Home rss business hindi सोने की कीमतों में 25% से ज्यादा गिरावट, फिर भी Gold ETF...

सोने की कीमतों में 25% से ज्यादा गिरावट, फिर भी Gold ETF में निवेशकों की बढ़ रही दिलचस्पी, जानिए वजह?

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • सोने की कीमतों में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है
  • जनवरी 2026 में सोना 1.8 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया था, लेकिन इसके बाद कीमतों में 25 फीसदी से ज्यादा की गिरावट आ चुकी है
  • आज बुधवार को MCX पर सोना करीब 1.31 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास कारोबार कर रहा था

Gold Silver: सोने की कीमतों में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है। जनवरी 2026 में सोना 1.8 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया था, लेकिन इसके बाद कीमतों में 25 फीसदी से ज्यादा की गिरावट आ चुकी है। आज बुधवार को MCX पर सोना करीब 1.31 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास कारोबार कर रहा था। वहीं, अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने की कीमतों में तेज गिरावट देखने को मिली। आमतौर पर सोने के भाव गिरने पर निवेशकों की दिलचस्पी कम होने की उम्मीद रहती है, लेकिन इस बार तस्वीर कुछ अलग है। कीमतें गिरने के बावजूद निवेशक गोल्ड ETF में जमकर पैसा लगा रहे हैं। खास बात यह है कि गोल्ड ETF में जनवरी से अक्टूबर 2026 के बीच करीब 49,399 करोड़ रुपये का निवेश आया है। यह रकम पूरे साल 2025 में आए 42,961 करोड़ रुपये के निवेश से भी ज्यादा है। ऐसे में सवाल है कि जब सोने की कीमतें गिर रही हैं, तो निवेशक गोल्ड ETF में इतना पैसा क्यों लगा रहे हैं?

निवेश का मौका तलाश रहे निवेशक

वेल्थ मैनेजर्स के मुताबिक, निवेशक सोने की कीमतों में आई गिरावट को खरीदारी के मौके के तौर पर देख रहे हैं। कई निवेशक एक साथ बड़ी रकम लगाकर गोल्ड ETF खरीद रहे हैं, जबकि कुछ लोग हर हफ्ते या हर महीने SIP के जरिए धीरे-धीरे निवेश कर रहे हैं। इस तरीके का सबसे बड़ा फायदा यह है कि निवेशकों को एक ही कीमत पर पूरा निवेश नहीं करना पड़ता। अलग-अलग समय पर खरीदारी करने से सोने की औसत खरीद कीमत को संतुलित करने में मदद मिलती है। बाजार में उतार-चढ़ाव जारी रहने के कारण निवेशक एक साथ पूरा पैसा लगाने के बजाय धीरे-धीरे निवेश करना पसंद कर रहे हैं। अक्टूबर 2026 में गोल्ड ETF में करीब 3,474 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश आया। हालांकि, यह सितंबर में आए 4,451 करोड़ रुपये के रिकॉर्ड निवेश से कम था, लेकिन फिर भी यह सामान्य निवेश के मुकाबले काफी ज्यादा रहा। इससे साफ है कि सोने की कीमतों में गिरावट के बावजूद निवेशकों का भरोसा गोल्ड ETF पर बना हुआ है।

क्यों गिर रहे हैं सोने के दाम?

सोने की कीमतों में गिरावट के पीछे कई अंतरराष्ट्रीय वजहें हैं। सबसे बड़ी वजह अमेरिकी डॉलर का मजबूत होना और बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी है। इसके अलावा अमेरिका में ब्याज दरों को लेकर अनिश्चितता भी सोने की कीमतों पर दबाव बना रही है। दरअसल, जब डॉलर मजबूत होता है और बॉन्ड से मिलने वाला रिटर्न बढ़ता है, तो निवेशकों के लिए सोने के मुकाबले दूसरे निवेश विकल्प ज्यादा आकर्षक हो सकते हैं। सोने पर ब्याज नहीं मिलता, इसलिए ब्याज दरों में बढ़ोतरी की उम्मीद भी इसकी मांग को प्रभावित करती है।

एक्सपर्ट क्या कह रहे हैं?

टाटा एसेट मैनेजमेंट के कमोडिटीज फंड मैनेजर तपन पटेल के मुताबिक, मजबूत डॉलर, बढ़ती बॉन्ड यील्ड और केंद्रीय बैंकों की ब्याज दरों से जुड़ी नीतियों के कारण सोने की कीमतों पर दबाव बना हुआ है। हालांकि, उनका मानना है कि मौजूदा गिरावट निवेशकों को अपने पोर्टफोलियो में सोने की हिस्सेदारी बढ़ाने का मौका दे सकती है। उनके मुताबिक, लंबे समय के निवेशकों के लिए सोना पोर्टफोलियो का अहम हिस्सा बना रह सकता है। दुनिया भर के केंद्रीय बैंकों की ओर से सोने की खरीदारी, डॉलर पर निर्भरता कम करने की कोशिशें और अलग-अलग देशों के बीच बढ़ता तनाव भविष्य में सोने की कीमतों को सहारा दे सकते हैं। वहीं, मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के मानव मोदी के मुताबिक, अमेरिकी फेडरल रिजर्व के नए चेयरमैन केविन वार्श के नेतृत्व में ब्याज दरों को लेकर बदलती उम्मीदों ने भी सोने की कीमतों में आई हालिया गिरावट में भूमिका निभाई है।

एक साल से ज्यादा के निचले स्तर पर पहुंचा सोना

बुधवार को अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतों में करीब 2 फीसदी की गिरावट आई। मजबूत अमेरिकी डॉलर और ब्याज दरें बढ़ने की आशंका के चलते सोना सितंबर 2025 के बाद अपने सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया। इस दौरान स्पॉट गोल्ड करीब 1.9 फीसदी गिरकर 3,777.83 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। वहीं, दिसंबर डिलीवरी वाले अमेरिकी गोल्ड फ्यूचर में भी 2.2 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई और भाव 3,779.50 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN