ाने की मांग उठाई है।
नेशनल काउंसिल-जॉइंट कंसल्टेटिव मशीनरी (NC-JCM) और ऑल इंडिया डिफेंस एम्प्लॉइज फेडरेशन (AIDEF) ने वेतन और पेंशन से जुड़े अन्य बदलावों के साथ रिटायरमेंट लाभ बेहतर करने की मांग रखी है। हालांकि, ग्रेच्युटी की सीमा में कोई बदलाव होगा या नहीं, यह 8वें वेतन आयोग की सिफारिशों और केंद्र सरकार की मंजूरी पर निर्भर करेगा। ऐसे में अगर आप नौकरी कर रहे हैं या आने वाले सालों में रिटायर होने वाले हैं, तो यह समझना जरूरी है कि ग्रेच्युटी किसे मिलती है, इसकी कैलकुलेशन कैसे होती है और 5, 10 या 15 साल की नौकरी के बाद आपके हाथ में कितनी रकम आ सकती है।
क्या होती है ग्रेच्युटी और किसे मिलती है?
ग्रेच्युटी एकमुश्त रकम होती है, जो नियोक्ता यानी कंपनी या संस्थान अपने कर्मचारी को लंबे समय तक सेवा देने के बदले देता है। आमतौर पर नौकरी छोड़ने, रिटायरमेंट या सुपरएनुएशन के समय इसका भुगतान किया जाता है। कर्मचारी की मृत्यु या दिव्यांगता की स्थिति में यह रकम उसके नॉमिनी या पात्र व्यक्ति को दी जा सकती है। भारत में ग्रेच्युटी से जुड़े प्रावधान अब सोशल सिक्योरिटी कोड, 2020 के तहत आते हैं। इससे पहले इसके लिए पेमेंट ऑफ ग्रेच्युटी एक्ट, 1972 लागू था।
ग्रेच्युटी का लाभ पाने के लिए कुछ जरूरी शर्तें पूरी करनी होती हैं। सामान्य तौर पर यह सुविधा उन संस्थानों पर लागू होती है, जहां 10 या उससे अधिक कर्मचारी काम करते हैं। नियमित कर्मचारियों को आमतौर पर एक ही नियोक्ता के यहां कम से कम 5 साल की लगातार सर्विस पूरी करनी होती है। हालांकि, हर मामले में 5 साल की शर्त लागू नहीं होती। कर्मचारी की मृत्यु या दिव्यांगता होने पर यह शर्त जरूरी नहीं है। वहीं, सीधे नियोक्ता के साथ लिखित फिक्स्ड-टर्म कॉन्ट्रैक्ट पर काम करने वाले कर्मचारियों को एक साल की सेवा के बाद प्रो-राटा आधार पर ग्रेच्युटी मिल सकती है।
ग्रेच्युटी निकालने का फॉर्मूला क्या है?
ग्रेच्युटी की रकम का हिसाब लगाने के लिए कर्मचारी की आखिरी महीने की पात्र सैलरी और कुल सेवा अवधि को आधार बनाया जाता है। सामान्य तौर पर इसकी कैलकुलेशन इस फॉर्मूले से होती है।
- ग्रेच्युटी = (आखिरी महीने की पात्र सैलरी × 15 ÷ 26) × कुल सेवा के साल
यहां पात्र सैलरी का मतलब बेसिक सैलरी और महंगाई भत्ता (DA) से है। इसमें कर्मचारी की पूरी सैलरी, जैसे HRA, ट्रैवल अलाउंस या अन्य भत्ते शामिल नहीं होते। फॉर्मूले में 15 का मतलब हर साल की सेवा के बदले 15 दिनों की सैलरी है, जबकि 26 को महीने के कामकाजी दिनों के आधार के रूप में लिया जाता है।
एक और जरूरी बात यह है कि अगर कर्मचारी ने किसी साल में 6 महीने से ज्यादा अतिरिक्त सेवा की है, तो कैलकुलेशन में उसे अगले पूरे साल के रूप में गिना जाता है। उदाहरण के लिए, 10 साल और 7 महीने की सर्विस को 11 साल माना जा सकता है।
5 साल की नौकरी पर कितनी मिलेगी ग्रेच्युटी?
मान लीजिए आपकी आखिरी पात्र सैलरी यानी बेसिक और DA मिलाकर ₹40,000 है और आपने एक ही संस्थान में 5 साल की सर्विस पूरी कर ली है।
इस स्थिति में ग्रेच्युटी की कैलकुलेशन होगी:
- 40,000 × 15 ÷ 26 × 5
- कुल ग्रेच्युटी:- लगभग 1,15,385
यानी ₹40,000 की पात्र मासिक सैलरी पर 5 साल की सेवा के बाद आपको करीब 1.15 लाख रुपये ग्रेच्युटी मिल सकती है।
10 साल की नौकरी पर कितना मिलेगा पैसा?
अब मान लीजिए आपकी आखिरी पात्र सैलरी ₹60,000 है और आपने 10 साल तक नौकरी की है। ऐसे में कैलकुलेशन इस तरह होगी:
₹60,000 × 15 ÷ 26 × 10
कुल ग्रेच्युटी:- लगभग ₹3,46,154
इस उदाहरण के हिसाब से 10 साल की सेवा के बाद आपको करीब 3.46 लाख रुपये मिल सकते हैं।
15 साल की नौकरी पर कितनी बनेगी ग्रेच्युटी?
अगर आपकी आखिरी पात्र सैलरी ₹75,000 है और आपने 15 साल तक लगातार नौकरी की है, तो ग्रेच्युटी का हिसाब इस तरह होगा:
- 75,000 × 15 ÷ 26 × 15
- कुल ग्रेच्युटी: – लगभग 6,49,038
यानी इस उदाहरण में 15 साल की सेवा पूरी होने पर करीब 6.49 लाख रुपये ग्रेच्युटी के रूप में मिल सकते हैं। ध्यान रखें कि ये तीनों उदाहरण अलग-अलग सैलरी और सेवा अवधि के आधार पर दिए गए हैं। इनका उद्देश्य कैलकुलेशन समझाना है। आपकी वास्तविक ग्रेच्युटी आपकी आखिरी पात्र सैलरी, सेवा अवधि और लागू नियमों के अनुसार अलग हो सकती है।
किन बातों से बढ़ती या घटती है ग्रेच्युटी की रकम?
ग्रेच्युटी की कैलकुलेशन में सबसे अहम भूमिका आखिरी पात्र सैलरी की होती है। अगर आपकी बेसिक सैलरी और DA ज्यादा है, तो ग्रेच्युटी की रकम भी बढ़ेगी। इसी तरह, जितने अधिक साल आप नौकरी करेंगे, उतनी ज्यादा ग्रेच्युटी जमा होगी। इसके अलावा, सेवा अवधि की कैलकुलेशन भी महत्वपूर्ण है। छह महीने से अधिक की अतिरिक्त सेवा को अगले पूरे साल के रूप में गिना जा सकता है, जिससे ग्रेच्युटी की रकम बढ़ सकती है। कुछ कंपनियां अपने कर्मचारियों को कानून के तहत तय न्यूनतम रकम से ज्यादा ग्रेच्युटी देने की सुविधा भी देती हैं। इसलिए कंपनी की पॉलिसी और नियुक्ति से जुड़े नियमों को देखना जरूरी है।
क्या ग्रेच्युटी पर टैक्स भी लगता है?
ग्रेच्युटी मिलने पर टैक्स का पहलू भी ध्यान में रखना चाहिए। इस पर टैक्स छूट और टैक्स देनदारी इस बात पर निर्भर करती है कि कर्मचारी सरकारी है या प्राइवेट सेक्टर में काम करता है और उस पर कौन से नियम लागू होते हैं। इसलिए ग्रेच्युटी की रकम मिलने के बाद टैक्स से जुड़े प्रावधानों की जांच जरूर करें।
ग्रेच्युटी नौकरीपेशा लोगों के लिए रिटायरमेंट और भविष्य की आर्थिक योजना का अहम हिस्सा है। नौकरी बदलने या रिटायरमेंट की योजना बनाते समय केवल मौजूदा सैलरी ही नहीं, बल्कि ग्रेच्युटी जैसे बेनिफिट का हिसाब भी रखना चाहिए। इससे आप पहले से अंदाजा लगा सकते हैं कि लंबे समय तक नौकरी करने के बाद आपको कितनी एकमुश्त रकम मिल सकती है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




