Source :- LIVE HINDUSTAN
मुख्य बातें
- लेमन के रिसर्च हेड गौरव गर्ग ने सलाह दी कि लिस्टिंग के बाद शेयर में आई भारी तेजी को देखते हुए निवेशकों को इसके वैल्यूएशन पर ध्यान देना चाहिए
- बता दें कि पिछले महीने ही जियो की शेयर बाजार में एंट्री हुई थी
मुकेश अंबानी की टेलीकॉम कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड का आईपीओ जिन निवेशकों को अलॉट हुआ था, ये खबर उनके काम की हो सकती है। दरअसल, कंपनी के आईपीओ में पैसा लगाने वाले निवेशकों को अब तक 26 फीसदी से ज्यादा का रिटर्न मिल चुका है। चूंकि शेयर अपने आईपीओ प्राइस से काफी ऊपर ट्रेड कर रहा है, इसलिए निवेशकों के मन में मुख्य सवाल यह है कि क्या इस तेजी के आगे भी जारी रहने की गुंजाइश है। आइए एक्सपर्ट के अनुमान को जान लेते हैं।
क्या कहते हैं एक्सपर्ट?
लेमन के रिसर्च हेड गौरव गर्ग ने बताया कि लिस्टिंग के बाद से जियो प्लेटफॉर्म्स ने शानदार प्रदर्शन किया है। शेयर का इश्यू प्राइस 1119 रुपये था जबकि इसकी शुरुआत 1358 रुपये पर हुई और पहले ट्रेडिंग सेशन के अंत में यह 1419 रुपये पर बंद हुआ। गर्ग के अनुसार कंपनी के सितंबर तिमाही के नतीजे शानदार रहे हैं। उन्होंने बताया कि रेवेन्यू ग्रोथ की तुलना में एबिटा ग्रोथ का अधिक होना, बेहतर ऑपरेटिंग लीवरेज का संकेत है। जियो के 5G सब्सक्राइबर बेस का विस्तार, होम ब्रॉडबैंड बिजनेस और डिजिटल सर्विसेज पोर्टफोलियो आगे चलकर ग्रोथ के और मौके दे सकते हैं। टेलीकॉम टैरिफ में संभावित बढ़ोतरी से भी ARPU (प्रति यूजर औसत रेवेन्यू) और मुनाफे को सहारा मिल सकता है।
हालांकि, गर्ग ने सलाह दी कि लिस्टिंग के बाद शेयर में आई भारी तेजी को देखते हुए निवेशकों को इसके वैल्यूएशन पर ध्यान देना चाहिए। उनकी सलाह है कि जिन निवेशकों के पास पहले से शेयर हैं, वे मीडियम से लॉन्ग टर्म के नजरिए से होल्ड कर सकते हैं। वहीं, नए निवेशकों को मौजूदा तेजी में जल्दबाजी में खरीदारी करने से बचना चाहिए। वे बाजार में गिरावट आने पर किस्तों में निवेश करने पर विचार कर सकते हैं। टेक्निकल नजरिए से SAHI के हेड ऑफ रिसर्च गौरव अरोड़ा के अनुसार, शेयर के लिए 1385 रुपये का स्तर तत्काल सपोर्ट है जबकि 1435 रुपये पर रेजिस्टेंस है। अगर शेयर मजबूती के साथ 1435 रुपये के ऊपर निकलता है तो इसमें नई खरीदारी का संकेत मिल सकता है। वहीं, मौजूदा निवेशकों को 1385 रुपये के सपोर्ट लेवल पर नजर रखनी चाहिए।
जियो प्लेटफॉर्म्स की शेयर बाजार में एंट्री
बता दें कि 28 अक्टूबर 2026 को जियो प्लेटफॉर्म्स ने NSE और BSE पर शेयर बाजार में कदम रखा। यह भारत का अब तक का सबसे बड़ा पब्लिक इश्यू था। इसके शेयर 1358 रुपये के भाव पर लिस्ट हुए जो 1119 रुपये के इश्यू प्राइस से 21.36% ज्यादा था। यह 30,188 करोड़ रुपये का आईपीओ था। आईपीओ से मिली रकम का इस्तेमाल कंपनी की बैलेंस शीट को मजबूत करने के लिए भी किया गया है। जुटाई गई कुल राशि में से 27,500 करोड़ रुपये का उपयोग कंपनी की सब्सिडियरी, रिलायंस जियो इन्फोकॉम के कुछ बाहरी कमर्शियल कर्ज (ECB) को समय से पहले चुकाने के लिए किया गया है।
जियो प्लेटफॉर्म्स ने सितंबर 2026 तिमाही के लिए अपने कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट में सालाना आधार पर 13.7% की वृद्धि दर्ज की है, जो बढ़कर 8389 करोड़ रुपये हो गया है। ऑपरेशंस से होने वाला रेवेन्यू 11.4% बढ़कर 40475 करोड़ रुपये हो गया।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




