Home LIFESTYLE NEWS HINDI सर्दियों में पालक का साग बनाते हुए ना करें ये 1 गलती,...

सर्दियों में पालक का साग बनाते हुए ना करें ये 1 गलती, आचार्य बालकृष्ण से जानें सही तरीका

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

सर्दियों के मौसम में अगर आप भी पालक का साग खाना पसंद करते हैं, तो इसे बनाते हुए ये 1 गलती बिल्कुल भी ना करें। वरना पालक का स्वाद तो फीका होगा ही साथ ही इसके पोषक तत्व भी कम हो जाएंगे। आइए आचार्य बालकृष्ण से जानते हैं सही तरीका क्या है।

सर्दियां आते ही बाजार में हरी पत्तेदार सब्जियां आने लगती हैं। इस मौसम में लोग पालक का साग भी खूब खाना पसंद करते हैं। ये ना सिर्फ स्वादिष्ट होता है, बल्कि सेहत के लिहाज से काफी फायदेमंद होता है। पालक में आयरन, फोलेट, विटामिन सी, विटामिन ए जैसे कई पोषक तत्व पाए जाते हैं। यही वजह है कि लोग कभी इसे दाल में मिलाकर या इसका साग बनाकर खाना पसंद करते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि पालक का साग बनाते हुए बस एक गलती उसके पोषक तत्वों को कम कर सकती है? आचार्य बालकृष्ण ने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए ऐसी ही गलती के बारे में बताया है, जो ज्यादातर गृहणियां पालक का साग बनाते हुए करती हैं। इसकी वजह से पालक में मौजूद पोषक तत्व काफी कम हो जाते हैं। आइए जानते हैं पालक पकाने का सही तरीका और इससे जुड़ी कुछ जरूरी बातें।

पालक का साग बनाते हुए ना करें ये गलती

कई लोग पालक का साग या सब्जी बनाने के लिए पहले पालक को उबालते हैं, फिर इसका पानी निचोड़कर निकाल देते हैं। आचार्य बालकृष्ण के मुताबिक ऐसा बिल्कुल भी नहीं करना चाहिए। दरअसल पालक में मौजूद कुछ पोषक तत्व पानी में घुलनशील होते हैं। ऐसे में जब पानी को निचोड़कर बाहर निकाला जाता है, तो विटामिन सी जैसे कुछ पोषक तत्व भी बाहर निकल सकते हैं। इतना ही नहीं इससे पालक का स्वाद भी फीका हो सकता है।

फिर क्या है सही तरीका?

आचार्य बालकृष्ण बताते हैं कि पालक के पानी को निचोड़कर बाहर निकालने के बजाए, धीमी आंच पर पकाकर उसके अतिरिक्त पानी को प्राकृतिक रूप से सूखने देना एक बेहतर विकल्प हो सकता है। इससे पालक में मौजूद पोषक तत्व बरकरार रहते हैं और उसका स्वाद भी बना रहता है।

पालक का साग बनाते हुए ये 3 बातें भी ध्यान रखें

  • पालक के पत्तों और डंठलों में काफी धूल-मिट्टी जमा रहती है। इसलिए साग-सब्जी बनाने से पहले इसे अच्छी तरह धोना बेहद जरूरी है। पालक के खराब पत्ते हटाकर दो से तीन बार साफ पानी में अच्छी तरह जरूर धोएं।
  • पालक को बहुत ज्यादा देर तक उबालने से बचें। ज्यादा उबालने से उसमें मौजूद कुछ पोषक तत्व कम हो सकते हैं। इसे सिर्फ इतना पकाएं कि पत्ते नर्म हो जाएं और आसानी से पीसे जा सकें।
  • हमेशा ताजी, हरी और साफ पत्तियों वाला पालक चुनें। मुरझाई हुई, पीली और खराब पत्तियों वाला पालक साग बनाने में इस्तेमाल ना करें। कोशिश करें कि खरीदने के तुरंत बाद ही साग बना लें, ज्यादा दिनों तक स्टोर ना करना पड़े।

पालक खाने के फायदे क्या हैं?

  • पालक विटामिन ए से भरपूर होता है, इसलिए आंखों के लिए काफी फायदेमंद माना जाता है।
  • पालक में आयरन के साथ-साथ विटामिन सी भी मौजूद होता है। विटामिन सी शरीर को प्लांट बेस्ड आयरन के अवशोषण में मदद करता है।
  • पालक में फाइबर भी पाया जाता है, जो पाचन को बेहतर बनाए रखने में मदद करता है।
  • पालक में एंटीऑक्सीडेंट्स और जरूरी पोषक तत्व मौजूद होते हैं, जो इम्यूनिटी बेहतर बनाने में मदद करते हैं।
  • पालक कोलेजन के निर्माण में भी मदद करता है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN