Home LIFESTYLE NEWS HINDI सर्दियां शुरू होते ही ज्यादा क्यों झड़ने लगते हैं बाल? हेयर एक्सपर्ट...

सर्दियां शुरू होते ही ज्यादा क्यों झड़ने लगते हैं बाल? हेयर एक्सपर्ट ने बताए 5 बड़े कारण

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

सर्दियों का मौसम शुरू हो रहा है और ऐसे में बालों का झड़ना भी बढ़ चुका है। ठंड के मौसम में हेयर फॉल की समस्या ज्यादा बढ़ जाती है और इसके पीछे कुछ कारण होते हैं। आइये हेयर एक्सपर्ट से जानते हैं सर्दियों में बाल क्यों झड़ते हैं?

सर्दियों के मौसम में त्वचा रूखी और बाल बेजान होने लगते हैं और फिर हेयर वॉश करते समय गुच्छों में बालों का झड़ना शुरू हो जाता है। ऐसे में लोग कई शैंपू बदलकर देख लेते हैं और महंगे हेयर ट्रीटमेंट भी करा लेते हैं लेकिन बालों का झड़ना कम नहीं होता है। अगर आप भी इस समस्या से जूझ रहे हैं, तो बता दें कि इसके पीछे कोई एक वजह या फिर आपके अंदर कोई कमी नहीं है। हेयर और स्किन एक्सपर्ट डॉक्टर जागीद ने बताया कि सर्दियों में बालों की झड़ने की समस्या ज्यादातर लोगों को झेलनी पड़ती है। इसके पीछे 1-2 नहीं बल्कि 5 बड़े कारण हैं, जिन्हें हम जाने-अनजाने में अपना लेते हैं।

सर्दियों में बाल ज्यादा क्यों झड़ते हैं

हेयर एक्सपर्ट का कहना है कि ठंड के मौसम में हवा में नमी कम होने के कारण स्कैल्प रूखी हो जाती है, जिससे बालों की नमी भी कम होने लगती है। ऐसे में अगर आप सही देखभाल नहीं करेंगे या फिर ज्यादा हीट ट्रीटमेंट्स का इस्तेमाल करेंगे, तो बाल और ज्यादा डैमेज हो सकते हैं। डैमेज के साथ डैंड्रफ की समस्या भी बढ़ती है। अगर स्कैल्प रूखी हो जाएगी, तो जाहिर है खुश्क पपड़ी बनकर निकलने लगेगी। इसके 5 मुख्य कारण जानी लीजिए।

1. गर्म पानी से बालों को धोना

अगर आप सर्दियों में ठंड से बचने के लिए रोजाना गर्म पानी से बाल धोते हैं, तो ये आपके बालों के लिए बुरा है। गर्म पानी से बाल धोने से स्लैक्प रूखी होने लगती है और फिर बाल बेजान होकर टूटने लगते हैं। आप गर्म पानी से नहा सकते हैं लेकिन बालों के लिए हल्का ठंडा पानी ही इस्तेमाल करें।

2. डैंड्रफ की समस्या का बढ़ना

रूखेपन या गर्म पानी के कारण स्कैल्प ड्राई हो जाती है, इसकी वजह से डैंड्रफ की समस्या बढ़ जाती है। डैंड्रफ होने की वजह से बालों में लगातार खुजली बनी रहती है और खुजलाने पर बाल झड़ने या टूटने लगते हैं। डैंड्रफ के कारण बालों की जड़े कमजोर हो जाती है।

3. ऊनी कपड़ों की रगड़ भी है वजन

सर्दियों के मौसम में खुद को ठंडक से बचाने के लिए हम स्कार्फ, टोपी पहन लेते हैं लेकिन लगातार इन्हें पहने रहने से बालों में एक रगड़ बनती रहती है। फिर इन्हें उतारने पर बाल झड़ते या टूटते हैं। अगर आप सर्दियों में टोपी-स्कार्फ पहनते हैं, तो उसे बीच-बीच में उतारकर रखें। लगातार पहने रहने के कारण बालों का झड़ना शुरू हो जाएगा।

4. बालों की गलत देखभाल भी है कारण

सर्दियों के मौसम में जब बालों को ज्यादा देखभाल की जरूरत होती है, तो आप गलत हेयर केयर रूटीन अपना रहे होते हैं। गीले बालों में जोर से कंघी करना, ज्यादा हीट स्टाइलिंग का इस्तेमाल और बहुत कसकर बाल बांधना टूटने की समस्या को बढ़ा देता है।

5. पोषण की कमी

बालों का टूटने-झड़ने के कारण के पीछे आपका पोषण भी छिपा हुआ है। आयरन, प्रोटीन, विटामिन B12 और विटामिन D की कमी के कारण भी बालों का झड़ना शुरू हो जाता है। सर्दियों के मौसम में खासतौर पर इन चीजों का ध्यान रखें और अपनी डाइट में अंडा, फिश, हरी सब्जियां, चुकंदर, अनार को शामिल करें।

बालों का झड़ना कम करने के लिए क्या करें

सप्ताह में 2–3 बार हल्के शैम्पू से बाल धोएं। बहुत गर्म पानी की जगह गुनगुने पानी का इस्तेमाल करें। शैम्पू के बाद कंडीशनर जरूर लगाएं। सप्ताह में 1–2 बार हल्की तेल मालिश कर सकती हैं। गीले बालों को जोर से न रगड़ें और चौड़े दांतों वाली कंघी इस्तेमाल करें। अच्छा खाना खाएं और स्ट्रेस कम लें।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN