Source :- INDIATV NEWS

वित्तीय संकट का सामना कर रही एयरलाइन कंपनी स्पाइसजेट के बोर्ड ने बुधवार को कंपनी की वित्तीय स्थिति मजबूत करने के लिए 5500 करोड़ रुपये तक जुटाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। ये एयरलाइन कंपनी इस समय फाइनेंशियल और ऑपरेशन्स से जुड़ी कई तरह की चुनौतियों से जूझ रही है।
कहां पैसा खर्च करेगी कंपनी
स्पाइसजेट ने बुधवार को एक बयान में कहा कि बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की मीटिंग में संभावित नए इंवेस्टर्स के साथ इंवेस्ट को लेकर चल रही बातचीत की जानकारी दी गई। बयान के अनुसार, बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने कंपनी की फाइनेंशियल स्थिति को मजबूत करने, ऑपरेशन्स की क्षमता बढ़ाने और एयरलाइन को फिर से पटरी पर लाने के लिए 5500 करोड़ रुपये तक जुटाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है।
बोर्ड ने मैनेजमेंट को इस पूरे प्रोसेस को जल्द से जल्द पूरा करने की दिशा में काम करने के निर्देश भी दिए हैं। बयान के अनुसार, ”प्रस्तावित फंड्स जुटाने का प्रोसेस इक्विटी और अन्य वित्तीय माध्यमों से पूरा किया जा सकता है। हालांकि, इसके लिए जरूरी मंजूरियां लेनी होंगी।”
अधिकृत शेयर पूंजी 2000 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 7500 करोड़ रुपये करने के प्रस्ताव को भी मिली मंजूरी
इसके अलावा, बोर्ड ने कंपनी की अधिकृत शेयर पूंजी 2000 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 7500 करोड़ रुपये करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है। इसके लिए शेयरहोल्डरों और रेगुलेटरी मंजूरी लेनी होगी। स्पाइसजेट ने कहा कि वो बेहद चुनौतीपूर्ण माहौल में काम कर रहा है। भू-राजनीतिक घटनाक्रम और हवाई क्षेत्र पर लगी पाबंदियों से उसके ऑपरेशन्स पर बुरा असर पड़ा है।
विमानों की संख्या बढ़ाने और कामकाज से जुड़ी जरूरतें पूरी करने पर फोकस
कंपनी ने कहा, ”पिछले कुछ महीनों में ATF की कीमतें दोगुने से ज्यादा बढ़ गई हैं। इससे काम के खर्च में काफी बढ़ोतरी हुई है।” कंपनी के अनुसार, प्रस्तावित पूंजी जुटाने से उसे इन चुनौतियों से निपटने, वित्तीय स्थिति मजबूत करने, विमानों की संख्या बढ़ाने और कामकाज से जुड़ी जरूरतें पूरी करने में मदद मिलेगी।
बयान में कहा गया कि इससे कंपनी को अपना फ्लाइट नेटवर्क बहाल करने और कारोबार को ज्यादा मजबूत और टिकाऊ बनाने में भी मदद मिलेगी। स्पाइसजेट के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर अजय सिंह ने कहा कि फंड्स जुटाने से एयरलाइन कंपनी को फिर से खड़ा करने, परिचालन मजबूत करने और ब्रांड की प्रतिष्ठा को फिर से बहाल करने का महत्वपूर्ण मौका मिलेगा।
ये भी पढ़ें
एयर इंडिया एक्सप्रेस ने CFO दीपक राजावत को नियुक्त किया नया CEO, 1 दिसंबर से संभालेंगे पद
SOURCE : INDIATV NEWS




