Source :- LIVE HINDUSTAN
https://www.livehindustan.com/lh-img/smart/img/2026/11/17/1200x900/south_1794876374493_8cwp_1794876380333_cUsL_5d8293ce-7315-4ccf-869e-20e655299f00_fVOl.pngOTT Crime Thriller: साउथ की एक क्राइम थ्रिलर फिल्म ओटीटी पर आई है। इस फिल्म को 7.2 आईएमडीबी रेटिंग मिली है और ये फिल्म इस वक्त सोनी लिव पर स्ट्रीम कर रही है।
कुछ फिल्में ऐसी होती हैं, जो डराने के लिए खून-खराबे या तेज म्यूजिक का सहारा लेतीं हैं। वहीं कुछ अपनी कहानी और किरदारों के जरिए दर्शकों के मन में डर पैदा करती हैं। ऐसी ही एक क्राइम थ्रिलर है, जिसे IMDb पर 7.2 की रेटिंग मिली है। इसकी कहानी एक ऐसे सीरियल किलर के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसकी सच्चाई जानकर आप भी हैरान रह जाएंगे। खास बात यह है कि फिल्म की कहानी सच्ची घटनाओं से प्रेरित है। आइए आपको इस फिल्म का नाम बताते हैं।
फिल्म का नाम
हम बात कर रहे हैं मलयालम फिल्म ‘कलमकावल’ (Kalamkaval) की। साल 2025 में रिलीज हुई इस साइकोलॉजिकल क्राइम थ्रिलर का निर्देशन जितिन के. जोस ने किया है। फिल्म में मैमूट्टी, विनायकन, राजिशा विजयन, गायत्री अरुण, श्रुति रामचंद्रन और गिबिन गोपीनाथ अहम भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म सीरियल किलर सायनाइड मोहन के मामले से प्रेरित है। भारत में इसे आप सोनी लिव पर देख सकते हैं।
क्या है फिल्म की कहानी?
फिल्म की कहानी साल 2005 से शुरू होती है। केरल और तमिलनाडु की सीमा के आसपास कुछ ऐसी घटनाएं होती हैं, जो धीरे-धीरे पुलिस के लिए बड़ी पहेली बन जाती हैं। एक लड़की के लापता होने और इलाके में हुई दूसरी घटनाओं की जांच के दौरान केरल पुलिस के स्पेशल ब्रांच ऑफिसर एसआई जयकृष्णन (विनायकन) को इनके बीच एक कनेक्शन नजर आता है। जांच आगे बढ़ती है तो पता चलता है कि कई महिलाओं की हत्या हो चुकी है, लेकिन इन मामलों को अब तक सुलझाया नहीं जा सका है। इन हत्याओं के पीछे एक बेहद खतरनाक सीरियल किलर है। इसी दौरान जयकृष्णन की मुलाकात तमिलनाडु क्राइम ब्रांच के एसआई स्टेनली दास (मैमूट्टी) से होती है। बाहर से स्टेनली एक शांत स्वभाव का और सामान्य पारिवारिक जिंदगी जीने वाला इंसान नजर आता है, लेकिन उसके पीछे एक बेहद डरावना सच छिपा है।
फिल्म की अच्छी बातें
1.मैमूट्टी की शानदार एक्टिंग
मैमूट्टी ने एक बार फिर अपने किरदार के साथ शानदार प्रयोग किया है। फिल्म में वह एक ऐसे सीरियल किलर की भूमिका में हैं, जो बाहर से बेहद शांत दिखाई देता है, लेकिन उसके इरादे खौफनाक होते हैं।
2.विनायकन का दमदार अंदाज
विनायकन ने एसआई जयकृष्णन के किरदार को बेहद सहजता से निभाया है। वह एक ऐसे पुलिस अधिकारी बने हैं, जो जल्दबाजी करने के बजाय हर छोटी से छोटी बात पर ध्यान देता है। जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ती है, उनके किरदार में भी बदलाव देखने को मिलता है। एक सामान्य पुलिस जांच से शुरू हुई कहानी धीरे-धीरे उनके लिए जुनून बन जाती है। विनायकन ने अपने अभिनय से इस बदलाव को अच्छी तरह पर्दे पर उतारा है।
3.फिल्म का माहौल और कहानी कहने का तरीका
निर्देशक जितिन के. जोस ने फिल्म में बेवजह का खून-खराबा या डरावने दृश्य दिखाने की कोशिश नहीं की है। फिल्म का सस्पेंस उसके माहौल, खामोशी और किरदारों के व्यवहार से बनता है। सिनेमैटोग्राफी और बैकग्राउंड म्यूजिक भी सस्पेंस बढ़ाने में मदद करते हैं।
4. इंटरवल से पहले का हिस्सा
फिल्म का इंटरवल काफी दमदार है। यहां कहानी एक नया मोड़ लेती है और दर्शकों की दिलचस्पी आगे की कहानी जानने में बढ़ जाती है।
कहां कमजोर पड़ती है फिल्म?
1. सस्पेंस की कमी
अगर आप ऐसी फिल्में देखना पसंद करते हैं, जिनमें आखिरी मिनट तक हत्यारे की पहचान छिपी रहे और हर थोड़ी देर में नया ट्विस्ट मिले, तो यह फिल्म आपको थोड़ी निराश कर सकती है। इसमें हत्यारे की पहचान शुरुआत में ही सामने आ जाती है। ऐसे में कहानी का रोमांच इस बात पर निर्भर करता है कि पुलिस उस तक कैसे पहुंचेगी।
2. धीमी रफ्तार
फिल्म की शुरुआत थोड़ी धीमी है। पहले हाफ में कई घटनाओं और किरदारों को समझने में समय लगता है। कुछ जगहों पर जांच के दौरान एक जैसी घटनाएं दोहराई गई हैं। ऐसे में तेज रफ्तार थ्रिलर पसंद करने वाले दर्शकों को फिल्म का शुरुआती हिस्सा थोड़ा लंबा लग सकता है।
3. पीड़ित महिलाओं की कहानी पर कम ध्यान
फिल्म का ज्यादा ध्यान हत्यारे और पुलिस की जांच पर रहता है। जिन महिलाओं की हत्या हुई है, उनकी जिंदगी और उनके परिवारों के बारे में ज्यादा कुछ जानने को नहीं मिलता।
4. क्लाइमैक्स में कम असर
फिल्म का अंत इसकी गंभीर और वास्तविक कहानी के मुताबिक रखा गया है, लेकिन पूरी फिल्म के दौरान जिस तरह की टक्कर की उम्मीद बनाई जाती है, क्लाइमैक्स उतना प्रभावशाली नहीं लगता।
देखें या नहीं?
अगर आपको ‘रॉर्शाक’ और ‘मेमोरीज’ जैसी गंभीर क्राइम थ्रिलर फिल्में पसंद हैं, जिनमें एक्शन से ज्यादा दिमाग का खेल और किरदारों की परतों पर ध्यान दिया जाता है, तो ‘कलमकावल’ आपके लिए अच्छा विकल्प हो सकती है। खासतौर पर मैमूट्टी और विनायकन की शानदार एक्टिंग इस फिल्म को देखने की बड़ी वजह है। हालांकि, अगर आप तेज रफ्तार कहानी, लगातार ट्विस्ट और चौंकाने वाले खुलासों वाली मर्डर मिस्ट्री देखना चाहते हैं, तो यह फिल्म आपकी उम्मीदों पर पूरी तरह खरी नहीं उतरेगी।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




