Home rss business hindi सोने में मिलावट का बड़ा खेल! चीन का ‘पाउडर’ मिलाकर बढ़ा रहे...

सोने में मिलावट का बड़ा खेल! चीन का ‘पाउडर’ मिलाकर बढ़ा रहे वजन; 22 कैरेट बताकर बेचा जा रहा 20 कैरेट का गहना

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • Gold Adulteration Scam: चीन ने दुनिया में एक ऐसा मेटल भेजना शुरू कर दिया है, जिसे गोल्ड में मिला दो तो BIS वाले भी पकड़ नहीं सकते
  • एक ग्राम रेनियम पाउडर को 7.83 ग्राम 24 कैरेट सोने में मिलाया गया
  • इससे मिश्रण का कुल वजन 8.83 ग्राम हो गया
  • दावा है कि जांच में इस मिश्रण को 24 कैरेट सोना बताया गया

सोने की कीमतों में भारी गिरावट के बीच अब इसकी शुद्धता को लेकर भी बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। चीन ने दुनिया में एक ऐसा मेटल भेजना शुरू कर दिया है, जिसे गोल्ड में मिला दो तो BIS वाले भी पकड़ नहीं सकते। दैनिक भास्कर इन्वेटिगेशन की एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि सोने का वजन बढ़ाने के लिए उसमें रेनियम (Rhenium) जैसे भारी मेटल का पाउडर मिलाया जा रहा है। हैरानी की बात यह है कि मिलावट के बावजूद सोने की कुछ जांचों में इसकी शुद्धता 24 कैरेट तक बताई गई। रिपोर्ट के मुताबिक चीन से इस पाउडर की सप्लाई और भारत के कई शहरों में इसके डीलरों का नेटवर्क होने का दावा किया गया है।

1 ग्राम पाउडर मिलाकर बढ़ाया 7.83 ग्राम सोने का वजन

रिपोर्ट के मुताबिक, जांच के दौरान चीन के शेनझेन में स्थित एक एजेंट से संपर्क किया गया। एजेंट ने दावा किया कि उसकी कंपनी रेनियम पाउडर बनाती है और भारत के कई शहरों में उसके डीलर हैं। मुंबई के एक डीलर के जरिये एक ग्राम रेनियम पाउडर का सैंपल हासिल किया गया।

इसके बाद जोधपुर के एक जौहरी के साथ प्रयोग किया गया। रिपोर्ट के मुताबिक, एक ग्राम रेनियम पाउडर को 7.83 ग्राम 24 कैरेट सोने में मिलाया गया। इससे मिश्रण का कुल वजन 8.83 ग्राम हो गया। दावा है कि जांच में इस मिश्रण को 24 कैरेट सोना बताया गया।

इसके बाद जौहरी ने इसमें दूसरी धातु मिलाकर 22 कैरेट की ज्वेलरी तैयार की। रिपोर्ट के अनुसार, हॉलमार्किंग सेंटर ने भी इसे 22 कैरेट प्रमाणित कर दिया, जबकि इसकी वास्तविक सोने की मात्रा महज 81.73 फीसद थी। यानी इसकी शुद्धता करीब 20 कैरेट के बराबर थी।

जांच में यह भी दावा किया गया कि मिलावट वाली इस ज्वेलरी को कई शोरूम और टेस्टिंग सेंटरों में जांच के दौरान शुद्धता के मानकों पर खरा पाया गया। हालांकि, यह निष्कर्ष जांच में इस्तेमाल किए गए सैंपल पर आधारित है। इससे यह साबित नहीं होता कि सभी हॉलमार्किंग सेंटर या जांच मशीनें रेनियम की मिलावट पकड़ने में नाकाम हैं।

रुथेनियम, इरिडियम और ऑस्मियम से भी मिलावट का दावा

दूसरी ओर मिंट की एक रिपोर्ट में मध्य प्रदेश के इंदौर के सराफा बाजार में भी सोने में भारी धातुओं की मिलावट को लेकर चिंता जताई गई है। कारोबारियों के मुताबिक, सोने का वजन बढ़ाने के लिए उसमें रुथेनियम, इरिडियम और ऑस्मियम जैसी धातुएं मिलाई जा रही हैं।

इन धातुओं का घनत्व सोने से अधिक होता है। ऐसे में पारंपरिक एसिड और टचस्टोन टेस्ट से मिलावट पकड़ना मुश्किल हो सकता है। कारोबारियों ने ‘गोल्ड पाउडर’ नाम से बिकने वाले एक पदार्थ को लेकर भी चिंता जताई है, जिसकी सप्लाई महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल के रास्ते भारतीय बाजारों में होने की बात कही गई है। हालांकि, इसके चीन में बनने की आशंका की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

हॉलमार्किंग सिस्टम पर भी उठे सवाल

सोने की शुद्धता जांचने वाली व्यवस्था को लेकर नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) की ड्राफ्ट रिपोर्ट में भी गंभीर सवाल उठाए गए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, वित्त वर्ष 2024-25 में रजिस्टर्ड 81 फीसद ज्वेलर्स का निरीक्षण नहीं किया गया।

इसके अलावा, भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) अपने मान्यता प्राप्त अस्सेइंग एंड हॉलमार्किंग सेंटरों की निगरानी का लक्ष्य भी पूरा नहीं कर पाया। इसमें 43.7 फीसद की कमी रही। BIS ने इसके पीछे कर्मचारियों की कमी और दूरदराज के इलाकों से सैंपल जुटाने में आने वाली दिक्कतों को वजह बताया था। हालांकि, CAG ने इस स्पष्टीकरण को स्वीकार नहीं किया।

कैसे पकड़ सकते हैं सोने में मिलावट?

विशेषज्ञों के मुताबिक, सोने की शुद्धता जांचने के लिए केवल पारंपरिक एसिड टेस्ट या टचस्टोन टेस्ट पर निर्भर रहना पर्याप्त नहीं हो सकता। एक्स-रे फ्लोरेसेंस (XRF) एनालिसिस और इलेक्ट्रॉन माइक्रोस्कोपी जैसी आधुनिक तकनीकों से सोने में मौजूद दूसरी धातुओं की पहचान करने में मदद मिल सकती है। ग्राहकों को BIS हॉलमार्क और HUID नंबर वाली ज्वेलरी खरीदनी चाहिए। साथ ही विश्वसनीय जौहरी से खरीदारी करने और पक्का बिल व GST इनवॉयस लेने का ध्यान रखना चाहिए।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN